मंत्री ओमप्रकाश राजभर के काफिले की गाड़ी कल्टीवेटर से टकराई, संभल में पिकअप पलटने से 12 मजदूर घायल

मंत्री ओमप्रकाश राजभर के काफिले की गाड़ी कल्टीवेटर से टकराई, संभल में पिकअप पलटने से 12 मजदूर घायल


Last Updated:

OP Rajbhar Accident: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को दो बड़े सड़क हादसे सामने आए हैं. सुल्तानपुर जिले में पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के काफिले की स्कॉर्ट इनोवा कार एक ट्रैक्टर के कल्टीवेटर से टकरा गई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई हालांकि सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं. वहीं दूसरी घटना संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां मजदूरों से भरी एक पिकअप गाड़ी चालक को नींद की झपकी आने के कारण पलट गई, जिसमें 12 मजदूर घायल हो गए और 9 की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किए गए.

Zoom

हादसे की शिकार हुई ओपी राजभर के काफिले की गाड़ी. (सोशल मीडिया से ली गई तस्वीर)

OP Rajbhar News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के काफिले की स्कॉर्ट इनोवा कार एक भीषण हादसे का शिकार हो गई. यह दुर्घटना हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर हसुई मुकुन्दपुर गांव के पास हुई, जब मंत्री का काफिला गुजर रहा था. अचानक खेत की जुताई कर रहे एक ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से काफिले की स्कॉर्ट इनोवा कार जोरदार तरीके से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

गनीमत यह रही कि कार में सवार सभी पुलिसकर्मी पूरी तरह सुरक्षित बच गए और किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलते ही हलियापुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद पुलिसकर्मियों को सुरक्षित रूप से लखनऊ रवाना किया गया.

सिंहनी के कार्यक्रम से लौट रहे थे मंत्री
मंत्री ओमप्रकाश राजभर बल्दीराय तहसील क्षेत्र के सिंहनी स्थित अमृत गार्डेन में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हलियापुर के रास्ते लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान खेत की जुताई कर हलियापुर से बहुरावां की ओर जा रहे ट्रैक्टर से काफिले की स्कॉर्ट इनोवा टकरा गई।ट्रैक्टर में पीछे लगा कल्टीवेटर इनोवा से भिड़ गया.

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी पिकअप पलटी
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के संभल जिले में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के सुबह करीब पांच बजे एक भीषण दुर्घटना घटित हुई. हरियाणा के करनाल में मजदूरी करने वाले बदायूं के करीब 30 मजदूर दीपावली के पावन त्योहार पर पिकअप गाड़ी में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बहजोई कोतवाली क्षेत्र के गांव डाढ़ोल के सामने वाहन चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई.

12 मजदूर हुए घायल, 9 गंभीर रूप से रेफर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस भीषण सड़क दुर्घटना में पिकअप पर सवार लगभग 12 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मलिक अपनी पुलिस टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और यूपीडा की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बहजोई पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 9 मजदूरों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया.



Source link