Diwali 2026: बीकानेर में छोटी दीपावली पर क्यों गूंजता है ‘वाह बन्नाटी वाह’, 250 साल पुरानी परंपरा का जानें रहस्य

Diwali 2026: बीकानेर में छोटी दीपावली पर क्यों गूंजता है ‘वाह बन्नाटी वाह’, 250 साल पुरानी परंपरा का जानें रहस्य


Last Updated:

Bikaner Diwali Bannati Tradition: दीपावली पर जहां देशभर में दीप जलाकर खुशियां मनाई जाती हैं, वहीं बीकानेर में छोटी दीपावली की रात आग के साथ एक अनोखा खेल देखने को मिलता है. शहर के बारह गुवाड़ चौक में होने वाला बन्नाटी प्रदर्शन करीब ढाई सौ साल पुरानी परंपरा है. इसमें कलाकार जलती हुई बन्नाटी को हाथों से घुमाकर ऐसे करतब दिखाते हैं कि देखने वाले रोमांचित हो उठते हैं. बन्नाटी के दोनों सिरों पर आग के गोले जलते हैं और उनके घूमने से निकलने वाली लपटें पूरे चौक को रोशन कर देती हैं. इस आयोजन में सात बन्नाटियों के जरिए प्रदर्शन किया जाता है. इसे तैयार करने में बांस की छह फीट लंबी लकड़ी, सूती कपड़े, लोहे की चादर और मूंगफली के तेल का इस्तेमाल होता है. करीब 8 से 10 किलो वजनी बन्नाटी को तैयार करने में कई दिन लगते हैं. ‘बोलो वाह बन्नाटी वाह’ के उद्घोष के बीच यह परंपरा बीकानेर की अलग पहचान बन चुकी है.

बीकानेर. अपनी अनूठी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के लिए दुनियाभर में पहचान रखने वाले बीकानेर में दीपावली का पर्व खास अंदाज में मनाया जाता है. यहां त्योहारों के साथ सदियों पुरानी परंपराएं भी जीवंत हो उठती है. ऐसी ही एक परंपरा है दीपावली से एक दिन पहले छोटी दीपावली की रात बारह गुवाड़ चौक में होने वाला बन्नाटी खेल. आग के साथ किए जाने वाले इस हैरतअंगेज प्रदर्शन को देखने के लिए शहर के कोने-कोने से लोग पहुंचते हैं. खास बात यह है कि इस परंपरा में अब केवल युवा ही नहीं, बल्कि बच्चे, बुजुर्ग और युवतियां भी उत्साह से भाग लेती है.

करीब 250 साल पुरानी इस परंपरा में कलाकार जलती हुई बन्नाटी को अपने हाथों से घुमाकर अलग-अलग कलात्मक और साहसिक प्रदर्शन करते हैं. बन्नाटी के दोनों सिरों पर जलते आग के गोले जब तेजी से घूमते हैं तो आग की लपटें और उनसे निकलने वाली सरसराहट की आवाज दर्शकों को रोमांचित कर देती है. इस दौरान पूरा चौक ‘बोलो वाह बन्नाटी वाह’ के सामूहिक उद्घोष से गूंज उठता है.

250 साल से निभाई जा रही है परंपरा

ईशर दास छंगाणी ने बताया कि बन्नाटी खेलने की परंपरा करीब 250 साल से चली आ रही है. इसके लिए करीब 15 दिन पहले से तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं. खेल शुरू होने से पहले बन्नाटी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है. इसके बाद सात बन्नाटियों के माध्यम से आग के साथ साहसिक प्रदर्शन किया जाता है. यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि बीकानेर की सांस्कृतिक पहचान और आपसी प्रेम-भाईचारे का प्रतीक भी है. ईश्वर दास ने बताया कि बन्नाटी तैयार करना भी अपने आप में एक खास प्रक्रिया है. इसे बनाने में बांस की लकड़ी, सूती वस्त्र, मूंगफली का तेल, लोहे की चादर, छोटी कीलें, लोहे का पतला तार और सफेद मिट्टी का इस्तेमाल किया जाता है.

बन्नाटी को 36 घंटे तक मूंगफली के तेल में भिगोकर रखा जाता है

इसके लिए करीब छह फीट लंबी बांस की लकड़ी ली जाती है. इसके दोनों सिरों पर लगभग एक-एक फीट तक लोहे की चादर को गोल आकार में कीलों की मदद से लगाया जाता है. इसके बाद सूती धोती से तैयार किए गए कोड़ों को छह या आठ की संख्या में बांस के दोनों सिरों पर कील और तार की सहायता से बांधा जाता है. तैयार बन्नाटी को करीब 36 घंटे तक मूंगफली के तेल में भिगोकर रखा जाता है. इसके बाद इसे तेल से निकालकर कुछ समय के लिए छोड़ दिया जाता है और दोनों सिरों पर सफेद मिट्टी का लेप किया जाता है. इस पूरी प्रक्रिया के बाद बन्नाटी प्रदर्शन के लिए तैयार होती है. इसका वजन करीब 8 से 10 किलो तक होता है. वे बताते हैं कि छोटी दीपावली की रात जब बन्नाटी के दोनों सिरों पर आग लगाई जाती है तो पूरा माहौल रोमांच से भर जाता है. खिलाड़ी इसे अलग-अलग अंदाज में घुमाते हुए अपना हुनर दिखाते हैं. जलते हुए आग के गोले हवा में घूमते हैं और उनकी रोशनी से पूरा चौक जगमगा उठता है.



Source link