81 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क, पीपा पुल से भी बड़ा फायदा; CM ने रख दी नींव

81 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क, पीपा पुल से भी बड़ा फायदा; CM ने रख दी नींव


Last Updated:

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 81 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनने वाली सड़क की नींव रख दी है. यह सड़क चित्रकूट धाम और गुप्त गोदावरी को आपस में जोड़ेगी. इससे लोगों को फायदा होगा और उनका समय भी बचेगा. इसके अलावा सीएम ने नए बने पीपा पुल का लोकार्पण भी किया. इससे अब नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे जाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा.

Zoom

पीपा पुल से बड़ा फायदा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ओरछा और सतना के चित्रकूट के दौरे थे. जहां उन्होंने विकास कार्यों का जायजा लिया. इसके अलावा 81 करोड़ से बनने वाली सड़क की नींव भी रखी. इस दौरान सीएम ने बच्चों को उपहार बांटे और उन्होंने मंदाकिनी नदी में दीपदान भी किया. बाद में वह दुकानदारों से भी मिले. सीएम ने कहा कि हमारे देश में नागरिकों के लिए तीर्थाटन की दृष्टि से धार्मिक महत्व के स्थानों पर ध्यान दिया जाता है. भारतीय संस्कृति की यही विशेषता है कि ऐसे स्थानों पर आने से सभी के मनोभाव पावन हो जाते हैं.

सीएम ने सड़क का किया भूमिपूजन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक 81.17 करोड़ से बनने वाली फोरलेन सड़क का भूमि पूजन किया. इसी के साथ सड़क बनने का शुभारंभ भी हो गया. यह सड़क श्रद्धालुओं के सफर को काफी आसान बनाएगी. इसके अलावा उन्होंने नए बने पीपा पुल का लोकार्पण किया.

चित्रकूट में बनेगा वनवासी राम लोक
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज रूप चौदस का पावन दिन है. हम सब दीपावली का पर्व हर्ष और उल्लास से मना रहे हैं. हमारे पर्व सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पहचान हैं. मध्य प्रदेश सरकार चित्रकूट सहित प्रदेश के अलग-अलग धार्मिक स्थलों का विकास कर रही है. उज्जैन के महाकाल लोक की तरह ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक का निर्माण किया जाएगा.

सीएम मोहन यादव ने कहा कि चित्रकूट में भगवान राम ने अपने वनवास काल के 11 साल से ज्यादा समय बिताया. यह भगवान राम की तपोभूमि है. भगवान श्री कृष्ण ने मध्य प्रदेश के ही उज्जैन में गुरु ज्ञान प्राप्त किया. ओंकारेश्वर में जगतगुरु शंकराचार्य जी को उनके गुरु मिले और उन्हें ज्ञान प्राप्त हुआ. इस नाते मध्य प्रदेश भारत के प्राचीन युग में हुई प्रमुख घटनाओं और गौरवशाली व्यक्तित्वों की शिक्षा और कर्मभूमि है.

सीएम ने श्रद्धालुओं को बांटी मिठाई
मुख्यमंत्री ने भगवान कामतानाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा अर्चना की. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को मिठाई बांटी और शुभकामनाएं दी. मुख्यमंत्री ने सड़क के किनारे दीपदान के लिए दीपक बेचने वाले बच्चों से बातचीत की और दीपक खरीदे. फिर मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और चिकित्सा के लिए बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का जायजा लिया.

मुख्यमंत्री यादव ने कामतानाथ भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद आमजन से संवाद किया. उन्होंने साथ सडक के किनारे चाय की दुकान पर सहजता से कुल्हड़ वाली चाय पी. उन्होंने दुकान पर चाय भी बनाई. चाय के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से चर्चा की.



Source link