नई दिल्ली. मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अपनी दिनचर्या में धीरे-धीरे वापसी और रोजमर्रा की जिंदगी की अनिश्चितताओं पर एक नोट शेयर किया है. उन्होंने बताया कि कैसे वे कभी-कभी चश्मा, मोबाइल फोन या फिर यह भी भूल जाते हैं कि उन्हें आगे क्या करना है. वहीं, दूसरी ओर उन्हें अपने स्कूल के दिनों की बातें आज भी बहुत साफ-साफ याद हैं.
उन्होंने अपने ब्लॉग फॉलोअर्स, हर रविवार शुभकामनाएं देने वालों और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के दर्शकों का भी आभार जताया, जो उनके ब्लॉग पर लगातार अपना प्यार, स्नेह और अपनापन बरसाते रहते हैं.
‘रूटीन का भी अपना अलग मिजाज है’
अमिताभ ने लिखा, ‘…और दिनचर्या में धीरे-धीरे वापसी, काम और अन्य चीजों से भरी एक नियंत्रित जिंदगी… जब आप एक रूटीन में होते हैं तो आपको वह रूटीन याद रहता है… लेकिन जब ऐसा नहीं होता तो रूटीन का भी अपना एक अलग मिजाज बन जाता है… जिसे समझाना मुश्किल है… और यह कभी एक जैसा नहीं रहता.’
चश्मा-मोबाइल भूल रहे अमिताभ बच्चन
उन्होंने आगे कहा, ‘अरे! मैंने अपना चश्मा कहां रख दिया… मोबाइल कहां है… और सबसे अहम बात… मुझे आगे क्या करना था? कुछ घंटे पहले किए गए काम भी जैसे कहीं खो गए हैं… लेकिन 1960 में स्कूल की 8वीं कक्षा की बातें आज भी बिल्कुल साफ याद हैं… 66 साल पहले की बातें जैसे हथेली पर रखी हों… और अब… बस चीजों को ढूंढ़ता रहता हूं!’
अमिताभ बच्चन का पोस्ट.
फैंस को दिया ऐसे प्यार?
अमिताभ ने कहा, ‘हालांकि, ब्लॉग पर लोगों से जुड़ने के लिए मुझे कभी कुछ ढूंढ़ना नहीं पड़ता… यह तो हर दिन की प्राथमिकता है… और न ही हर रविवार शुभकामनाएं देने वालों को या फिर केबीसी के दर्शकों को ढूंढ़ना पड़ता है, जो अपना प्यार, स्नेह और दिल छू लेने वाली मौजूदगी देते हैं… आप सभी के लिए मेरी प्रार्थनाएं हैं.’
केबीसी में दिख रहे हैं बिग बी
सिनेमा के इस दिग्गज कलाकार को इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) में देखा जा सकता है, जो मूल ब्रिटिश शो ‘हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?’ का ऑफिशियल हिंदी संस्करण है. इसमें प्रतियोगियों से बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाते हैं, जिनमें से उन्हें चार विकल्पों में से सही जवाब चुनना होता है. साथ ही, अगर वे किसी सवाल को लेकर निश्चित नहीं हैं तो वे लाइफलाइन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
अमिताभ का वर्कफ्रंट
अमिताभ के वर्कफ्रंट की बात करें तो इन दिनों फिल्म निर्माता नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में बिजी हैं. इस फिल्म में कमल हासन और प्रभास भी मुख्य भूमिकाओं में हैं.