Last Updated:
HDFC Bank CEO : एचडीएफसी बैंक के नए मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ की नियुक्ति होनी है. बैंक बोर्ड ने दो नाम आरबीआई को भेजे हैं. इनमें से किसी एक नाम पर मुहर लगेगी.
एचडीएफसी बैंक के शीर्ष पद को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है.
नई दिल्ली. देश के सबसे बड़े निजी बैंक, एचडीएफसी बैंक ने नए बॉस कौन होगा, इस पर पूरे बैंकिंग सेक्टर की नजर है. बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) की कुर्सी पर तैनाती की उलटी गिनती शुरू हो गई है. बैंक के निदेशक मंडल ने अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार दो नामों का पैनल तैयार कर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को भेज दिया है. हालांकि बैंक ने यह नहीं बताया है कि उसने किन दो नामों को आरबीआई को भेजा है. CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि बैंक ने कैजाद भरूचा (Kaizad Bharucha) और अनूप बागची (Anup Bagchi) के नाम भेजे हैं. अब इनमें से किसी एक के नाम पर मुहर लगने की पूरी उम्मीद है.
भरूचा एचडीएफसी बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, जबकि बागची वर्तमान में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ हैं. लीडरशिप चयन की पहली और मजबूत संभावना यह है कि बैंक अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए आंतरिक उत्तराधिकार पर मुहर लगाए और वर्तमान डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा को शीर्ष पद सौंप दे.
1995 से बैंक का हिस्सा हैं कैजाद भरूचा
भरूचा 1995 से एचडीएफसी बैंक का हिस्सा हैं. 2014 से वे बैंक के पूर्णकालिक निदेशक हैं और 2023 से डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर की भूमिका में रिटेल एसेट्स, मॉर्गेज, कॉरपोरेट बैंकिंग, उभरते कॉरपोरेट्स और ग्रामीण बैंकिंग जैसे विशाल पोर्टफोलियो की कमान संभाल रहे हैं. भरूचा के पक्ष में सबसे बड़ी बात उनका बैंक के डीएनए, कार्यशैली और पोस्ट-मर्जर सिस्टम की गहरी समझ का होना है.
हालांकि, उनकी राह में एक तकनीकी और नियामकीय पेच भी फंसा है. आरबीआई के नियमों के अनुसार किसी निजी बैंक में एमडी, सीईओ या पूर्णकालिक निदेशक का कुल कार्यकाल अधिकतम 15 साल हो सकता है. भरूचा 2014 से पूर्णकालिक निदेशक हैं, इसलिए उनके 3 साल के प्रस्तावित नए कार्यकाल के लिए बैंक ने केंद्रीय बैंक से विशेष नियामकीय छूट और विचार का आग्रह किया है.
क्या अनूप बागची के रूप में आएगा कोई ‘बाहरी’ विजन?
दूसरी बड़ी संभावना एक चौंकाने वाले नेतृत्व परिवर्तन की है, जहां ICICI ग्रुप के पूर्व दिग्गज अनूप बागची एचडीएफसी बैंक के नए कप्तान बन सकते हैं. बागची के पास बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं का 30 साल से अधिक का समृद्ध अनुभव है. वे आईसीआईसीआई बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के प्रमुख रह चुके हैं. 2023 से आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ हैं. विश्लेषकों का मानना है कि बागची जैसे बाहरी लीडर का आना बैंक को एक नया आक्रामक दृष्टिकोण और नए मैनेजमेंट आइडिया दे सकता है.
फिलहाल आरबीआई बागची के नाम की सघन जांच-पड़ताल कर रहा है. चूंकि वे पिछले लगभग तीन वर्षों से कोर कमर्शियल बैंकिंग से दूर बीमा क्षेत्र में रहे हैं, इसलिए केंद्रीय बैंक ने उनके मूल्यांकन के तहत बीमा नियामक (IRDAI) और ICICI Bank से भी इनपुट मांगे हैं. यह एक मानक प्रक्रिया का हिस्सा है और अंतिम निर्णय रिजर्व बैंक के निष्कर्ष पर निर्भर करेगा.