Agency:एजेंसियां
Last Updated:
होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों पर हमलों और आग लगने की घटनाओं से तनाव बढ़ गया है. ग्रीक कंपनी के मुताबिक, उसके टैंकर Velos Sapphire पर हमले में एक नाविक की मौत हुई. वहीं, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दक्षिणी हवाई क्षेत्र में 16वां अमेरिकी MQ-1 ड्रोन मार गिराने का दावा किया है. दूसरी ओर, ईरान के परमाणु ऊर्जा प्रमुख मोहम्मद एस्लामी ने अमेरिकी धमकियों को बौखलाहट बताया.
ईरान का दावा कि उसने अमेरिका के MQ1 ड्रोन को गिरा दिया.
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका को लेकर अपने तेवर और सख्त कर दिए हैं. एक तरफ ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने केशम द्वीप के ऊपर एक और अमेरिकी MQ-1 ड्रोन मार गिराया है. ईरान के मुताबिक, यह इस तरह का 16वां ड्रोन है, जिसे उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने निशाना बनाया है. दूसरी तरफ होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों पर हमलों और आग लगने की घटनाओं ने समुद्री रास्ते की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इसी बीच ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति की परमाणु ठिकानों पर हमले की धमकियों को वॉशिंगटन की बौखलाहट बताया है. यानी समुद्र से लेकर आसमान और परमाणु कार्यक्रम तक, ईरान-अमेरिका के बीच तनाव कई मोर्चों पर बढ़ता दिख रहा है.
ईरान का दावा- 16वां अमेरिकी ड्रोन मार गिराया
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, IRGC ने शुक्रवार को बताया कि उसके नए एयर डिफेंस सिस्टम ने केशम द्वीप के दक्षिणी हवाई क्षेत्र में एक अमेरिकी MQ-1 टोही और लड़ाकू ड्रोन को मार गिराया. IRGC ने बयान जारी कर कहा कि उसकी सेनाएं दुश्मन की हवाई गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं. खुफिया जानकारी और निगरानी के आधार पर अमेरिकी ड्रोन की पहचान की गई और उसे निशाना बनाया गया. ईरान का दावा है कि यह 16वां MQ-1 ड्रोन है, जिसे उसकी सेना ने नष्ट किया है. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है.
इससे पहले मंगलवार को भी IRGC ने तीन अमेरिकी ड्रोन के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही थी. उसके मुताबिक, दो MQM-170 आउटलॉ ड्रोन को केशम द्वीप के ऊपर रोका गया, जबकि एक MQ-9 रीपर ड्रोन को होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में मार गिराया गया.
होर्मुज में तेल टैंकरों पर हमले
ड्रोन गिराने के दावे के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य और फारस की खाड़ी में तेल टैंकरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. शुक्रवार को एक ग्रीक कंपनी के तेल टैंकर Velos Sapphire के मालिक ने बताया कि गुरुवार को खाड़ी में हुए कथित मिसाइल हमले में एक नाविक की मौत हो गई. मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला यह टैंकर खाली था और बहरीन की ओर जा रहा था. कंपनी के मुताबिक, जहाज के बाईं ओर पिछले हिस्से पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. इसके बाद वहां आग लग गई. हालांकि, जहाज के बाकी क्रू मेंबर्स सुरक्षित बताए गए हैं.
ईरान ने कहा- बिना इजाजत रास्ते से गुजर रहे थे टैंकर
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने आरोप लगाया कि दो तेल टैंकरों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए तय रास्ते का पालन नहीं किया. इनमें से एक जलडमरूमध्य के पूर्व में और दूसरा उसके भीतर था. IRGC के मुताबिक, दोनों जहाजों ने अपने नेविगेशन और पहचान से जुड़े सिस्टम बंद कर दिए थे. ईरान ने यह भी दावा किया कि वे अमेरिकी सेना के समर्थन से इस रास्ते से निकलने की कोशिश कर रहे थे. ईरानी बयान में कहा गया कि समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई और उनकी आवाजाही रुक गई. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
ईरान ने बताया बौखलाहट
समुद्री और हवाई मोर्चे पर तनाव के बीच ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने अमेरिका पर निशाना साधा है. IRNA की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस टुडे को दिए इंटरव्यू में इस्लामी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से बार-बार कुह-ए-कोलांग यानी पिकैक्स माउंटेन पर हमले की धमकी देना वॉशिंगटन की बौखलाहट दिखाता है. उन्होंने कहा कि अमेरिका पहले भी ईरान के अलग-अलग ठिकानों को निशाना बनाने की बात करता रहा है. इस्लामी के मुताबिक, ऐसी धमकियां ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका की बेचैनी का संकेत हैं.
IAEA प्रमुख राफेल ग्रोसी पर भी लगाए आरोप
इस्लामी ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के महानिदेशक राफेल ग्रोसी की भी आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रोसी ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी उसके विरोधियों तक पहुंचा रहे हैं और उनके हितों के लिए काम कर रहे हैं. इस्लामी ने इसे अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को मिली शक्तियों का गलत इस्तेमाल बताया. उनका कहना था कि इस तरह की गतिविधियों से इन संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित होती है. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और परमाणु अप्रसार संधि (NPT) की व्यवस्था की कमजोरियों का भी जिक्र किया.
(एजेंसी इनपुट के साथ.)