पाली पहुंचे बॉलीवुड सिंगर मनोज मुंतशिर, महाराणा प्रताप का जिक्र कर बोले- राजस्थान की माटी में आज भी जिंदा है शौर्य

पाली पहुंचे बॉलीवुड सिंगर मनोज मुंतशिर, महाराणा प्रताप का जिक्र कर बोले- राजस्थान की माटी में आज भी जिंदा है शौर्य


Last Updated:

Pali News: बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक मनोज मुंतशिर एक दिवसीय दौरे पर पाली पहुंचे. यहां उन्होंने एसपी फ्लोर मिल्स का दौरा कर आधुनिक तकनीक और औद्योगिक व्यवस्थाओं की तारीफ की. इस दौरान उन्होंने राजस्थान की वीरता, महाराणा प्रताप के शौर्य और मारवाड़ी उद्यमिता की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान की माटी में आज भी वीरता और स्वाभिमान जिंदा है.

Top Deals Inside

पाली. बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध गीतकार, पटकथा लेखक और अपने देशभक्ति संवादों व गीतों से हर भारतीय के दिल में जोश भरने वाले मनोज मुंतशिर अपने एक दिवसीय पाली प्रवास के दौरान शहर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुप्रसिद्ध ‘एसपी फ्लोर मिल्स’ का दौरा किया. मिल परिसर में स्थापित आधुनिक तकनीक, हाइजीनिक उत्पादन व्यवस्था और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर को मनोज मुंतशिर ने देखा. उन्होंने कहा कि पाली केवल वस्त्र नगरी ही नहीं, बल्कि अब अत्याधुनिक औद्योगिक तकनीकों के मामले में भी देश में नया मुकाम हासिल कर रहा है.

पाली पहुंचने पर बॉलीवुड की इस मशहूर शख्सियत का भंसाली परिवार के निवास स्थान पर आत्मीय स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों, साफा पहनाकर और पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ मनोज मुंतशिर की अगवानी की गई. इस दौरान पूरा माहौल उत्सवी रंग में रंग गया. भंसाली परिवार की मेहमाननवाज़ी और पालीवासियों के स्नेह से खुश होकर मनोज मुंतशिर ने कहा कि राजस्थान की माटी का आतिथ्य सत्कार पूरी दुनिया में बेमिसाल है.

एसपी फ्लोर मिल्स का भ्रमण
स्वागत समारोह के पश्चात मनोज मुंतशिर ने सोहनराज भंसाली के पौत्र एवं युवा उद्यमी कमल भंसाली द्वारा संचालित ‘एसपी फ्लोर मिल्स’ प्लांट का गहनता से भ्रमण किया. उन्होंने गेहूं के प्रसंस्करण से लेकर आटा, मैदा और सूजी के स्वचालित पैकेजिंग तक की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझा. मिल परिसर में स्वच्छता के उच्च मानकों, अत्याधुनिक जर्मन मशीनरियों की ऑटोमेटिक वर्किंग और कुशल कार्यबल के प्रबंधन को देखकर उन्होंने युवा उद्यमी कमल भंसाली के विज़न की जमकर तारीफ की. मुंतशिर ने कहा, “आज का भारत तकनीक आधारित उद्योग की ओर बढ़ रहा है. पाली में ऐसा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्लांट देखना यह साबित करता है कि राजस्थान के छोटे शहर भी देश की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं.”

पाली के औद्योगिक विकास और मारवाड़ी उद्यमिता को सराहा
मनोज मुंतशिर ने मीडिया और स्थानीय गणमान्य लोगों से बातचीत करते हुए पाली के लगातार हो रहे औद्योगिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों पर प्रसन्नता जाहिर की. उन्होंने कहा कि मारवाड़ी समुदाय का व्यापारिक कौशल और ईमानदारी पूरे विश्व में प्रसिद्ध है. पाली के उद्योगपतियों ने कड़ी मेहनत और नवाचार के दम पर पाली को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है.

“राजस्थान की माटी में आज भी जिंदा है महाराणा प्रताप का शौर्य”
पाली प्रवास के दौरान मनोज मुंतशिर ने राजस्थान की वीर भूमि को नमन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए. उन्होंने कहा”राजस्थान बेहद सुंदर और पवित्र धरती है. यहां के कण-कण और पग-पग पर वीरों की अमर गाथाएं लिखी हुई हैं. जब भी देश में शौर्य, त्याग और वीरता की बात होती है, तो सबसे पहले हमारी आंखों के सामने राजस्थान के वीर जवान और महाराणा प्रताप का अदम्य साहस आ जाता है. देश की सीमाओं की रक्षा की बात हो या राष्ट्रभक्ति की, राजस्थान के फौजियों का योगदान अविस्मरणीय है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि यह पावन धरा इसी प्रकार देश के लिए वीर, स्वाभिमानी और राष्ट्रभक्त सपूतों को जन्म देती रहे.”

स्थानीय उद्योगपतियों व प्रशंसकों का लगा जमावड़ा
मनोज मुंतशिर की एक झलक पाने और उनके ओजस्वी विचार सुनने के लिए एसपी फ्लोर मिल्स और भंसाली निवास पर शहर के प्रमुख उद्योगपतियों, समाजसेवियों और प्रशंसकों का तांता लगा रहा. कार्यक्रम के अंत में भंसाली परिवार एवं एसपी फ्लोर मिल्स प्रबंधन की ओर से मनोज मुंतशिर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया.



Source link