Last Updated:
Muhurat Trading Time Table : आज दिवाली के मौके पर शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी. पहले शाम के समय यह विशेष सत्र आयोजित होता था, लेकिन अब इसका समय बदलकर दोपहर को कर दिया है. दिन के समय ट्रेडिंग होने से ट्रेडर्स और बाजार कर्मियों को शाम को परिवार के साथ दिवाली मनाने का पर्याप्त समय मिल जाता है.
आज शेयर बाजार बंद है लेकिन दोपहर को विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र होगा.
नई दिल्ली. दिवाली के मौके पर शेयर बाजार में वैसे तो छुट्टी रहती है, लेकिन मार्केट मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए कुछ समय के लिए खुलता है. इस बार भी पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर को ही होगी. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के सर्कुलर्स के अनुसार, आज, 8 नवंबर को दोपहर 2:20 बजे से लेकर 3:30 बजे तक मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र चलेगा.
शेयर बाजार में दोपहर 1:50 बजे से 2:05 बजे तक संस्थागत और बड़े सौदों के लिए ब्लॉक डील सत्र आयोजित होगा. 2:05 से 2:10 बजे तक निवेशक लिमिट और मार्केट, दोनों प्रकार के ऑर्डर दर्ज कर सकेंगे. 2:10 से 2:15 तक केवल लिमिट ऑर्डर लिए जाएंगे. 2:15 से 2:17 तक ऑर्डर्स की मैचिंग होगी और ट्रेड कन्फर्मेशन पूरा किया जाएगा. 2:17 से 2:20 तक बफर पीरियड रहेगा. इसके बाद 2:20 बजे नियमित ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी.
IPO, रिलिस्टेड और इलिक्विड शेयर
मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र में नए आईपीओ (IPO) और दोबारा सूचीबद्ध होने वाली सिक्योरिटीज के लिए अलग व्यवस्था होगी. विशेष प्री-ओपन सत्र दोपहर 2:05 बजे से 2:50 बजे तक चलेगा. मुख्य ट्रेडिंग दोपहर 3:05 बजे से 3:30 बजे होगी. एनएसई पर कम लिक्विडिटी वाली सिक्योरिटीज के लिए कॉल ऑक्शन दोपहर 2:25 बजे से 3:10 बजे तक होगा.
क्लोजिंग ऑक्शन और सेटलमेंट नियम
क्लोजिंग ऑक्शन सत्र (CAS) के दायरे में आने वाली सिक्योरटिीज में नियमित कारोबार दोपहर 3:15 बजे ही रुक जाएगा, जिसके बाद 3:20 बजे तक रेफरेंस प्राइस निकाला जाएगा. क्लोजिंग ऑक्शन के लिए ऑर्डर 3:20 बजे से 3:30 बजे के बीच लिए जाएंगे और ट्रेड कन्फर्मेशन 3:35 बजे तक पूरा होगा. पोस्ट-क्लोज सत्र शाम 3:50 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा.