अमिताभ बच्चन की फोटो, आवाज और नाम का बिना इजाजत नहीं कर सकेंगे इस्तेमाल, दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला


Last Updated:

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन की लोकप्रियता और पहचान का गलत फायदा उठाना अब आसान नहीं होगा. दिल्ली हाईकोर्ट ने उनके नाम, तस्वीर, आवाज और व्यक्तित्व से जुड़ी दूसरी पहचान के व्यावसायिक इस्तेमाल पर हमेशा के लिए पाबंदी लगा दी है. अदालत के इस आदेश के बाद कोई भी उनकी पहचान के सहारे फर्जी वेबसाइट, ऐप या सामान बेचकर कमाई नहीं कर सकेगा. यह फैसला अभिनेता की कानूनी लड़ाई में बड़ी जीत माना जा रहा है.

Top Deals Inside

अमिताभ बच्चन की फोटो-आवाज और नाम का बिना इजाजत नहीं कर सकेंगे इस्तेमाल: कोर्टZoom

अमिताभ बच्चन के पक्ष में हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया है. फाइल फोटो.

नई दिल्ली. बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की पहचान का इस्तेमाल अब कोई भी व्यक्ति अपनी मर्जी से नहीं कर सकेगा. दिल्ली हाईकोर्ट ने महानायक के नाम, फोटो, आवाज और उनकी खास पहचान का बिना अनुमति व्यावसायिक इस्तेमाल करने पर स्थायी रोक लगा दी है. यानी कोई भी व्यक्ति अमिताभ बच्चन की पहचान का इस्तेमाल करके सामान नहीं बेच सकेगा. इसके साथ न ही उनके नाम पर फर्जी ऐप या वेबसाइट चला सकेगा. यह फैसला दिग्गज एक्टर की तरफ से साल 2022 में दायर याचिका पर आया है. कोर्ट ने अपने पुराने अंतरिम आदेश को स्थायी कर दिया है. इस फैसले से अमिताभ बच्चन को ऑनलाइन ठगी और उनकी पहचान के गलत इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी सुरक्षा मिली है.

दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस पुरुषैंद्र कुमार कौरव ने इस मामले में अंतिम आदेश जारी किया है. कोर्ट ने कई लोगों और संस्थाओं को अमिताभ बच्चन के नाम, तस्वीर, आवाज और उनकी पहचान का बिना अनुमति व्यावसायिक फायदा उठाने से रोक दिया है.

अमिताभ बच्चन के पक्ष में हाईकोर्ट का फैसला

यह मामला साल 2022 में अमिताभ बच्चन की ओर से दायर किया गया था. महानायक ने शिकायत की थी कि कई लोग उनकी पहचान का इस्तेमाल करके गलत तरीके से कमाई कर रहे हैं. इसमें मोबाइल ऐप, वेबसाइट, पोस्टर और क्विज बुक जैसी चीजें शामिल थीं. इससे पहले नवंबर 2022 में भी कोर्ट ने इस तरह के इस्तेमाल पर अंतरिम रोक लगाई थी. अब हाईकोर्ट ने उस आदेश को स्थायी कर दिया है.

फर्जी ऐप और पोस्टर बेचने वालों पर भी कार्रवाई

सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि कुछ लोगों ने अमिताभ बच्चन की पहचान का गलत इस्तेमाल किया था. इनमें एक फर्जी वीडियो कॉल ऐप बनाने वाला, बिना अनुमति क्विज बुक प्रकाशित करने वाला, पोस्टर बेचने वाला और वेबसाइट डोमेन रजिस्टर करने वाला शामिल था. इन चारों लोगों ने सुपरस्टार के साथ समझौता किया. उन्होंने गलत इस्तेमाल से जुड़ी सामग्री हटाने और भविष्य में ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया. इसके बाद उन्हें आर्थिक हर्जाने से राहत मिल गई. वहीं, चार अन्य लोगों ने कोर्ट में अपना जवाब दाखिल नहीं किया. ऐसे में अदालत ने उनके खिलाफ भी फैसला सुनाया. कोर्ट का मानना था कि इस मामले में तथ्यों को लेकर ऐसा कोई विवाद नहीं था, जिसके लिए लंबी सुनवाई की जरूरत पड़े.

अब फर्जी नाम से काम करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

इस फैसले की एक खास बात यह है कि कोर्ट ने उन लोगों को भी इसके दायरे में रखा है, जिनकी पहचान अभी सामने नहीं आई है. यानी अगर भविष्य में कोई अज्ञात व्यक्ति अमिताभ बच्चन के नाम, फोटो या आवाज का गलत इस्तेमाल करता है तो अभिनेता उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई कर सकेंगे. अदालत ने उन्हें ऐसे मामलों में नई याचिका दायर करने या सीधे कानूनी कार्रवाई करने की छूट दी है. कानून की भाषा में इस तरह के अज्ञात लोगों के खिलाफ जारी आदेश को ‘जॉन डो’ या ‘अशोक कुमार’ आदेश कहा जाता है.



Source link