नई दिल्ली. दिवाली के अवसर पर शेयर बाजार में होने वाले विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग थोड़ी देर में शुरू होने वाली है. ट्रेडर्स इस एक घंटे के सत्र में शेयर खरीदना शुभ मानते हैं. यदि आपने अब तक अपनी मुहूर्त शॉपिंग लिस्ट तय नहीं की है तो मशहूर ब्रोकरेज हाउस आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज (ICICI Securities) के बताए मजबूत फंडामेंटल वाले इन 5 स्टॉक्स में दांव लगा सकते हैं. ब्रोकरेज को उम्मीद है कि नए संवत में ये शेयर निवेशकों को जोरदार मुनाफा देंगे.
ब्रोकरेज ने स्टेनलेस स्टील पाइप और ट्यूब बनाने वाली कंपनी वीनस पाइप्स (Venus Pipes and Tubes) शेयर में इस मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में दांव लगाने की सलाह दी है. घरेलू बाजार में सीमलेस पाइप सेगमेंट में कंपनी की करीब 10 फीसदी बाजार हिस्सेदारी है. कंपनी की कुल क्षमता 48,000 टन है. अब कंपनी पारंपरिक पाइप कारोबार के साथ डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और न्यूक्लियर पावर जैसे सेक्टर्स में कदम बढ़ा रही है.
2340 रुपये तक जा सकता है शेयर
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी को एक बड़ी डेटा सेंटर फर्म से ₹185 करोड़ का लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) मिला है. आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने वीनस पाइप्स शेयर का टारगेट प्राइस ₹2,340 रुपये तय किया है. यह इसके करंट प्रासइ से 34 फीसदी ज्यादा है.
नियोजेन केमिकल्स से मोटे मुनाफे की उम्मीद
स्पेशियलिटी ब्रोमीन और लिथियम बेस्ड केमिकल्स बनाने वाली कंपनी नियोजेन केमिकल्स (Neogen Chemicals) शेयर में भी पैसा लगाने की सलाह आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने दी है. फार्मा, एग्रोकेमिकल्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बैटरी मटीरियल क्षेत्र की प्रमुख सप्लायर नियोजेन जापानी दिग्गजों मित्सुबिशी (Mitsubishi) और मोरिटा (Morita) के साथ मिलकर लिथियम बैटरी सामग्री बनाना के लिए ₹1,795 करोड़ खर्च करने की योजना बना रही है. कंपनी ने हाल ही में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए ₹600 करोड़ जुटाए हैं. ब्रोकरेज ने नियोजेन केमिकल्स शेयर पर ₹2,765 का टारगेट प्राइस दिया है. यह करंट प्राइस से 32 फीसदी ज्यादा है.
इन्फोएज दे सकता है 28% रिटर्न
इन्फो एज (Info Edge) भी आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज की दिवाली पिक्स में शामिल है. ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के कोर बिजनेस आईटी सेक्टर में हायरिंग की सुस्ती के बावजूद शानदार मजबूती दिखा रहा है. FY26 में नौकरी का रेवेन्यू 13.7 फीसदी बढ़ा, जबकि FY27 की पहली छमाही में बिलिंग्स में 14.9 फीसदी की ठोस वृद्धि दर्ज हुई है. कंपनी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बड़ा दांव खेला है. ब्रोकरेज का मानना है कि डिजिटल रिक्रूटमेंट में कंपनी का दबदबा बरकरार रहेगा. आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने शेयर के लिए ₹1,530 का टारगेट प्राइस दिया है.
ईथोस शेयर में पैसा लगाने की सलाह
लग्जरी वॉच रिटेलर कंपनी ईथॉस (Ethos) भी आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ‘बाय लिस्ट’ में शामिल है. कंपी के देशभर में 102 प्रीमियम बुटीक हैं और यह 85 से ज्यादा ग्लोबल ब्रांड्स की घड़ियां बेचती है. वित्त वर्ष 2021 से 2026 के बीच कंपनी के एवरेज सेलिंग प्राइस (ASP) में हर साल औसतन 16 फीसदी का इजाफा हुआ है.
ब्रोकरेज फर्म का अनुमान है कि FY26 से FY29 के बीच कंपनी का रेवेन्यू 27 फीसदी सीएजीआर (CAGR) की रफ्तार से बढ़ेगा. प्रीमियम वॉच मार्केट में मोनोपॉली जैसी स्थिति को देखते हुए ब्रोकरेज ने शेयर के लिए ₹3,180 का टारगेट प्राइस तय किया है.
अपोलो माइक्रो सिस्टम्स
डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस्ड मिसाइल हार्डवेयर बनाने वाली अपोलो माइक्रो सिस्टम्स (Apollo Micro Systems) के पास 700 से अधिक इन-हाउस टेक्नोलॉजीज हैं. यह 150 से ज्यादा स्वदेशी रक्षा कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदार है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 61 फीसदी उछल है. सितंबर 2026 तक कंपनी के पास ₹1,765 करोड़ की मजबूत ऑर्डर बुक थी. ब्रोकरेज ने अपोलो माइक्रो सिस्टम्स शेयर को ₹485 का टारगेट प्राइस दिया है.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)