MP-CG TOP NEWS: 300 साल पुराने यमराज मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, यम चतुर्दशी पर होती है विशेष पूजा-अर्चना

MP-CG TOP NEWS: 300 साल पुराने यमराज मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, यम चतुर्दशी पर होती है विशेष पूजा-अर्चना


MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें… 

300 साल पुराने यमराज मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, यम चतुर्दशी पर होती है विशेष पूजा-अर्चना
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में यमराज की पूजा की अनोखी परंपरा देखने को मिलती है. फूलबाग स्थित करीब 300 साल पुराने यमराज मंदिर में यम चतुर्दशी के अवसर पर दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. मान्यता है कि यम चतुर्दशी के दिन यमराज की पूजा, आरती और दीपदान करने से व्यक्ति को जीवन के अंतिम समय में कष्टों से मुक्ति मिलती है. इसी आस्था के चलते हर साल बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचकर यमराज से सुख-शांति और सद्गति की कामना करते हैं. ग्वालियर का यह प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है.

केरलम से अपहृत बच्ची को पुलिस ने सकुशल अनूपपुर लाया, एक आरोपी गिरफ्तार
जिले की अमरकंटक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. केरलम से अपहरण की गई एक बच्ची को पुलिस ने बरामद कर अनूपपुर लाया है. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक, बच्ची के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई थी. शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्ची को बरामद किया. आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.

नाबालिग गर्भवती युवती की प्रसव के बाद मौत, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तोड़ा दम
मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान एक नाबालिग युवती की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिले के सन्ना इलाके की रहने वाली युवती लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. गर्भवती होने के बाद उसका घर पर ही प्रसव कराया गया था. प्रसव के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.

आवारा कुत्ते के काटने से मासूम बच्ची की मौत, एक सप्ताह में दूसरी घटना
आवारा कुत्ते के काटने से एक मासूम बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले बलरामपुर जिले की रहने वाली बच्ची को आवारा कुत्ते ने काट लिया था. परिजनों के अनुसार, रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के बावजूद बच्ची की तबीयत बिगड़ती चली गई. हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर कुत्ते के काटने से मौत की यह दूसरी घटना सामने आई है. लगातार हो रही इन घटनाओं ने आवारा कुत्तों के आतंक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

घर की बाड़ी में छिपाकर रखे गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
जिले के हल्बा थाना क्षेत्र के गीतपहर गांव में पुलिस ने अवैध गांजा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से गांजे की खेती कर उसे घर की बाड़ी में छिपाकर रखा था. मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर दबिश देकर गांजा बरामद किया.पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

आज चित्रकूट दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंदाकिनी नदी में करेंगे दीपदान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज चित्रकूट दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे पवित्र मंदाकिनी नदी में दीपदान करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियां की गई हैं.

मकान में लगी भीषण आग, आरक्षक सत्यप्रकाश ने जान जोखिम में डालकर पाया काबू
शहर के त्रिवेणी चौक स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई. सूचना मिलते ही फायर फाइटर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान सेंधवा शहर थाने में पदस्थ आरक्षक सत्यप्रकाश ने साहस दिखाते हुए फायर फाइटर की सीढ़ी के सहारे दूसरी मंजिल तक पहुंचकर आग बुझाने में मदद की. फायर फाइटर की टीम के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया. समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. आरक्षक सत्यप्रकाश के साहस और तत्परता की सभी ने सराहना की.

इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को महापौर की हरी झंडी, 15 नवंबर को होगा लाइव शो
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अनुमति दे दी है. 15 नवंबर को होने वाले इस शो का आयोजन नई एजेंसी करेगी, जिसे नए नियमों के पालन की शर्त पर मंजूरी दी गई है. कॉन्सर्ट को लेकर मिली धमकियों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. महापौर ने साफ किया कि किसी को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा. वहीं, डबल टैक्सेशन विवाद पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि पुराने आयोजकों से करीब 2 करोड़ रुपये की बकाया राशि अलग से वसूली जाएगी, जबकि नई आयोजक एजेंसी को कॉन्सर्ट कराने की अनुमति दी गई है.

नशे के खिलाफ पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार; 47.35 ग्राम MD ड्रग्स जब्त
इंदौर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 47.35 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की है. इसकी कुल कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है.

छत्रीपुरा थाना: पुलिस ने आरोपी फिरोज के कब्जे से 13.85 ग्राम और मोहम्मद अफजल के पास से 15 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की. दोनों से कुल 28.85 ग्राम ड्रग्स जब्त की गई. पुलिस ने एक क्रेटा कार भी जब्त की है.

खजराना थाना: बघेला गार्डन के पीछे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद रिजवान अंसारी के कब्जे से 18.5 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की. इसकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है. दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है.

युवतियों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट, बाल खींचे और चले लात-घूंसे
बिलासपुर में युवतियों के बीच मारपीट के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. पहला मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई का बताया जा रहा है, जहां युवतियों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई. इस दौरान बाल खींचने, थप्पड़ मारने और लात-घूंसे चलाने की घटना सामने आई है. वहीं, दूसरा वीडियो अशोक नगर स्थित अटल आवास का बताया जा रहा है. दोनों घटनाओं में विवाद की वजह फिलहाल साफ नहीं है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस युवतियों की पहचान करने में जुटी है.

