Last Updated:
पचमढ़ी के प्रियदर्शिनी व्यू पॉइंट पर बंदर से बैग वापस लेने के लिए सुरक्षा रेलिंग पार करना नागपुर के 52 वर्षीय शिक्षक को भारी पड़ गया. 150 फीट गहरी खाई में गिरने से उनकी मौत हो गई.
यह तस्वीर एआई से बनाई गई है.
भोपाल. मध्य प्रदेश के फेमस टूरिस्ट प्लेस पचमढ़ी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां प्रियदर्शिनी व्यू पॉइंट पर बंदर से अपना बैग वापस लेने की कोशिश में 52 साल के शिक्षक की करीब 150 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई. मृतक की पहचान नागपुर निवासी विजय नायक के रूप में हुई है. वह स्कूल के बच्चों और अन्य शिक्षकों के साथ पचमढ़ी घूमने आए थे. विजय करीब 20 स्कूली बच्चों और अन्य शिक्षकों के समूह के साथ पचमढ़ी की सैर पर आए थे. उनके पिता भी इस यात्रा में शामिल थे.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे सभी लोग प्रियदर्शिनी सनराइज व्यू प्वाइंट पर सूर्योदय देखने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान एक बंदर अचानक विजय नायक का बैग छीनकर भाग गया. अपना बैग वापस लेने के लिए विजय सुरक्षा रेलिंग पार कर बंदर के पीछे दौड़ पड़े. इसी दौरान चट्टान के किनारे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 150 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरे.
3 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची रेस्क्यू टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया. घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू टीम को करीब 3 किलोमीटर का रास्ता दुर्गम पहाड़ी इलाके से पैदल तय करना पड़ा. करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने शिक्षक को तलाश लिया. सुबह लगभग 9:30 बजे स्ट्रेचर की मदद से उनके शव को खाई से बाहर निकाला गया.
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे के बाद विजय नायक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद परिजन शव लेकर नागपुर रवाना हो गए. मृतक का अंतिम संस्कार नागपुर में हुआ. इस हादसे परिवार सदमे में हैं.