नैनीताल: उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में इस बार दिवाली का त्योहार पर्यटन कारोबारियों के लिए उम्मीद के मुताबिक खुशियां नहीं लेकर आया. आमतौर पर दीपावली के दौरान पर्यटकों से गुलजार रहने वाले नैनीताल के होटल, बाजार और पर्यटन स्थल इस बार काफी हद तक सूने नजर आ रहे हैं, पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटल कारोबारियों ने कमरों के किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट दी, लेकिन इसके बावजूद सैलानियों की आमद में कोई खास इजाफा नहीं हुआ है. पर्यटन कारोबारियों के मुताबिक, इस बार दिवाली के दौरान पर्यटकों की संख्या घटकर करीब 10 प्रतिशत तक सिमट गई. इसका सीधा असर होटल व्यवसाय के साथ ही बोटिंग, टैक्सी, रेस्टोरेंट और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबारियों पर पड़ा है.
नैनीताल में दिवाली का समय आमतौर पर पर्यटन कारोबार के लिहाज से बेहतर माना जाता है. खासकर छुट्टियों और वीकेंड के आसपास होटल कारोबारियों को अच्छी बुकिंग मिलने की उम्मीद रहती है. इस बार भी कारोबारियों ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कमरों के किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट दी गई थी. इसके बावजूद होटल खाली रह गए और बुकिंग उम्मीद से काफी कम रही. हालात ऐसे रहे कि पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए त्योहार के दौरान खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया.
नाव कारोबारियों को भी लगा बड़ा झटका
नैनीताल नाव मालिक समिति के सचिव नरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस बार दिवाली वीकेंड पर होने के कारण उन्हें अच्छे कारोबार की उम्मीद थी, लेकिन पर्यटकों की संख्या काफी कम रही. उन्होंने बताया कि इस बार बोटिंग का कारोबार 20 प्रतिशत से भी कम रहा है. ऐसे में नाव मालिकों के लिए दीपावली के दौरान होने वाले खर्चों को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा है. उन्होंने पर्यटकों की कम आमद के पीछे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक रीलों और नैनीताल पहुंचने में पर्यटकों को हो रही परेशानियों को प्रमुख वजह बताया. उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर नैनीताल को लेकर कई तरह की गलत जानकारियां प्रसारित होती हैं, जिससे पर्यटक यहां आने से पहले ही असमंजस में पड़ जाते हैं. वहीं, शहर तक पहुंचने में होने वाली दिक्कतें भी पर्यटकों की यात्रा को प्रभावित कर रही हैं.
गुजराती पर्यटकों की बुकिंग भी नहीं
नैनीताल स्थित होटल हैप्पी होम के जनरल मैनेजर राजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हर साल दिवाली के दौरान होटल कारोबार अच्छा रहता था. खासतौर पर इस समय गुजरात से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचते थे, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल अलग हैं. उन्होंने बताया कि इस बार गुजराती पर्यटकों की एक भी बुकिंग नहीं मिली है. होटल में महज दो से तीन कमरे ही बुक हैं, जबकि अधिकांश कमरे खाली पड़े हैं. उन्होंने पर्यटन कारोबार में आई गिरावट के लिए पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि कैंची धाम में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किए जाने की बात सामने आई, लेकिन रजिस्ट्रेशन कब से शुरू होगा और इसकी प्रक्रिया क्या होगी, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. इससे पर्यटकों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने बताया कि हर वीकेंड पुलिस की ओर से नया ट्रैफिक प्लान और डायवर्जन जारी किया जाता है.
इससे पर्यटक नैनीताल आने से पहले ही असमंजस में पड़ जाते हैं. उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से संचालित की जा रही हैं. नैनीताल में भी पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्थाएं बनाने की जरूरत है, जिससे लोगों को बिना परेशानी के यहां पहुंचने का मौका मिल सके.
हर हफ्ते ट्रैफिक प्लान पर उठे सवाल
नैनीताल होटल रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि इस बार शहर में 20 प्रतिशत भी पर्यटक नहीं पहुंचे हैं. शहर की पार्किंग खाली पड़ी हैं और होटलों में भी कमरे खाली हैं. उन्होंने कहा कि हर सप्ताह पुलिस की ओर से ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया जाता है, जिससे पर्यटकों और कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. उनका कहना है कि जब शहर में पर्यटकों की संख्या अधिक होती है, तब ट्रैफिक डायवर्जन करना जरूरी है, लेकिन जब पर्यटक और श्रद्धालु ही नैनीताल नहीं पहुंच रहे हैं, तब हर सप्ताह डायवर्जन प्लान जारी करने का कोई औचित्य नहीं है. इससे पर्यटन कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
त्योहारी सीजन में मायूसी, पर्यटन कारोबारियों को अब आगे की उम्मीद
दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर नैनीताल में पर्यटकों की कम आमद ने पर्यटन कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. होटल व्यवसायियों से लेकर नाव मालिकों और टैक्सी संचालकों और छोटे कारोबारियों तक सभी को इस सीजन से काफी उम्मीदें थीं. लेकिन भारी छूट और बेहतर कारोबार की तैयारियों के बावजूद पर्यटकों की कमी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. कारोबारियों का मानना है कि नैनीताल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केवल ट्रैफिक प्लान बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि पर्यटकों को स्पष्ट जानकारी, सुगम यातायात और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है.