men observe chhath fast in this samastipur raghunathpur village know tradition

men observe chhath fast in this samastipur raghunathpur village know tradition


Unique Chhath Tradition in Bihar: बिहार में लोक आस्था का महापर्व छठ आते ही चारों ओर भक्तिमय माहौल बन जाता है. कहीं छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देती है तो कहीं सजे-धजे घाटों पर व्रती भगवान सूर्य की उपासना करते नजर आते हैं. आमतौर पर छठ पूजा की चर्चा होते ही लोगों के मन में पानी में खड़ी व्रती महिलाओं की तस्वीर उभरती है, लेकिन समस्तीपुर जिले के एक गांव में छठ की तस्वीर कुछ अलग दिखाई देती है. यहां महिलाओं से अधिक पुरुष छठ व्रत करते हैं. मोरवा प्रखंड की ररियाही पंचायत स्थित रघुनाथपुर गांव में वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवंत है.

गांव के तालाब पर जब छठ पूजा की तैयारियां शुरू होती हैं तो नजारा देखने लायक होता है. सैकड़ों पुरुष व्रती बनकर भगवान भास्कर की आराधना करते हैं. यहां छठ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की पहचान और पूर्वजों से मिली विरासत बन चुका है. उम्र और रोजमर्रा की व्यस्तता भी व्रतियों की आस्था के सामने छोटी पड़ जाती है. ग्रामीण अपनी इस सांस्कृतिक धरोहर को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं.

दादा से पोते तक पहुंची परंपरा, पूर्व मुखिया ने बताई गांव की कहानी
गांव के पूर्व मुखिया फूलन सिंह बताते हैं कि रघुनाथपुर में पुरुषों द्वारा छठ व्रत करने की परंपरा कई पीढ़ियों पुरानी है. उनके पिता ही नहीं, बल्कि दादा और उनसे पहले के पूर्वज भी इसी तालाब पर छठ पूजा करते थे.  आसपास के गांवों में जहां महिलाएं मुख्य रूप से छठ व्रत करती हैं. वहीं रघुनाथपुर में पुरुषों ने इस परंपरा को अपनी अलग पहचान बना लिया है.

फूलन सिंह के मुताबिक, एक समय गांव में लगभग सभी पुरुष छठ व्रत करते थे. समय के साथ अब करीब 20 से 25 प्रतिशत महिलाएं भी इस महापर्व में शामिल होने लगी हैं, लेकिन पुरुषों की भागीदारी आज भी सबसे खास है. गांव के लोग पूर्वजों से मिली इस परंपरा को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहे हैं. छठ के दौरान आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. कई लोग मनोकामना पूरी होने पर मुंडन संस्कार जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी इसी घाट पर कराते हैं.

85 साल की उम्र में भी नहीं टूटी आस्था, बुजुर्गों के हौसले को सलाम
रघुनाथपुर की इस परंपरा की सबसे भावुक तस्वीर तब सामने आती है, जब उम्र के आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुके बुजुर्ग भी पूरे उत्साह से छठ व्रत करते दिखाई देते हैं. गांव के अखिलेश कुमार सिंह बताते हैं कि उनके पिता रामकिशोर सिंह करीब 85 वर्ष के हो चुके हैं, लेकिन उनकी आस्था और उत्साह में आज भी कोई कमी नहीं आई है. वे वर्षों से लगातार छठ व्रत करते आ रहे हैं. अखिलेश के मुताबिक, उम्र बढ़ने के साथ शरीर भले ही कमजोर हुआ हो, लेकिन छठी मैया के प्रति उनके पिता की श्रद्धा पहले जैसी ही है. वे आज भी तालाब के पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं. उनके लिए छठ केवल त्योहार नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा है. अखिलेश को उम्मीद है कि आने वाली पीढ़ी भी इस परंपरा को पूरी निष्ठा से निभाएगी.

रोजगार के लिए देश-विदेश में रहते हैं ग्रामीण, छठ आते ही लौट पड़ते हैं घर
गांव के परमानंद सिंह बताते हैं कि उन्हें अपनी इस पहचान पर गर्व है. रोजी-रोटी और रोजगार के सिलसिले में गांव के कई लोग देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों में रहते हैं. कोई नौकरी करता है तो कोई मजदूरी और कारोबार से जुड़ा है, लेकिन छठ आते ही गांव लौटने की बेचैनी बढ़ जाती है. लोग अपनी व्यस्तताओं के बीच समय निकालकर घर पहुंचते हैं. परिवार के साथ इस महापर्व में शामिल होते हैं. तालाब की सफाई, घाट की सजावट और पूजा की तैयारियों में सभी मिलकर जुट जाते हैं. यहां छठ का इंतजार केवल व्रतियों को नहीं, बल्कि पूरे गांव को रहता है. दरअसल, रघुनाथपुर की पहचान सिर्फ पुरुषों के छठ व्रत करने से नहीं, बल्कि आस्था, रिश्तों और पीढ़ियों के जुड़ाव से भी है. जब 85 साल के बुजुर्ग से लेकर युवा पीढ़ी तक एक ही तालाब पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए खड़ी होती है, तो यह दृश्य बताता है कि परंपराएं तभी जीवित रहती हैं, जब समाज उन्हें दिल से अपनाता है.



Source link