चुनाव में हार के बाद ट्रंप का ईरान पर हमला, परमाणु सीक्रेट देने वाले को 2 करोड़ डॉलर का इनाम


Last Updated:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम पर सीमित हमला कर उसे कुछ ही मिनटों में तबाह कर दिया. इस बीच अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी देने वालों के लिए 20 मिलियन डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है.

Top Deals Inside

चुनाव में हार के बाद ट्रंप का ईरान पर हमला, एयर डिफेंस सिस्टम तबाह कियाZoom

डोनालड ट्रंप.

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. US राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाकर सीमित सैन्य हमला किया. ट्रंप ने इस कार्रवाई को मामूली बताया और कहा कि ईरान ने हाल ही में एक छोटा एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम तैयार किया था, जिसे अमेरिकी सेना ने महज 5 से 15 मिनट में तबाह कर दिया. इसी बीच अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी देने वालों के लिए 20 मिलियन डॉलर तक के इनाम का ऐलान भी किया है. ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, शुक्रवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित केश्म द्वीप के सुजा इलाके में दो धमाकों की आवाज सुनी गई. यह द्वीप ईरान और अमेरिका के बीच जारी टकराव के केंद्र में रहा है. वहीं ईरान ने कहा है कि उसने अमेरिका के एक MQ-1 ड्रोन को मार गिराया है.

ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘उन्होंने थोड़ा-बहुत एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम बनाया था और हमने उसे करीब 15 मिनट में, शायद पांच मिनट में ही खत्म कर दिया.’ इससे पहले सोमवार को भी क़ेश्म और हेंगम द्वीपों के साथ मुख्य भूमि पर बंदर अब्बास के आसपास धमाकों की खबरें आई थीं. अमेरिकी सेना ने उस समय अपनी कार्रवाई को ‘रक्षात्मक हमला’ बताया था. शुक्रवार की कार्रवाई इसलिए भी अहम है, क्योंकि मंगलवार को हुए अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा था. चुनाव के बाद ईरान पर यह पहली नई सैन्य कार्रवाई बताई गई है.

ईरान युद्ध बना ट्रंप की चुनावी परेशानी?

अमेरिका में चुनावी झटके की एक बड़ी वजह ईरान युद्ध को लेकर मतदाताओं की नाराजगी भी मानी जा रही है. युद्ध के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं और इसका असर दुनिया की अर्थव्यवस्था के कई हिस्सों पर पड़ा है. अमेरिका में भी महंगे ईंधन और युद्ध को संभालने के ट्रंप के तरीके पर सवाल उठे हैं. ट्रंप लगातार ईरान को तबाह करने की धमकी देते रहे हैं. हालांकि, उन्होंने कई बार यह भी कहा है कि युद्ध खत्म करने का रास्ता निकल सकता है. शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि ईरान के साथ बातचीत जारी है. उन्होंने कहा, ‘हम ईरान से बात कर रहे हैं. हम पहले से ही बातचीत कर रहे हैं.’

परमाणु कार्यक्रम की जानकारी पर 20 मिलियन डॉलर का इनाम

सैन्य कार्रवाई के बीच अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है. अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवार्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम ने ऐलान किया है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी अहम जानकारी देने वाले व्यक्ति को 20 मिलियन डॉलर यानी 2 करोड़ डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है. इसके साथ जरूरत पड़ने पर उसे दूसरी जगह बसाने की सुविधा भी दी जा सकती है.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने 6 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस इनाम की जानकारी साझा की. अमेरिका को ईरान के परमाणु ठिकानों, वहां इस्तेमाल होने वाले उपकरणों, वैज्ञानिकों और इस कार्यक्रम से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी चाहिए. परमाणु सामग्री और उपकरणों की आवाजाही से जुड़ी सूचना भी इस इनाम के दायरे में है. अमेरिका ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास ऐसी कोई जानकारी है, तो वे ‘रिवार्ड्स फॉर जस्टिस’ के आधिकारिक माध्यमों से उसे साझा करें. इस कार्यक्रम का मकसद ऐसी जानकारी हासिल करना है, जिससे ईरान के परमाणु ढांचे और उससे जुड़े नेटवर्क की पहचान की जा सके.

अमेरिका की क्या है चिंता?

अमेरिकी इनाम संबंधी नोटिस में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) की 2025 की रिपोर्ट का भी हवाला दिया गया है. इसके मुताबिक, ईरान यूरेनियम को 60 फीसदी तक शुद्धता के स्तर पर संवर्धित कर रहा था. यूरेनियम संवर्धन का मतलब है उसमें मौजूद एक खास किस्म के यूरेनियम की मात्रा बढ़ाना. परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण इस्तेमाल के लिए आमतौर पर इससे कम स्तर की जरूरत होती है. वहीं, परमाणु हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले यूरेनियम की शुद्धता करीब 90 फीसदी मानी जाती है. अमेरिकी नोटिस के मुताबिक, ईरान ऐसा करने वाला एकमात्र गैर-परमाणु हथियार संपन्न देश है, जो इतनी ऊंची शुद्धता तक यूरेनियम संवर्धित कर रहा है. नोटिस में यह भी कहा गया है कि अगर ईरान के पास मौजूद यूरेनियम को और ज्यादा संवर्धित किया जाए, तो उससे कई परमाणु हथियारों के लिए पर्याप्त सामग्री मिल सकती है.



Source link