गेहूं की जगह करें इन 5 सब्जियों की खेती, पहले महीने से ही होने लगेगी कमाई
Last Updated:
Vegetable for winter farming : अगर आप रबी सीजन में इस बार गेहूं की जगह कुछ और उगाना चाहते हैं, तो कन्फ्यूज होने की जरूरत नहीं है. किसान भाई गेहूं की जगह पालक, मेथी, धनिया, सोया और शिमला मिर्च की खेती कर सकते हैं. इनमें से कई सब्जियां कम समय में तैयार हो जाती हैं और बाजार में इनकी मांग भी खूब रहती है. लोकल 18 से गोंडा के कृषि वैज्ञानिक डॉ. राम लखन सिंह बताते हैं कि पत्तेदार सब्जियां कम समय में तैयार हो जाती हैं. इनकी कटाई के बाद किसान उसी खेत में तरबूज और खरबूजे की खेती भी कर सकते हैं. पालक की खेती में एक एकड़ में 10 से 15 हजार रुपये की लागत आती है. करीब 150 क्विंटल तक उत्पादन मिल सकता है.
गोंडा. अगर आप भी हर साल गेहूं की खेती करते हैं, तो इस बार कुछ अलग करके ज्यादा कमाई कर सकते हैं. किसान भाई गेहूं की जगह पालक, मेथी, धनिया, सोया और शिमला मिर्च की खेती कर सकते हैं. इनमें से कई सब्जियां कम समय में तैयार हो जाती हैं और बाजार में इनकी मांग भी बनी रहती है. ऐसे में किसान कम समय में अपनी फसल बेचकर अच्छी आमदनी कर सकते हैं. लोकल 18 से गोंडा के कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. राम लखन सिंह बताते हैं कि किसान भाई इस बार गेहूं की बुवाई करने के बजाय पालक, मेथी, धनिया, सोया और शिमला मिर्च की खेती कर सकते हैं. इन सब्जियों की खेती से किसानों को गेहूं की अपेक्षा अच्छा लाभ मिल सकता है. पत्तेदार सब्जियां कम समय में तैयार हो जाती हैं. इनकी कटाई के बाद किसान उसी खेत में तरबूज और खरबूजे की खेती भी कर सकते हैं. अगेती फसल तैयार होने पर बाजार में अच्छे दाम मिलने की संभावना रहती है.
डेढ़ महीने में तैयार
कृषि वैज्ञानिक डॉ. राम लखन सिंह बताते हैं कि पालक की खेती में एक एकड़ में लगभग 10 से 15 हजार रुपये की लागत आती है. इससे करीब 150 क्विंटल तक उत्पादन मिल सकता है. पालक की फसल लगभग डेढ़ महीने में तैयार हो जाती है. यदि किसान को 1,000 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिलता है, तो 150 क्विंटल उत्पादन के हिसाब से करीब डेढ़ लाख रुपये की बिक्री हो सकती है.
शिमला मिर्च की खेती कितनी कमाई
शिमला मिर्च की खेती भी किसानों के लिए अच्छा विकल्प है. इसकी खेती में एक हेक्टेयर में लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये की लागत आती है. इससे करीब 400 क्विंटल तक उत्पादन मिल सकता है. बाजार में शिमला मिर्च का भाव लगभग 2,500 से 3,000 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल सकता है. इसकी फसल तैयार होने में लगभग 3 से 4 महीने का समय लगता है.
एक महीने में धनिया तैयार
धनिया की खेती भी कम समय में अच्छी आमदनी देने वाली फसल है. कृषि वैज्ञानिक डॉ. राम लखन सिंह के अनुसार धनिया की फसल लगभग एक महीने में तैयार हो जाती है. मेथी और सोया की फसल भी करीब डेढ़ महीने में तैयार हो जाती है. किसान भाई गेहूं की जगह इन फसलों की बुवाई करके कम समय में अपनी आमदनी शुरू कर सकते हैं.
कटाई के बाद क्या
डॉ. राम लखन सिंह बताते हैं कि पालक, मेथी, धनिया और सोवा जैसी पत्तेदार सब्जियों की कटाई के बाद किसान उसी खेत में तरबूज और खरबूजे की खेती कर सकते हैं. इससे किसान एक ही खेत से कम समय में दो फसलें लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं. किसान भाई अपनी जमीन, पानी की उपलब्धता और बाजार की मांग को ध्यान में रखकर इन सब्जियों का चुनाव कर सकते हैं.