Kota News: कोटा में छाए तिरंगे वाले दीपक, भगवा-सफेद-हरे रंग से जगमगाएगी दिवाली

Kota News: कोटा में छाए तिरंगे वाले दीपक, भगवा-सफेद-हरे रंग से जगमगाएगी दिवाली


कोटा. दीपोत्सव की शुरुआत धनतेरस से ही शुरू हो चुकी है और इस पांच दिवसीय दीपोत्सव पर शहर की गलियों और बाजारों में दीपावली की रौनक बिखरने के साथ हर तरफ रंगीन झालरों की जगमग और देसी मिट्टी के दीयों की सौंधी महक माहौल को त्योहारमय बना रही है. कोटा शहर के स्टेशन क्षेत्र, छावनी, नयापुरा, घंटाघर, रामपुरा, तलवंडी, महावीर नगर सहित शहर के प्रमुख बाजारो में मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी हैं.

कुम्हारों के द्वारा बने दुकानों पर मिट्टी के दीये, मटकी, कलश और धान की बालियों से बनी समृद्धि की झालरें लोगों का मन मोह रही हैं. दीपावली पर मिट्टी के दीपकों की परंपरा को बनाए रखने के लिए कोटा और आसपास के गांवों से कुम्हार परिवार हुनर के साथ बाजार में कुछ अलग ही दीपकों को लेकर उतरे हैं. मिट्टी के दीयों से घरों के साथ मंदिरों को भी रोशन किया जाएगा. साथ ही दीपदान की परंपरा के तहत ओर भी घरों को उजियारा देने का संकल्प कोटावासी निभा रहे हैं.

तिरंगा दीपक अभियान’ से कुम्हारों को सहारा

बाजार की इसी रौनक के बीच कोटा में एक अनूठा अभियान कुम्हारों की लुप्त होती कला को बचाने का प्रयास कर रहा है. डॉ. दुर्गाशंकर सैनी इस बार ‘तिरंगा दीपक अभियान’ चला रहे हैं. उन्होंने बताया कि अभियान की तैयारी में 10 दिन से ज्यादा का समय लगा. इसके तहत तीन रंगों के दीपक तैयार करवाए गए हैं, भगवा दीपक भारतीय संस्कृति का, सफेद दीपक शांति का और हरा दीपक समृद्धि व किसानों के विकास का प्रतीक है. डॉ. सैनी के अनुसार ये दीपक दीपावली पर कोटा के प्रमुख संगठनों और घरों में निशुल्क वितरित किए जाएंगे. दीपकों में मोम भी भरवाया गया है, ताकि उन्हें जलाने में आसानी रहे, उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे किसी भी कुम्हार के घर जाकर मिट्टी के दीपक खरीदें, ताकि कुम्हार परिवारों के घर भी दीपावली की रोशनी पहुंच सके.

12 साल से जारी है अभियान

डॉ. सैनी करीब 12 साल से यह अभियान चला रहे हैं, वे स्वयं कुम्हारों के घर पहुंचते हैं और चाक पर बैठकर उनका उत्साहवर्धन करते हैं. उन्होंने बताया कि आधुनिक दौर में लोग फैशन को पसंद करते हैं, इसलिए दीपकों में आधुनिकता का पुट देते हुए छोटे और रंगीन दीपक बनवाए गए हैं. इससे पहले मल्टी कलर, भगवा और सादा दीपक अभियान भी चलाए जा चुके हैं. दीपक बनाने की प्रक्रिया लंबी और मेहनत भरी है. कुम्हार पहले बाहर से मिट्टी मंगाते हैं, जो आजकल एक बड़ी समस्या बनी हुई है. मिट्टी को गलाकर आटे की तरह गूंथा जाता है, फिर चाक पर दीपक, मटकी और अन्य बर्तन बनाए जाते हैं. इन्हें सुखाकर भट्टी में पकाया जाता है और फिर रंग-रोगन कर बाजार में उतारा जाता है.

डॉ. सैनी ने बताया कि उन्होंने 5,100 दीपकों का ऑर्डर दिया था, जिनमें से 2,100 दीपक कुम्हारों ने तैयार करके दिए हैं. एक कुम्हार दिन में करीब 1,000 दीपक बना पाता है, लेकिन उन्हें तैयार होने में पांच दिन लग जाते हैं. बरसात हो जाए तो सूखने में दो दिन अलग से लगते हैं. इसके बाद भट्टी और रंगाई की प्रक्रिया होती है. इतनी मेहनत के बावजूद उन्हें पूरा मेहनताना नहीं मिल पाता, इसी कारण नई पीढ़ी इस काम से दूर हो रही है. डॉ. सैनी ने कहा कि पिछले 12 साल के प्रयासों से लोगों का रुझान कुम्हारों की ओर बढ़ा है, लेकिन मेहनताना अब भी बहुत कम है. उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि भारतीय कारीगरों और कुम्हारों की कला को प्रोत्साहित करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाएं.



Source link