सीएम योगी का दिवाली तोहफा, कर्मचारियों की चांदी, डीए बढ़कर हुआ 63%, खाते में आएंगे कितने रुपये?

सीएम योगी का दिवाली तोहफा, कर्मचारियों की चांदी, डीए बढ़कर हुआ 63%, खाते में आएंगे कितने रुपये?


Last Updated:

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दीपावली के ठीक पहले राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और स्थानीय निकायों के कर्मियों को एक बहुत बड़ा तोहफा दिया है. शासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया गया है. बढ़ी हुई यह दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी. कर्मचारियों को नवंबर 2026 के वेतन के साथ नकद भुगतान मिलेगा, जबकि जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर उनके भविष्य निधि खाते या एनपीएस में जमा किया जाएगा.

Zoom

यूपी के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली पर योगी सरकार का तोहफा. (एआई इमेज)

UP Employee Diwali Gift: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने त्योहारी सीजन के बीच राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए एक ऐतिहासिक और सौगातों से भरा फैसला लिया है. शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, राज्य के पूर्णकालिक और नियमित कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्देश के बाद राज्य कर्मियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर सीधे 63 प्रतिशत कर दिया गया है.

प्रमुख सचिव आलोक कुमार द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, महंगाई भत्ते की यह संशोधित बढ़ी हुई दरें भूतलक्षी प्रभाव (Retrospective Effect) से लागू की गई हैं. कर्मचारियों को 63 प्रतिशत की दर से यह लाभ 01 जुलाई 2026 से देय होगा. केंद्र सरकार के केंद्रीय कर्मचारियों के लिए लिए गए निर्णयों और वित्त मंत्रालय के कार्यालय ज्ञापनों के अनुरूप ही उत्तर प्रदेश सरकार ने भी अपने कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा कदम उठाया है, जिससे राज्य कर्मचारियों का केंद्रीय कर्मचारियों के समकक्ष मिलान हो गया है.

किन-किन कर्मचारियों को मिलेगा इसका सीधा लाभ
सरकार द्वारा जारी आदेश का दायरा काफी व्यापक रखा गया है, जिससे लाखों लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा. इस बढ़ोतरी का फायदा प्रदेश के समस्त पूर्णकालिक नियमित राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मियों, कार्यप्रभारित (Work-Charged) कर्मचारियों तथा यूजीसी (UGC) वेतनमानों में कार्यरत पदधारकों को मिलेगा. इन सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए डीए की नई दरें 63 प्रतिशत निर्धारित की गई हैं.

नवंबर के वेतन के साथ मिलेगा नकद भुगतान
कर्मचारियों के मन में सबसे बड़ा सवाल भुगतान को लेकर था, जिस पर शासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है. आदेश के अनुसार, दिनांक 01 जुलाई 2026 से लेकर आगे की अवधि के लिए देय बढ़ी हुई धनराशि का नगद भुगतान माह नवंबर 2026 के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा. यानी इस महीने जब कर्मचारियों के हाथ में नवंबर का वेतन आएगा, तो उसमें बढ़े हुए डीए का स्पष्ट और नगद लाभ जुड़कर मिलेगा, जिससे त्योहारों के इस मौसम में उनकी जेब मजबूत होगी.

जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर पीएफ में होगा जमा
सरकार ने जुलाई 2026 से अक्टूबर 2026 तक यानी पिछले चार महीनों के एरियर (बकाया राशि) के समायोजन के लिए भी स्पष्ट नियम तय किए हैं. इस अवधि की अवशेष धनराशि अधिकारी या कर्मचारी के भविष्य निधि (PF/GPF) खाते में आयकर व सरचार्ज की कटौतियों के बाद जमा की जाएगी. यह एरियर राशि आगामी 01 नवंबर 2027 तक सुरक्षित जमा रहेगी और सामान्य नियमों के तहत उससे पहले नहीं निकाली जा सकेगी. जो कर्मचारी भविष्य निधि के सदस्य नहीं हैं, उनका यह पैसा पीपीएफ (PPF) या एनएससी (NSC) के जरिए समायोजित किया जाएगा.

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलेगा पूरा कैश भुगतान
शासन के इस आदेश में उन कर्मचारियों का भी पूरा ध्यान रखा गया है जो या तो सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं या होने वाले हैं. आदेश के मुताबिक, जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की सेवाएं इस शासनादेश के जारी होने से पहले समाप्त हो चुकी हैं या जो 01 जुलाई 2026 से लेकर आदेश निर्गत होने की तिथि तक रिटायर हो चुके हैं अथवा अगले 6 महीने के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें एरियर की पूरी धनराशि का भुगतान नकद (Cash) किया जाएगा.



Source link