ग्रेटर नोएडा: जमीन अधिग्रहण के बाद 6 फीसदी आबादी भूखंड मिलने का इंतजार कर रहे सिरसा और डाढ़ा गांव के किसानों के लिए दिवाली खुशियां लेकर आई है. लंबे समय से प्राधिकरण के चक्कर लगा रहे 127 किसानों को आखिरकार राहत मिल गई है. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार को इन किसानों के लिए आबादी भूखंड आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी की. इनमें 88 किसानों को ड्रॉ के जरिए भूखंड मिला, जबकि 39 किसानों को आवंटन पत्र सौंप दिए गए. यानी अब इन किसानों का सालों पुराना इंतजार खत्म होने जा रहा है.
दरअसल, सिरसा और डाढ़ा गांव के किसानों की जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिग्रहित की थी. इसके बदले किसानों को 6 फीसदी आबादी भूखंड दिया जाना था, लेकिन लंबे समय से इसका आवंटन अटका हुआ था. किसान लगातार इसकी मांग कर रहे थे. उन्होंने प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के सामने भी अपनी समस्या रखी थी. इसके बाद सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द आवंटन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए.
88 किसानों को ड्रॉ से मिला भूखंड
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, सिरसा गांव के कुल 120 भूखंडों में से 81 समान आकार के भूखंड थे. इनका आकार 40 वर्ग मीटर से लेकर 500 वर्ग मीटर तक है. शुक्रवार को इन 81 भूखंडों का ड्रॉ निकाला गया, जबकि बाकी 39 अलग-अलग आकार के भूखंडों के आवंटन पत्र जारी कर दिए गए. वहीं, डाढ़ा गांव के सात समान आकार के भूखंडों के लिए भी ड्रॉ कराया गया. इन किसानों को जल्द ही आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे. इस तरह दोनों गांवों के कुल 127 किसानों को भूखंड आवंटन की प्रक्रिया से राहत मिली है.
किसानों को अब और इंतजार नहीं कराएगा प्राधिकरण
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि किसानों को 6 फीसदी आबादी भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है. सिरसा और डाढ़ा गांव की तरह दूसरे गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द भूखंड दिए जाएंगे. सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जिन गांवों में किसानों का आवंटन अभी बाकी है, वहां प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए.
किसानों ने फैसले को बताया दिवाली का बड़ा तोहफा
लंबे समय से आबादी भूखंड का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे पर आवंटन के बाद खुशी नजर आई. किसानों ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद बड़ी संख्या में किसानों को भूखंड मिलने से उन्हें राहत मिली है. उन्होंने इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्राधिकरण के सीईओ और अधिकारियों का आभार जताया. किसानों ने प्राधिकरण की पिछली बोर्ड बैठक में लिए गए फैसलों की भी सराहना की. उनका कहना है कि अब आबादी भूखंड की पात्रता में माता-पिता के साथ सास-ससुर को भी शामिल करने का फैसला लिया गया है. इससे किसानों के परिवारों को फायदा मिलेगा. इसके अलावा जमीन के मुआवजे में बढ़ोतरी करने के प्रदेश सरकार के फैसले को भी किसानों ने अहम बताया.
दूसरे गांवों के किसानों को कब मिलेगा प्लॉट?
सिरसा और डाढ़ा गांव के किसानों को भूखंड आवंटित होने के बाद अब दूसरे गांवों के किसानों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं. प्राधिकरण ने साफ किया है कि जिन गांवों के पात्र किसानों को अभी तक 6 फीसदी आबादी भूखंड नहीं मिला है, उन्हें भी जल्द आवंटन किया जाएगा. इसके लिए संबंधित विभागों को लगातार प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. यानी अब दूसरे गांवों के किसानों को भी अपने आबादी भूखंड का इंतजार है.