दीवाली पर मध्य प्रदेश का आसमान रहेगा साफ, सभी जिलों के मौसम का पूरा अपडेट

दीवाली पर मध्य प्रदेश का आसमान रहेगा साफ, सभी जिलों के मौसम का पूरा अपडेट


जबलपुर. मध्य प्रदेश में बीते दिनों ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ चक्रवात का असर देखने को मिला. बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवातों की वजह से राज्य में नम हवा का प्रभाव बना हुआ था. आंधी-बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. कई जगहों पर सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान भी हुआ. एमपी, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, और ओडिशा के प्रभावित इलाकों में सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई थी. फिलहाल स्थिति सामान्य है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया है. प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, तो न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.

मौसम विभाग के अनुसार आज सभी जिलों में आसमान साफ रहेगा. किसी भी जिले में आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं है. राजधानी भोपाल में भी आज मौसम साफ रहेगा. आंधी-बारिश के कोई आसार नहीं हैं. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे सर्दी का अहसास बढ़ता जाएगा. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस खजुराहो (छतरपुर) में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री करौंदी (कटनी) में रिकॉर्ड हुआ. बीते कुछ दिनों में प्रदेश में सबसे कम तापमान करौंदी में ही दर्ज किया गया है.

मध्य प्रदेश में 100 दिन सक्रिय रहा मानसून
मौसम विभाग ने अक्टूबर माह की शुरुआत में ही बताया था कि इस पूरे महीने गर्मी, सर्दी और बरसात का ट्रेंड बना रहेगा, जैसा कि देखने को भी मिला. प्रदेश में इस साल मानसून 100 दिन सक्रिय रहा. इस दौरान कुछ जिलों में जहां बारिश का कोटा पूरा हो गया, तो वहीं कई जिले वर्षा के औसत आंकड़े को भी नहीं छू पाए.

बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.

2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए निश्चित नींद का समय निर्धारित करें और पर्याप्त आराम करें.

3. दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं.

4. दिन के समय ठंडक बनाए रखने के लिए हल्के, हवादार और आरामदायक सूती कपड़े पहनें. सुबह-शाम की हल्की ठंड के लिए अपने पास एक हल्की चादर या जैकेट रखें.

5. मानसून के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खासकर सुबह और शाम के समय मच्छर भगाने वाली क्रीम, जाली या मच्छरदानी का उपयोग करें.

6. दिल की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को ठंड के मौसम में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और हृदय के लिए स्वस्थ आहार का सेवन और योग, व्यायाम आदि करते रहें.

7. बदलते मौसम के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें. मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.



Source link