Last Updated:
Khairthal-Tijara Sarpanch Chunav Violence: खैरथल-तिजारा जिले में पंचायत चुनाव का परिणाम आने के बाद हिंसा का मामला सामने आया है. तिजारा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पालपुर से सरपंच पद पर विजयी हुईं मुन्नी पत्नी अकरम खान पर हमला किया गया. पुलिस उन्हें सुरक्षा में घर छोड़ने जा रही थी. इसी दौरान घेरबसई गांव में कुछ लोगों ने पुलिस और सरपंच की गाड़ियों को घेरकर पथराव कर दिया. हमलावरों ने लाठी-डंडों से भी वाहनों पर हमला किया. घटना में चौपांकी थाने का एक ASI घायल हो गया, जबकि सरपंच की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए. पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा. पुलिस ने दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सरपंच मुन्नी ने भी शेखपुर अहीर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में शांति है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
तिजारा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पालपुर से सरपंच पद पर विजयी हुईं मुन्नी पर हमला
अलवर. खैरथल-तिजारा जिले की तिजारा पंचायत समिति में पंचायत चुनाव का परिणाम आने के बाद हिंसा का मामला सामने आया है. ग्राम पंचायत पालपुर से सरपंच पद पर विजयी घोषित हुईं मुन्नी पत्नी अकरम खान को पुलिस घर छोड़ने जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में घेरबसई गांव के पास कुछ लोगों ने पुलिस और सरपंच की गाड़ियों को घेर लिया. हमलावरों ने पथराव करने के साथ लाठी-डंडों से दोनों वाहनों पर हमला कर दिया. घटना में चौपांकी थाने का एक एएसआई घायल हो गया, जबकि सरपंच की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए.
पुलिस वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मौके पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाया गया और विजयी सरपंच मुन्नी को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया. पुलिस ने इस मामले में दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
जीत के बाद घर छोड़ने जा रही थी पुलिस
तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि पंचायत समिति तिजारा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पालपुर में मतगणना के बाद सरपंच प्रत्याशी मुन्नी को विजयी घोषित किया गया था. इसके बाद पुलिस सुरक्षा में उन्हें घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई. पुलिस की गाड़ी सरपंच के वाहन के साथ जा रही थी. इसी दौरान शेखपुर अहीर थाना क्षेत्र के घेरबसई गांव में कुछ लोगों ने दोनों गाड़ियों को घेर लिया. हमलावरों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया और लाठी-डंडों से वाहनों पर हमला बोल दिया. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
सरपंच की गाड़ी के शीशे तोड़े, पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त
हमले में चौपांकी थाने के एक एएसआई को चोटें आई है. वहीं, सरपंच मुन्नी की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया. हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी को भी निशाना बनाया और उस पर पथराव कर काफी नुकसान पहुंचाया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और विजयी सरपंच को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया.
दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज
घटना के बाद शेखपुर अहीर थाने में मामला दर्ज किया गया है. सरपंच मुन्नी की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है. पुलिस ने दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में किसी प्रकार का तनाव नहीं है. पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है. पंचायत चुनाव में जीत के बाद हुई इस घटना को लेकर पुलिस हमले के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.