Last Updated:
Jhunjhunu Deepotsav Tradition: जब त्योहारों की खुशियां धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर मनाई जाती हैं, तो सामाजिक एकता की खूबसूरत तस्वीर सामने आती है. राजस्थान के झुंझुनूं स्थित कमरूद्दीन शाह दरगाह में छोटी दिवाली पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला. यहां मुस्लिम परिवारों ने दरगाह में दीपक जलाकर करीब ढाई सौ साल पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाया. पूरे परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया. महिलाओं और बच्चों ने दरगाह की दहलीज पर दीपक जलाए और आतिशबाजी कर दिवाली मनाई. दरगाह के गद्दीनशीन एजाज नबी ने बताया कि यह परंपरा कमरूद्दीन शाह और चंचलनाथ नाम के दो संतों की दोस्ती से जुड़ी है. आज भी दरगाह और चंचलनाथ टीले के बीच आपसी प्रेम और धार्मिक सद्भाव का रिश्ता कायम है. उर्स से लेकर रोजा इफ्तार तक दोनों समुदाय एक-दूसरे के आयोजनों में शामिल होते हैं.
राजस्थान के झुंझुनूं स्थित कमरूद्दीन शाह दरगाह में छोटी दिवाली पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला
झुंझुनूं. देश के अलग-अलग हिस्सों में जब त्योहारों को लेकर धार्मिक पहचान और परंपराओं पर बहस होती है, तब राजस्थान के झुंझुनूं से सांप्रदायिक सौहार्द की एक ऐसी मिसाल सामने आती है, जो समाज को आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है. यहां छोटी दिवाली पर मुस्लिम समुदाय के लोग कमरूद्दीन शाह दरगाह में दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाते हैं. खास बात यह है कि यह परंपरा आज से नहीं, बल्कि पिछले करीब 250 वर्षों से लगातार चली आ रही है. पीढ़ियां बदल गईं, वक्त बदल गया, लेकिन दरगाह में दीप जलाने की यह परंपरा आज भी उसी उत्साह के साथ कायम है.
छोटी दिवाली की शाम कमरूद्दीन शाह दरगाह का नजारा देखने लायक रहा. दरगाह परिसर को रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजाया गया. शाम होते ही पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा. मुस्लिम समाज के लोग अपने परिवारों के साथ दरगाह पहुंचे. महिलाओं और बच्चों ने दरगाह की दहलीज सहित परिसर में अलग-अलग जगहों पर दीपक और मोमबत्तियां जलाकर खुशियां मनाईं. बच्चों में दीपोत्सव को लेकर खास उत्साह नजर आया. उन्होंने एक-दूसरे को हैप्पी दिवाली कहकर शुभकामनाएं दीं और आतिशबाजी कर त्योहार का आनंद लिया.
250 साल से कायम है दीप जलाने की परंपरा
कमरूद्दीन शाह दरगाह के गद्दीनशीन एजाज नबी ने बताया कि दरगाह में पिछले करीब 250 वर्षों से अधिक समय से दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है. दीपावली के अवसर पर यहां दो से तीन दिनों तक विशेष रोशनी की जाती है. छोटी दिवाली पर दीपक जलाकर पूरे दरगाह परिसर को रोशन किया जाता है. उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल दीपावली मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और धार्मिक सद्भाव की उस विरासत का हिस्सा है, जिसे यहां के लोग पीढ़ियों से संजोते आ रहे हैं.
दो संतों की दोस्ती से जुड़ी है परंपरा
एजाज नबी ने बताया कि करीब 250 साल पहले कमरूद्दीन शाह और चंचलनाथ नाम के दो संत हुए थे. दोनों के बीच गहरी मित्रता और आपसी प्रेम था. उनकी दोस्ती की मिसाल आज भी झुंझुनूं में दी जाती है. इसी ऐतिहासिक रिश्ते के चलते कमरूद्दीन शाह दरगाह और चंचलनाथ टीले के बीच धार्मिक सद्भाव और भाईचारे की परंपरा कायम है. उन्होंने बताया कि जब भी दरगाह में उर्स या अन्य बड़े आयोजन होते हैं, तब चंचलनाथ टीले के महंत ओमनाथ महाराज सहित दूसरे संत भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचते हैं. इन आयोजनों में कव्वाली के साथ भजनों के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. इसी तरह चंचलनाथ टीले पर होने वाले रोजा इफ्तार के आयोजन में मुस्लिम समाज के लोग भी शामिल होते हैं. दरगाह के गद्दीनशीन एजाज नबी और अन्य लोग भी टीले पर आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचकर अपनी सहभागिता निभाते हैं.
बच्चों को भी मिल रही भाईचारे की सीख
इस परंपरा की सबसे खास बात यह है कि इसमें नई पीढ़ी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है. मुस्लिम परिवार अपने बच्चों के साथ दरगाह पहुंचते हैं. बच्चे दीपक जलाते हैं और आतिशबाजी कर दिवाली की खुशियां मनाते हैं. इस तरह बचपन से ही उन्हें दूसरे धर्मों के त्योहारों का सम्मान करने और सभी की खुशियों में शामिल होने की सीख मिल रही है. झुंझुनूं की कमरूद्दीन शाह दरगाह में जलने वाले ये दीपक सिर्फ दीपावली की रोशनी नहीं हैं, बल्कि करीब ढाई सदियों से चली आ रही गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक एकता की पहचान हैं. यह परंपरा बताती है कि त्योहारों की असली खूबसूरती एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होने और मिल-जुलकर रहने में है.