शादी के डेढ़ साल में उजड़ा परिवार! पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप, रितेश ने दे दी जान

शादी के डेढ़ साल में उजड़ा परिवार! पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप, रितेश ने दे दी जान


Last Updated:

Sidhi News: मृतक के पिता ने बताया कि 28 अक्टूबर 2026 को उनका बेटा रितेश साकेत अपनी पत्नी खुशबू साकेत को मायके से वापस लाने के लिए ससुराल गया था. आरोप है कि वहां पत्नी और उसके माता-पिता ने रितेश के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और प्रताड़ित किया. इसके बाद वह निराश होकर वापस घर लौट आया. घर पहुंचने के बाद रितेश ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया.

Zoom

रितेश और खुशबू की शादी 3 मार्च 2025 को हुई थी.

रिपोर्ट- हरीश द्विवेदी, सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी में वैवाहिक विवाद का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पत्नी को मायके से वापस लाने गया युवक जिंदगी से ही हार गया. आरोप है कि पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर रितेश साकेत ने जहर का सेवन कर लिया. गंभीर हालत में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक के पिता ने अपनी बहू और उसके माता-पिता पर बेटे को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की बात कह रही है.

यह पूरा मामला सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र का है. मृतक रितेश साकेत की शादी 3 मार्च 2025 को खुशबू साकेत के साथ धूमधाम से हुई थी. परिवार को उम्मीद थी कि शादी के बाद बेटे की जिंदगी खुशियों से भरेगी लेकिन आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते यह विवाद दोनों परिवारों तक पहुंच गया. मृतक के पिता का आरोप है कि बहू खुशबू साकेत ने उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य शिकायतों को लेकर पुलिसिया कार्रवाई करवाई थी. इसके बाद से ही रितेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था.

घर लौटकर खाया जहर
मृतक के पिता के मुताबिक, 28 अक्टूबर को रितेश अपनी पत्नी खुशबू को मायके से वापस लाने के लिए ससुराल गया था. आरोप है कि वहां पत्नी और उसके माता-पिता ने रितेश के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और प्रताड़ना की. इसके बाद वह निराश होकर वापस घर लौट आया. परिजनों का कहना है कि घर पहुंचने के बाद रितेश ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया लेकिन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे रितेश को बचाया नहीं जा सका.

परिवार का आरोप
परिवार का आरोप है कि बेटे की वैवाहिक जिंदगी में लगातार बढ़ते विवाद, पुलिसिया कार्रवाई और सामाजिक बदनामी के दबाव ने उसे भीतर तक तोड़ दिया था. पिता का दावा है कि पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर ही रितेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया. फिलहाल एक परिवार का चिराग बुझ चुका है और पिता अपने जवान बेटे को खोने के गम में न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है. मामले में जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परौहा का कहना है कि जहर सेवन से युवक की मौत हुई है. मामले में पुलिस जांच कर रही है. जो भी साक्ष्य और तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

वैवाहिक विवाद का दुखद परिणाम
फिलहाल जमोड़ी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. अब बड़ा सवाल यह है कि रितेश की मौत के पीछे आखिरकार क्या परिस्थितियां थीं. क्या वाकई वैवाहिक विवाद और कथित प्रताड़ना ने उसे इस हद तक तोड़ दिया था कि उसने अपनी जिंदगी समाप्त करने का फैसला कर लिया या फिर इस पूरे घटनाक्रम में कोई और पहलू भी है. इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस जांच और सामने आने वाले साक्ष्यों से ही मिल पाएंगे लेकिन इस घटना ने एक बार फिर वैवाहिक विवादों के गंभीर और दुखद परिणामों को सामने ला दिया है.

(डिस्क्लेमर: अगर आप या आपका कोई परिचित शख्‍स ड‍िप्रेशन में है और मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का व‍िचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोश‍िश कर रहा है, तो ये एक बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन नंबर 18002333330 पर संपर्क करें ताक‍ि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)



Source link