Last Updated:
रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2 का सफर भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन शो की फर्स्ट रनर-अप रहीं प्रियंका चाहर चौधरी अपने फैंस के प्यार से अभी भी पूरी तरह भावुक हैं. शो के फिनाले के बाद प्रियंका ने सोशल मीडिया पर अपनी ‘पलटन’ यानी फैंस के नाम एक लंबा-चौड़ा इमोशनल नोट शेयर किया है. इस पोस्ट में उन्होंने टॉवर के अंदर बिताए अपने उतार-चढ़ाव वाले दिनों को याद करते हुए दर्शकों के सपोर्ट के प्रति दिल से आभार जताया है.
प्रियंका चाहर चौधरी ने फैंस पर लुटाया प्यार. (फोटो साभार: Instagram@priyankachaharchoudhary)
नई दिल्ली. रियालिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2 का हाल ही में फिनाले हुआ. इस दौरान प्रियंका चाहर चौधरी फर्स्ट रनर-अप बनीं. अब उन्होंने शो में अपने इस सफर को याद करते हुए फैंस के लिए एक बेहद खास मैसेज शेयर किया है. सोशल मीडिया पर अपनी ‘पलटन’ के नाम लिखे भावुक पोस्ट में प्रियंका ने इस पूरे अनुभव को अपनी जिंदगी के सबसे यादगार पलों में से एक बताया. इसके साथ ही प्रियंका ने शो के दौरान मिले दर्शकों के बेपनाह प्यार के लिए भी शुक्रिया अदा किया.
उन्होंने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, ‘इस सफर ने मुझे हंसी, आंसू, चुनौतियां, खूबसूरत यादें और ऐसे पल दिए, जिन्होंने मुझे ऐसे तरीकों से परखा जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी.’ प्रियंका ने बताया कि टॉवर में बिताए समय के दौरान कुछ दिन ऐसे थे, जब वह खुद को बेहद मजबूत महसूस करती थीं, जबकि कुछ दिनों में वह पूरी तरह खोई हुई महसूस करती थीं.’
प्रियंक चाहर ने फैंस को सपोर्ट के लिए कहा शुक्रिया
अपनी ‘पलटन’ का हमेशा साथ देने के लिए धन्यवाद करते हुए उन्होंने लिखा, ‘इन सबके बीच यह जानना कि आप सभी मेरे साथ खड़े हैं, मुझे ऐसी ताकत देता रहा, जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती. मुझे केवल टीवी स्क्रीन पर दिखने वाले व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि उससे आगे भी समझने के लिए धन्यवाद. मेरी खामोशियों को समझने, मेरी खुशियों का जश्न मनाने, मेरे कठिन समय में मेरे साथ खड़े रहने और मेरे हर रूप को प्यार देने के लिए आपका धन्यवाद.’
प्रियंका चाहर चौधरी ने फैंस को बताई अपनी ताकत
प्रियंका चाहर ने आगे कहा कि वह इस सफर पर जीतने की उम्मीद के साथ निकली थीं, लेकिन उन्हें इससे भी कहीं ज्यादा कीमती चीज मिली, और वह हैं उनके फैंस. उन्होंने लिखा, ‘आप सब मेरी ताकत, मेरा सहारा और कई मायनों में उस घर के बाहर मेरा परिवार बन गए. नतीजा चाहे जो भी रहा हो, मुझे सच में लगता है कि मैंने ऐसी चीज जीत ली है जिसे कोई भी ट्रॉफी कभी नहीं बदल सकती और वो है आपका प्यार.’
प्रियंका चाहर ने फैंस पर लुटाया प्यार
प्रियंका ने अपने फैंस से हमेशा खुद पर विश्वास बनाए रखने की अपील भी की. उन्होंने अपने संदेश के अंत में लिखा, ‘याद रखिए पलटन, यह सफर भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन मुझे पता है कि यह आने वाली कई खूबसूरत चीजों की सिर्फ शुरुआत है. अपना प्यार, भरोसा और वही ऊर्जा बनाए रखिए. मैं आप सभी से उतना ज्यादा प्यार करती हूं जितना शब्दों में नहीं कह सकती.’