Last Updated:
Ajmer 7 Crore Lighting Project: धनतेरस पर अजमेर शहर को रोशनी और सौंदर्यीकरण की बड़ी सौगात मिली है. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पुरानी चौपाटी पर नगर निगम की ओर से कराई गई दीपावली की विशेष सजावट का शुभारंभ किया. साथ ही पुष्कर रोड पर अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से 7 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हैरिटेज लाइटिंग परियोजना का लोकार्पण किया. इसके तहत 244 हैरिटेज पोल और 461 लाइटें लगाई गई हैं. अद्वैत आश्रम से नौसर माता मंदिर और मित्तल तिराहे से टेलीफोन एक्सचेंज तक इन लाइटों से शहर की सुंदरता बढ़ेगी. हटाए गए पुराने पोल और लाइटों का इस्तेमाल चामुंडा माता मंदिर रोड सहित अन्य क्षेत्रों में किया जाएगा. वहीं, दीपावली पर आनासागर झील को सवा लाख दीपों और आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन करने की तैयारी है.
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के पुरानी चौपाटी पर दीपावली की विशेष सजावट का शुभारंभ किया
अजमेर. दीपावली के त्योहार पर अजमेर शहर इस बार रोशनी की खास सजावट से जगमगाने वाला है. धनतेरस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शहरवासियों को रोशनी और सौंदर्यीकरण की सौगात दी. उन्होंने पुरानी चौपाटी पर नगर निगम की ओर से कराई गई विशेष विद्युत सजावट और रोशनी का शुभारंभ किया. इसके साथ ही पुष्कर रोड पर अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से 7 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए हैरिटेज लाइटिंग कार्य का भी लोकार्पण किया. इस परियोजना के तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर 244 हैरिटेज पोल और 461 हैरिटेज लाइटें लगाई गई हैं. इन लाइटों से अजमेर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की खूबसूरती बढ़ने के साथ रात के समय बेहतर रोशनी भी मिलेगी.
7 करोड़ की लागत से लगाए 244 हैरिटेज पोल और 461 लाइटें
देवनानी ने बताया कि अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से शहर की सुंदरता बढ़ाने और सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हैरिटेज लाइटिंग परियोजना पूरी की गई है. इसके तहत अद्वैत आश्रम से नौसर माता मंदिर तक और मित्तल तिराहे से टेलीफोन एक्सचेंज तक हैरिटेज लाइटें लगाई गई हैं. करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से 244 हैरिटेज पोल और 461 लाइटें स्थापित की गई हैं. इन लाइटों के लगने से प्रमुख मार्गों को नया स्वरूप मिलेगा. साथ ही रात में आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर रोशनी की सुविधा मिलेगी.
पुराने पोल और लाइटों का भी होगा इस्तेमाल
इस परियोजना की एक खास बात यह है कि सौंदर्यीकरण के दौरान हटाए गए पुराने पोल और लाइटों को बेकार नहीं छोड़ा जाएगा. उनका भी दोबारा उपयोग किया जा रहा है. देवनानी ने बताया कि हटाए गए पोल और लाइटों को चामुंडा माता मंदिर रोड सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में लगाया जा रहा है. इससे सीमित संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए दूसरे इलाकों में भी प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा.
प्रमुख चौराहों पर लग रही हाईमास्ट लाइटें
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर को सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक शहर बनाने के लिए लगातार विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं. शहर के प्रमुख चौराहों पर जरूरत के अनुसार हाईमास्ट और मिनी हाईमास्ट लाइटें भी स्थापित की जा रही हैं. इससे रात के समय इन स्थानों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. दीपावली पर की गई विशेष सजावट शहरवासियों के उत्साह और त्योहार की रौनक को और बढ़ाएगी. पुरानी चौपाटी पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर अनामिका शर्मा, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, नगर निगम आयुक्त गौरव बुडानिया, पार्षद विनोद डीडवानिया, मोनिका जैन और काश्यपी सांखला सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.