दिल्ली में 6 नवंबर से GRAP III लागू हो गया है. वहीं सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अपनी सुनवाई में कहा, दिवाली और दूसरे त्योहारों पर प्रदूषण रोकने के लिए सिर्फ कोर्ट के आदेश और पुलिस की तैनाती काफी नहीं है. इसे जन आंदोलन बनाना होगा. दिल्ली-NCR में AQI 400 के करीब पहुंच चुका है. इसमें गाड़ियों का धुआं बड़ी वजह है और सड़कों पर बंपर ट्रैफिक हालात खराब कर रहा है. लेकिन चिंता की बात ये है कि अभी दिवाली का सेलीब्रेशन शुरू भी नहीं हुआ है. 8 नवंबर को जब दिवाली पर लोग पटाखे जलाएंगे तो प्रदूषण के हालात क्या होंगे ये सोच कर ही डर लग रहा है. एक तरफ कई लोग पटाखों को उत्सव का जरूरी हिस्सा बताते हैं तो वहीं कई लोग इस बात पर भी सवाल उठाते हैं कि ‘दिवाली का असली अर्थ श्रीराम के स्वागत रोशनी से करना है तो ये पटाखों का धुंआ कहां से आया? पर इस सबके बीच सवाल उठता है कि आखिर दिवाली के जश्न में पटाखों की एंट्री आखिर कब से हुई? क्या सदियों से यही प्रथा चलती आ रही है? या बाजार ने त्योहार के बीच इसे एक ‘जरूरत’ की तरह हमारे बीच पेश कर दिया है.
आगे हम इसके बारे में बात करें और पटाखों के भारतीय संस्कृति से तालमेल की बात करें, उससे पहले ये जानना जरूरी है कि ‘पटाखे’ या आतिशबाजी भारतीय नहीं है. इसकी खोज चीन में हुई थी.
चीन से दुनिया में पहुंची आतिशबाजी
‘हॉरनीमेन म्यूजियम ऐंड गार्डन’ के लेख ‘वेयर डू फायदवर्क्स कम फ्रॉम?’ में बताया गया है कि आतिशबाजी की शुरुआत चीन से मानी जाती है. लगभग 2000 साल पहले वहां लोग बांस के खोखले टुकड़ों को आग में डालते थे और वो तेज आवाज के साथ वह फट जाता था. वो इस आवाज से बुरी आत्माएं और नकारात्मक शक्तियां दूर भगाते थे. बाद में 9वीं सदी के आसपास चीनी रसायनविदों ने बारूद (Gunpowder) की खोज की. इसे बनाने में शोरा (Saltpetre), गंधक (Sulphur) और कोयले का इस्तेमाल होता था. इसी बारूद को बांस की नलियों और बाद में कागज की नलियों में भरकर जलाया जाने लगा. यहां से पटाखों और आतिशबाजी का विकास हुआ. क्योंकि चीन में इससे जुड़ी धार्मिक मान्यता थी, तो धीरे-धीरे इन पटाखों का इस्तेमाल धार्मिक आयोजनों, त्योहारों और शाही समारोहों में होने लगा. चीन से ही ये आतिशबाजी व्यापार के रास्ते दुनिया के दूसरे हिस्सों में पहुंची.
आतिशबाजी की शुरुआत चीन से मानी जाती है. (फोटो साभार रॉयटर्स)
हालांकि जब ये आतिशबाजी भारत पहुंची तो भारतीयों ने इसमें अपने तरीके से विकसित किया. 1497 से 1539 के बीच लिखे गए संस्कृत ग्रंथ कौतुकचिंतामणि में आतिशबाजी के मिश्रण तैयार करने की विधियों का उल्लेख मिलता है. यानी भारत में आतिशबाजी की तकनीक को स्थानीय संसाधनों के हिसाब से विकसित भी किया गया था.
हालांकि जब ये आतिशबाजी भारत पहुंची तो भारतीयों ने इसमें अपने तरीके से विकसित किया. 1497 से 1539 के बीच लिखे गए संस्कृत ग्रंथ कौतुकचिंतामणि में आतिशबाजी के मिश्रण तैयार करने की विधियों का उल्लेख मिलता है. यानी भारत में आतिशबाजी की तकनीक को स्थानीय संसाधनों के हिसाब से विकसित भी किया गया था.
भारत में अगर आतिशबाजी या पटाखों की बात करें तो 1953 में, इतिहासकार और भंडारकर ओरिएंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट के पहले क्यूरेटर पीके गोडे ने ‘1400 से 1900 ईस्वी के बीच भारत में आतिशबाजी का इतिहास’ (The History of Fireworks in India Between A.D. 1400 and 1900) लिखा. इतिहास के इस पहलू को समझने का ये एक प्रमाणिक रिसर्च है. उनके अनुसार भारत में आतिशबाजी का इस्तेमाल 15वीं सदी में मिलते हैं. लेकिन दिवाली से पटाखों को 18वीं सदी में जोड़ा गया. यानी भारत में आतिशबाजी 15वीं सदी में भी होती थी पर तब इसका संबंध दिवाली से नहीं बल्कि शादी-बारात यो जुलूसों से होता था. पुर्तगाली यात्री डुआर्टे बारबोसा के 1518 में गुजरात में एक ब्राह्मण जोड़े की शादी में आतिशबाजी के इस्तेमाल की घटना के बारे में बताया है.
