Last Updated:
Farmers Protest For Flood Compensation: बस्तर में भीषण बाढ़ से धान की फसल बर्बाद होने पर 10 हजार से अधिक किसानों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया. किसानों ने प्रति एकड़ 65,100 रुपये मुआवजा, मकान के लिए 5 लाख रुपये और कर्ज माफी की मांग की है.
Farmers Protest For Flood Compensation: बस्तर में बीते दिनों आई भीषण बाढ़ के कारण हजारों किसानों की धान की फसल बर्बाद हो गई है. फसल नुकसान का उचित मुआवजा देने और अन्य मांगों को लेकर बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित किसानों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.
प्रदर्शन की जानकारी
इस प्रदर्शन में करीब 10,000 किसान 200 से ज्यादा ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए. किसानों की प्रमुख मांग है कि बाढ़ से बर्बाद हुई धान की फसल के लिए उन्हें प्रति एकड़ 65,100 रुपये का मुआवजा दिया जाए. इसके अलावा बाढ़ से जिन लोगों के मकान प्रभावित हुए हैं, उन्हें 5 लाख रुपये तक का मुआवजा और किसानों का कर्ज माफ किए जाने की मांग की गई है.
किसानों की नाराजगी
किसानों का आरोप है कि वे अपनी मांगों को लेकर पहले भी तीन बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं. किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
प्रभावितों की जुबानी
बस्तर ब्लॉक के मेरलेंगा निवासी फगुनु कश्यप ने बताया कि उन्होंने तीन एकड़ में धान लगाया था और इस पर लगभग 35,000 रुपये खर्च किए थे. बाढ़ के कारण पूरी फसल एक सप्ताह तक पानी में डूबी रही और बर्बाद हो गई. वहीं उसरी निवासी रथी राम कश्यप ने बताया कि उनके छह एकड़ में लगी धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, जिसमें पांच प्रतिशत भी धान नहीं बचा है और जो थोड़ा बहुत धान निकल रहा है वह भी सड़ चुका है.
किसान यूनियन का पक्ष
भारतीय किसान यूनियन के रमेश गोयल ने बताया कि इंद्रावती नदी में बाढ़ आने के कारण 100 प्रतिशत फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है. उन्होंने दोहराया कि प्रशासन उनकी बात नहीं सुन रहा है और अल्टीमेटम देने के बाद आज लगभग 10,000 से अधिक लोग सड़कों पर उतरे हैं तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है.