Last Updated:
मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक बेटे को उसकी मम्मी ने मोबाइल चलाने की वजह से डांट दिया. इसके बाद वह नाराज होकर अपने कमरे में चला गया, जहां बाद में उसका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है.
मां ने मोबाइल चलाने से किया मना, तो बेटे ने उठाया खौफनाक कदम
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा शहर के अनंतपुर इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. खेल एवं योग विभाग के प्रोफेसर रामबहोर मिश्र के 13 साल के इकलौते बेटे ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इसके बाद से ही हड़कंप मच गया. बच्चे की पहचान छोटू मिश्र के रूप में हुई है. वह 8वीं क्लास का छात्र था.
मां ने मोबाइल चलाने से किया मना
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्चा मोबाइल पर गेम खेल रहा था. मां ने उसे मोबाइल चलाने से मना करते हुए डांट लगाई, जिससे नाराज होकर वह अपने कमरे में चला गया. करीब आधे घंटे बाद परिजनों ने उसे फंदे पर लटका पाया. कई मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा भी दावा किया गया है कि बच्चा धनतेरस अपने परिवार से इलेक्ट्रिक स्कूटी दिलाने की जिद कर रहा था. उसके काफी दोस्तों के पास ऐसी स्कूटी थी.
जब परिवार ने उसे स्कूटी नहीं दिलाई, तो वह अपने कमरे में चला गया और खौफनाक कदम उठा लिया. अब घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. विश्वविद्यालय परिसर में भी शोक का माहौल है. परिजनों की तरफ से कहा गया है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बेटा ऐसा कदम उठा लेगा.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस बच्चे के मोबाइल फोन और इंटरनेट से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच कर रही है. घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल बच्चे की मौत का असली कारण क्या है. पुलिस इसकी जांच कर रही है. दूसरी तरफ पुलिस ने बॉडी का पोस्टमार्टम करवा दिया है और शव को परिजनों को सौंप दिया है.
(सुसाइड को रोका जा सकता है। मदद के लिए कृपया सुसाइड प्रिवेंशन हेल्पलाइन पर कॉल करें: नेहा सुसाइड प्रिवेंशन सेंटर – 044-24640050; सुसाइड प्रिवेंशन, इमोशनल सपोर्ट और ट्रॉमा हेल्प के लिए आसरा हेल्पलाइन – +91-9820466726; किरण, मेंटल हेल्थ रिहैबिलिटेशन – 1800-599-0019, दिशा 0471- 2552056, मैत्री 0484 2540530, और स्नेहा की सुसाइड प्रिवेंशन हेल्पलाइन 044-24640050।)