Last Updated:
Budhi Diwali In Uttarakhand: पूरे भारत देश में दिवाली का त्योहार 8 नवंबर को मनाया जा रहा है. वहीं भारत के एक प्रदेश उत्तराखंड के कुछ इलाके ऐसे हैं, जहां दिवाली के एक दिन बाद ये त्योहार मनाया जाता है. इसके पीछे का कारण जान आप हैरान हो जाएंगे. आइए इस मान्यता के पीछे जुड़ी कहानी जानते हैं.
बूढ़ी दिवाली उत्तराखंड
देहरादून: देशभर में इन दिनों दीपावली का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, हर तरफ रोशनी और आतिशबाजी की चमक है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में कुछ इलाके ऐसे भी हैं, जहां इस मुख्य दिवाली के ठीक एक महीने बाद दिवाली मनाने का रिवाज है. उत्तराखंड के जौनसार-बावर, रंवाई-जौनपुर और हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों में एक महीने बाद बूढ़ी दिवाली मनाई जाती है.
एक तरफ जहां पूरा देश दिवाली की खुशियों में डूबा है, वहीं जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर, रवांई जौनपुर, उत्तरकाशी और हिमाचल के सिरमौर इलाकों में एक महीने बाद दिवाली मनाई जाएगी, जिसे बुढ़ी दिवाली भी कहा जाता है. इन इलाकों में इस लोकपर्व की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. पांच दिनों तक चलने वाले इस महात्सव की रंगत इतनी अनूठी होती है कि देश के अलग-अलग कोनों में नौकरी कर रहे लोग भी अपने पैतृक गांव लौटने लगते हैं.
ऐसे मनाई जाती है बुढ़ी दिवाली
स्थानीय महिला गीता चौहान ने बताया कि इन पर्वतीय क्षेत्रों में मनाई जाने वाली बुढ़ी दिवाली की प्राचीन संस्कृति और परंपराएं देखकर हर कोई हैरान रह जाएगा. पांच दिनों के इस पर्व में बिमल की लकड़ी से बनी मशालें जलाई जाती हैं, तो वहीं पंचायती आंगन में अखरोट फेंककर प्रसाद बांटा जाता है. उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण होता है, काठ का हाथी और हिरन नृत्य, जिस पर गांव का मुखिया राजा की तरह सवार होकर नाचता है.
दो प्रमुख मान्यताएं
वहीं इतिहासकार श्रीचंद शर्मा ने कहा कि जानकारों की मानें तो दिवाली एक महीने बाद मनाने के पीछे दो प्रमुख मान्यताएं हैं. पहली यह कि भगवान राम के अयोध्या लौटने की खबर दुर्गम पहाड़ियों तक एक महीने देरी से पहुंची थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने मशालें जलाकर जश्न मनाया था. दूसरा कारण यह है कि इस समय ग्रामीण खेतों की कटाई-मड़ाई के काम में व्यस्त रहते हैं, जिसे निपटाने के बाद ही वे पूरी तन्मयता से त्योहार मनाते हैं. 8 नवंबर को जब पूरा देश दिवाली मनाएगा, तो वहीं जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर सहित कई इलाके अपनी सदियों पुरानी अनूठी संस्कृति को संजोए एक महीने बाद के जश्न का बेसब्री से इंतजार कर रहा है.