दरगाह में दिवाली का जश्न, 250 साल से जल रहे दीये, मुस्लिम परिवार आतिशबाजी कर दे रहा भाईचारे का संदेश

दरगाह में दिवाली का जश्न, 250 साल से जल रहे दीये, मुस्लिम परिवार आतिशबाजी कर दे रहा भाईचारे का संदेश


झुंझुनूं: देशभर में जब दीपावली का पर्व रोशनी और खुशियों के साथ मनाया जाता है, तब झुंझुनूं में एक ऐसी अनूठी परंपरा देखने को मिलती है, जो धर्म और मजहब की सीमाओं से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे का संदेश देती है. शहर स्थित कमरूद्दीन शाह की ऐतिहासिक दरगाह में हर साल दीपावली के अवसर पर दीये जलाए जाते हैं. यहां मुस्लिम समुदाय के लोग न केवल दरगाह को रोशनी से सजाते हैं.

परिवार सहित दीपावली की खुशियों में शामिल होकर आतिशबाजी भी करते हैं. बच्चे और बड़े एक-दूसरे को ‘हैप्पी दिवाली’ कहकर शुभकामनाएं देते हैं. करीब ढाई सौ साल से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा झुंझुनूं की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सद्भाव की खूबसूरत पहचान बन चुकी है.

छोटी दीपावली से शुरू हो जाता है रोशनी का उत्सव
कमरूद्दीन शाह दरगाह के गद्दीनसीन एजाज नबी के अनुसार, दरगाह में दीपावली मनाने की परंपरा करीब 250 साल से भी अधिक पुरानी है. राजस्थान में यह एक अनूठी परंपरा है, जिसे यहां के लोग आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभा रहे हैं. परंपरा के मुताबिक, छोटी दीपावली के दिन मुस्लिम समुदाय के लोग दरगाह परिसर में दीपक जलाकर रोशनी करते हैं. वहीं मुख्य दीपावली पर हिंदू भाइयों के साथ मिलकर त्योहार की खुशियां साझा करते हैं. इस आयोजन में हर उम्र के लोग भाग लेते हैं और आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश देते हैं.

दीयों और एलईडी की रोशनी से जगमगाया दरगाह परिसर
दीपावली की पूर्व संध्या पर कमरूद्दीन शाह की दरगाह को रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजाया गया. दरगाह का पूरा परिसर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा. मुस्लिम परिवारों की महिलाएं, पुरुष और बच्चे एक साथ पहुंचे और दरगाह की दहलीज पर मोमबत्तियां व मिट्टी के दीये जलाए. दीपों की रोशनी से पूरा परिसर दीपावली के रंग में रंग गया. बच्चों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया. उन्होंने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और आतिशबाजी कर त्योहार का आनंद लिया. यहां का नजारा इस बात की मिसाल बना कि त्योहारों की खुशियां किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं होतीं.

दरगाह के उर्स में पहुंचते हैं संत, टीले पर होती है इफ्तार दावत
कमरूद्दीन शाह दरगाह और चंचलनाथ टीले के बीच आपसी सद्भाव का रिश्ता केवल दीपावली तक सीमित नहीं है. गद्दीनसीन एजाज नबी बताते हैं कि दरगाह में उर्स के बड़े आयोजन के दौरान चंचलनाथ टीले के महंत ओमनाथ महाराज सहित आसपास के संत यहां पहुंचते हैं. इस दौरान कव्वाली के साथ भजनों के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. इसी तरह जब चंचलनाथ टीले पर कोई बड़ा धार्मिक आयोजन होता है तो एजाज नबी सहित मुस्लिम समुदाय के लोग भी वहां पहुंचते हैं. टीले पर रमजान के महीने में रोजा इफ्तार की दावत भी आयोजित की जाती है, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल होते हैं. दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यह परंपरा आपसी सम्मान और भाईचारे को मजबूत करती है.

दो संतों की दोस्ती ने रखी थी कौमी एकता की नींव
इस अनूठी परंपरा के पीछे करीब ढाई सौ साल पुरानी दो दोस्तों की कहानी जुड़ी है. मान्यता और स्थानीय परंपरा के अनुसार, उस दौर में कमरूद्दीन शाह और चंचलनाथ नाम के दो संतों के बीच गहरी मित्रता थी. दोनों एक-दूसरे के धर्म और आस्था का सम्मान करते थे. उनकी इसी दोस्ती और आपसी सद्भाव की विरासत आज भी दोनों धार्मिक स्थलों के माध्यम से आगे बढ़ रही है. यही वजह है कि दरगाह और चंचलनाथ टीले पर होने वाले आयोजनों में दोनों समुदायों के लोग एक-दूसरे के साथ खड़े नजर आते हैं.

दीपावली मनाने हर साल झुंझुनूं आते हैं परिवार
दरगाह में दीपावली मनाने पहुंचे कई मुस्लिम परिवारों का कहना है कि वे हर साल इस परंपरा का हिस्सा बनने के लिए खास तौर पर यहां आते हैं. उनके लिए दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सम्मान और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है. दरगाह में जलते दीये, बच्चों की आतिशबाजी और एक-दूसरे को दी जाने वाली शुभकामनाएं इस बात का संदेश देती हैं कि समाज की असली ताकत एकता में है. झुंझुनूं की यह ढाई सौ साल पुरानी परंपरा आज भी लोगों को सिखा रही है कि धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन खुशियां और इंसानियत सबकी साझा विरासत हैं.



Source link