शुरुआती दौर में पटाखे बेहद महंगे थे और शायद इसीलिए ये सिर्फ अमीरों के जश्न का हिस्सा थे. (Image AI)
जानवरों को ट्रेनिंग देने के लिए होते थे इस्तेमाल
एक फ्रांसीसी यात्री, फ्रांस्वा बर्नियर ने 17वीं सदी की शुरुआत में दिल्ली और आगरा की यात्रा की और अपने लेख में हैरानी के साथ लिखा कि ‘पटाखों या चकरी’ का हाथी जैसे बड़े-बड़े जानवरों को ट्रेंन करने के लिए भी किया जाता था. क्योंकि इस रोशनी और शोर से वह डरकर दूर हो जाते थे. वहीं इतिहासकार पीके गोड़े के मुताबिक, 1443 में तिमूर वंश के शासक शाहरुख के राजदूत अब्दुर रज्जाक विजयनगर साम्राज्य के राजा देवराय द्वितीय के दरबार में पहुंचे थे. उन्होंने वहां महानवमी के उत्सव का वर्णन करते हुए आतिशबाजी और पटाखों के प्रदर्शन का जिक्र किया था.
आतिशबाजी की ये चमक, रोशनी और ऊंची आवाज मुगल बादशाहों को खूब पसंद आई और धीरे-धीरे आतिशबाजी शाही समारोहों और जश्न का अहम हिस्सा बन गई. बादशाहों की शादी, राजकीय समारोहों और त्योहारों में बड़े पैमाने पर आतिशबाजी की जाने लगी. 1633 की एक पेंटिंग में मुगल राजकुमार दारा शिकोह की शादी के दौरान आतिशबाजी का दृश्य भी दिखाया गया है. बीजापुर के सुल्तान इब्राहिम आदिल शाह ने करीब 1609 में अपने दरबारी की बेटी की शादी के लिए 80 हजार रुपये सिर्फ आतिशबाजी पर खर्च किए थे. उस समय आतिशबाजी दिखाना शान और दौलत का प्रतीक माना जाता था. पर इतिहास के तथ्यों पर गौर करें तो मुगलों ने शान-ओ-शौकत दिखाने का तरीका विजयनगर के राजाओं से ही सीखा.
आतिशबाजी की ये चमक, रोशनी और ऊंची आवाज मुगल बादशाहों को खूब पसंद आई और धीरे-धीरे आतिशबाजी शाही समारोहों और जश्न का अहम हिस्सा बन गई. (फोटो साभार रॉयटर्स)
दिवाली से कैसे जुड़ा पटाखों का रिश्ता?
इतिहासकार पीके गोड़े के मुताबिक, दिवाली पर आतिशबाजी के इस्तेमाल के शुरुआती लिखित प्रमाण 18वीं सदी के मध्य यानी पेशवा काल में मिलते हैं. उस समय राजस्थान के कोटा में दिवाली के चार दिन तक लाखों दीये जलाए जाते थे और शहर के बाहर बड़े पैमाने पर आतिशबाजी का प्रदर्शन होता था. इसे ‘लंकापटाखा’ या आतिशबाजी की लंका कहा जाता था. इस आयोजन में रावण, राक्षसों और हनुमान की आकृतियां बारूद से तैयार की जाती थीं. हनुमान की पूंछ में आग लगाकर लंका दहन का दृश्य दिखाया जाता था. इस आयोजन की चर्चा सुनकर पेशवा सवाई माधवराव ने भी पुणे में ऐसा ही आतिशबाजी का प्रदर्शन करवाने का आदेश दिया था। इस तरह धीरे-धीरे दिवाली के उत्सव में पटाखे और आतिशबाजी शामिल होने लगे. शुरुआती दौर में पटाखे बेहद महंगे थे और शायद इसीलिए ये सिर्फ अमीरों के जश्न का हिस्सा थे. पर 19वीं सदी में कोलकाता में पहली पटाखा फैक्ट्री स्थापित हुई. आज तमिलनाडु का शिवकाशी इस उद्योग का बड़ा केंद्र है.
हालांकि पीके गोड़े की इस किताब में आतिशबाजी से जुड़े कुछ सवाल छूट भी गए हैं. जैसे पटाखे असल में भारत सबसे पहले कब आए, कौन लाया. ये जानकारी भी नहीं है कि चीन की तरह इन पटाखों को धार्मिक उत्सव में जोड़ने की शुरुआत कहां से हुई. पर ये बात तो साफ है कि इन विदेशी पटाखों ने धीरे-धीरे भारत को अपना घर बना लिया है और अब ये प्रदूषण की बड़ी समस्या का अहम हिस्सा बन गया है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login