Last Updated:
मुंबई के आजाद मैदान में रणवीर सिंह की फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. एमसीए ने आपत्ति जताई, जिस पर फिल्ममेकर हंसल मेहता ने अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि टीम के पास सभी जरूरी अनुमतियां थीं.
फिल्म ‘प्रलय’ एक ‘सर्वाइवल थ्रिलर’ है. (फोटो साभार: Instagram@khamkhaphotoartist)
नई दिल्ली: मुंबई के आजाद मैदान में रणवीर सिंह की फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग पर विवाद हुआ. विवाद तब शुरू हुआ, जब मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने मैदान पर छह घंटे की शूटिंग पर आपत्ति जताई. उनका दावा है कि इस वजह से पहले से तय इंटर-स्कूल क्रिकेट मैच टालने पड़े. एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि जिस जगह का इस्तेमाल युवा क्रिकेटर प्रैक्टिस और टूर्नामेंट के लिए करते हैं, वहां कमर्शियल फिल्म की शूटिंग की इजाजत कैसे दी जा सकती है. अब विवाद पर फिल्ममेकर हंसल मेहता ने रिएक्शन दिया है.
शूटिंग की मंजूरी लेने पर आती हैं कई दिक्कतें
हंसल ने कहा कि असल बड़ी समस्या मुंबई में फिल्म शूटिंग के लिए मंजूरी लेने का जटिल प्रोसेस है. उन्होंने बताया कि फिल्ममेकरओं को अक्सर एक ही लोकेशन के लिए कई अलग-अलग विभागों के चक्कर काटने पड़ते हैं. वे आगे कहते हैं, ‘बड़ी समस्या यह है. मुंबई भारतीय सिनेमा का घर है, लेकिन अब यह शूटिंग के लिए सबसे मुश्किल शहर बन गया है. एक ही लोकेशन के लिए कई डिपार्टमेंट से मंजूरी लेनी पड़ती है. हर विभाग का अपना प्रोसेस है, अपनी देरी है और उनके पास शूटिंग रोकने की भी ताकत है. यहां तक कि जब आपके पास सभी अनुमतियां हों, तब भी आपके साथ ऐसा बर्ताव किया जाता है जैसे आप बिना इजाजत कहीं घुस आए हो.’
दूसरे स्टेट पर फिल्म शूट करने को मजबूर फिल्ममेकर
हंसल मेहता का मानना है कि अनुमति लेने में दिक्कतों की वजह से फिल्ममेकर अब दूसरे राज्यों में जाकर शूटिंग करने के लिए मजबूर हो रहे हैं. तमाम आलोचना के बावजूद हंसल मुंबई से इमोशनल लेवल पर जुड़े हुए हैं, इसलिए शहर में फिल्में बनाना जारी रखना चाहते हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अनुमति देने से पहले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से कोई सलाह नहीं ली गई, जबकि मैदान और उसकी पिचों के रखरखाव की जिम्मेदारी उन्हीं की है. ‘प्रलय’ एक ‘सर्वाइवल थ्रिलर’ है, जिसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं और इसमें रणवीर सिंह अहम भूमिका में हैं. तबाही के बाद के मुंबई पर बनी फिल्म एक ऐसे शहर की कहानी है, जो जॉम्बी के खतरे का सामना कर रहा है.