आज भीगेगा पूरा बिहारः सभी 38 जिलों में बारिश का अलर्ट, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सीवान में भारी वर्षा के आसार

आज भीगेगा पूरा बिहारः सभी 38 जिलों में बारिश का अलर्ट, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सीवान में भारी वर्षा के आसार


Last Updated:

Bihar Aaj Ka Mausam: आज पूरे बिहार में झमाझम बारिश होगी. सभी 38 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सीवान में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इस दौरान 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. कई इलाकों में वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)

पटनाः बिहार में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर पूरी तरह बदल गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी बुधवार को पूरे बिहार में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. राज्य के सभी 38 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सीवान जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है.

इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने के पूरे आसार हैं. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज बारिश के साथ-साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी.

26 सितंबर तक बदला रहेगा मौसम का मिज़ाज

  • मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में मौसम का यह बदला हुआ रूप 26 सितंबर तक देखने को मिलेगा. इस पूरे हफ्ते राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है.
  • अगर बीते 24 घंटों की बात करें, तो जमुई समेत दक्षिण बिहार के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. वहीं, राजधानी पटना और गयाजी में दिनभर तेज धूप खिली रही. धूप के कारण लोगों को दिनभर भारी उमस का सामना करना पड़ा.

पिछले 24 घंटे में गयाजी के टनकुप्पा में सबसे ज्यादा बारिश

  • मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बारिश गयाजी जिले के टनकुप्पा में दर्ज की गई. यहां 52.2 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई. इसके अलावा गयाजी के टेकरी में 42.4 मिमी, नवादा के अकबरपुर में 38 मिमी, बेलागंज में 19.4 मिमी और कोंच में 18.2 मिमी बारिश हुई.
  • वहीं, गयाजी के फतेहपुर में 14.8 मिमी, नवादा के गोबिंदपुर में 14.4 मिमी और जहानाबाद के मखदुमपुर में भी 14.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. हालांकि, राजधानी पटना में इस दौरान बिल्कुल बारिश नहीं हुई. राज्य के दक्षिणी इलाकों जैसे गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के कुछ हिस्सों में ही पानी बरसा.

राज्य में अब तक 37 प्रतिशत कम बरसा पानी

  • मौसम विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि मानसून के इस पूरे सीजन में बिहार में अब तक कुल 589.9 मिमी बारिश ही हुई है. जबकि इस दौरान सामान्य रूप से 938.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. इस तरह देखें तो राज्य में अब तक सामान्य से करीब 37 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है.

कैमूर रहा सबसे गर्म, तापमान में आएगी गिरावट

  • बीते दिनों के तापमान पर नजर डालें तो 21 सितंबर को कैमूर का भभुआ सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, 22 सितंबर को रोहतास के डेहरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
  • इसके अलावा बीते कल यानी मंगलवार को कैमूर में सबसे ज्यादा 38.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. दरभंगा में 37.3 डिग्री, पूर्णिया में 36.4 डिग्री, पटना में 35.9 डिग्री, भागलपुर में 35.1 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 34.4 डिग्री और गया में 3.6 डिग्री दर्ज हुआ. मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से दिन के तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

आने वाले दिनों के मौसम का हाल

  • 24 सितंबर: राज्य भर में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी. पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
  • 25 सितंबर: बारिश और ज्यादा तेज हो सकती है. पटना समेत कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
  • 26 सितंबर: मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

मौसम विभाग की आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील

  • तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. बारिश और आंधी के दौरान खुले मैदानों में न जाने की सलाह दी गई है. इसके अलावा पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर मकानों या ढांचों के आसपास शरण न लें.



Source link