Last Updated:
Lakhisarai Police Attacked: लखीसराय के बालगुदर गांव में छापेमारी करने गई नगर थाना पुलिस पर असामाजिक तत्वों और ग्रामीणों ने पथराव कर दिया. इस घटना में नगर थाना के एसआई समेत एक महिला पुलिसकर्मी और तीन पुरुष सिपाही मामूली रूप से घायल हो गए. पथराव में पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
हमले में घायल एसआई त्रिभुवन ठाकुर.
पटना. बिहार के लखीसराय जिले से एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आई है. रविवार सुबह बालगुदर गांव में छापेमारी करने गई नगर थाना पुलिस की टीम पर असामाजिक तत्वों और ग्रामीणों ने अचानक जानलेवा पथराव कर दिया. इस हिंसक हमले में नगर थाना के सब-इंस्पेक्टर (SI) त्रिभुवन ठाकुर का सिर फट गया है. इसके अलावा एक महिला पुलिसकर्मी सहित तीन पुरुष सिपाही भी मामूली रूप से जख्मी हो गए हैं. उपद्रवियों ने पुलिस की दो गाड़ियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है. घटना के बाद लखीसराय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल के साथ पूरे गांव में सर्च ऑपरेशन चलाकर अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जुआ और शराब की गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना पुलिस को तड़के यह गुप्त सूचना मिली थी कि बालगुदर गांव के सहनी टोला में बड़े पैमाने पर असामाजिक तत्वों द्वारा शराब का धंधा और जुए का खेल खेला जा रहा है. इसी इनपुट के आधार पर नगर थाना पुलिस की एक टीम तड़के सहनी टोला पहुंची थी. लेकिन जैसे ही पुलिस की गाड़ियां वहां पहुंची, जुआ खेल रहे और शराब के धंधे से जुड़े असामाजिक तत्वों ने पुलिस को देखकर हंगामा खड़ा कर दिया. देखते ही देखते उन्होंने ग्रामीणों को भड़काया और पुलिस टीम को घेरकर उन पर ईंट-पत्थरों की बरसात शुरू कर दी.
एसआई का फटा सिर, सदर अस्पताल में इलाज जारी
अचानक हुए इस पथराव से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला. हमले में एसआई त्रिभुवन ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया. वहीं पुलिस टीम में शामिल महिला पुलिसकर्मी रुचि कुमारी, सिपाही अमित कुमार और जितेंद्र कुमार भी पत्थरों की चपेट में आने से घायल हो गए. इसके साथ ही उपद्रवियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर पुलिस के दो वाहनों के शीशे और बॉडी को पूरी तरह तोड़ दिया. घटना के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत लखीसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
भारी पुलिस बल की तैनाती, 12 उपद्रवी पुलिस की गिरफ्त में
हमले की खबर मिलते ही लखीसराय नगर थाना समेत कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त बल तुरंत बालगुदर गांव के सहनी टोला पहुंचे. भारी संख्या में पुलिस बल को देखकर उपद्रवियों में भगदड़ मच गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से पथराव और हमले में शामिल कुल 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. लखीसराय पुलिस प्रशासन का कहना है कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी जारी है.