जंगली सुअर के शिकार का मामला, घर में मांस पकाते 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र के ग्राम कुकड़ीचोली में जंगली सुअर के शिकार का मामला सामने आया है. वन विभाग के उड़नदस्ते ने घर में जंगली सुअर का मांस पकाते हुए 24 वर्षीय विजय राठिया को रंगे हाथों पकड़ा. पूछताछ में आरोपी ने 8 से 10 साथियों के साथ बारूद गोले की मदद से जंगली सुअर का शिकार करने की बात स्वीकार की. वन विभाग ने पका हुआ मांस जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर शिकार में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 51 और 52 के तहत पीओआर दर्ज किया गया है. वन विभाग अब शिकार में शामिल अन्य लोगों और उनके नेटवर्क की जांच कर रहा है.

दिवाली से पहले फूड विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे
भिंड में दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है. जिले के 20 से अधिक बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों से 50 से ज्यादा मिठाइयों के सैंपल लेकर भोपाल लैब भेजे गए हैं. फूड सेफ्टी अधिकारी रीना बंसल और रेखा सोनी की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की. इस दौरान अधिकारी रीना बंसल ने लोगों को मिलावटी मिठाइयों से बचने के लिए जागरूक किया. उन्होंने चांदी के वर्क की शुद्धता जांचने का घरेलू तरीका भी बताया. साथ ही लोगों को ज्यादा चमकीली और रंगीन मिठाइयां खरीदने से बचने की सलाह दी. विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है.

सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले में सुपेला पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की. आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का चापड़, दो लोहे के गंडासे और एक फरसानुमा धारदार हथियार बरामद किया गया है. पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है.

दिवाली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
दीपावली त्योहार को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने जिले में व्यापक सुरक्षा प्लान तैयार किया है. भीड़भाड़ वाले प्रमुख बाजारों में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए 50 से अधिक बाइक से लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी. सराफा बाजार में आम स्क्वॉड और आर्म्स गार्ड भी तैनात रहेंगे. इसके अलावा पूरे सुरक्षा इंतजाम की निगरानी राजपत्रित पुलिस अधिकारी करेंगे, ताकि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोग सुरक्षित माहौल में खरीदारी कर सकें.

अवैध जुए के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 48 लोग गिरफ्तार
दुर्ग जिले में अवैध जुआ और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 12 जुआ प्रकरणों में 48 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 83,410 रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की हैं. इसके अलावा धारदार हथियार लेकर घूम रहे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है.

रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में अफवाह निकली सूचना
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना मिलने से पुलिस और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे. स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर समेत कई संदिग्ध स्थानों पर सर्चिंग की गई. जांच के दौरान बम होने की सूचना झूठी निकली. पुलिस ने सूचना देने वाले भिंड जिले के युवक को पकड़ लिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है. बम नहीं मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली.

15 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका प्रदेश का पहला दौरा होगा. वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर उनका यह दौरा प्रस्तावित है. खास बात यह है कि BJP अध्यक्ष बनने के करीब 10 महीने बाद नितिन नबीन छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे.

आज दिल्ली से रायपुर लौटेंगे पूर्व CM भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली दौरे से रायपुर लौटेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 2:20 बजे दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे. भूपेश बघेल दिल्ली में दीपावली मिलन समारोह में शामिल होने गए थे. यह समारोह राहुल गांधी के निवास पर आयोजित किया गया था.

खाद्य विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल, 6 महीने बाद भी सैंपल जांच की रिपोर्ट नहीं आई
जांजगीर-चांपा जिले में खाद्य एवं औषधि विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है. आरोप है कि विभाग की कार्रवाई खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और निरीक्षण तक ही सीमित रह गई है. करीब 6 महीने पहले जांच के लिए भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट अब तक नहीं आई है. तीज-त्योहार और रक्षाबंधन के दौरान लिए गए नमूनों की रिपोर्ट भी लंबित बताई जा रही है. दीपावली से पहले जांजगीर और शिवरीनारायण में 14 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे. वहीं, जांच रिपोर्ट में देरी के कारण मिलावटी मिठाई और अमानक खाद्य पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में बड़ा सवाल है कि आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा और मिलावटखोरों पर कार्रवाई कब होगी?

आज गृहग्राम बगिया जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, करेंगे रात्रि विश्राम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृहग्राम बगिया के दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे रायपुर हेलीपैड से बगिया के लिए रवाना होंगे. दौरे के दौरान वे बगिया में ही रात्रि विश्राम करेंगे.

दिवाली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बाजार में पुलिस बल तैनात
दिवाली पर्व को देखते हुए राजनांदगांव में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. बाजार और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी और जवानों की ड्यूटी लगाई गई है. भीड़भाड़ वाले इलाकों में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ सादी वर्दी में भी जवान तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें.

बलौदाबाजार में धान खरीदी में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, 13 कर्मचारियों पर गिरी गाज
बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी के दौरान अनियमितता और धान की कमी मिलने पर प्रशासन ने 13 उपार्जन केंद्रों के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है. इनमें 9 केंद्र प्रभारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया है, जबकि शेष 4 कर्मचारियों से वसूली की कार्रवाई जारी है. यह गड़बड़ी खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान सामने आई थी. मनोहरा, केसली, कामता, निपनिया, बिटकुली और खैरा समेत 13 केंद्रों के कर्मचारी कार्रवाई के दायरे में आए हैं.



Source link