Last Updated:
पत्रकार मनीष कश्यप ने अनुष्का शर्मा के साथ अपने रिश्ते का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. चुनाव के दौरान इंटरव्यू से शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब शादी तक पहुंच गई है. सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. समर्थकों और फैंस में इसको लेकर जबरदस्त उत्साह है।
मनीष कश्यप और अनुष्का शर्मा की फोटो
पटनाः बिहार के चर्चित यूट्यूबर और पत्रकार मनीष कश्यप इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया पर अनुष्का शर्मा (अनुष्का कुमारी) के साथ अपनी तस्वीरें शेयर की हैं. इसके साथ ही उन्होंने अपने रिश्ते पर आधिकारिक मुहर लगा दी है. उनका यह पोस्ट अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस प्रेम कहानी की शुरुआत काफी दिलचस्प तरीके से हुई थी. कुछ साल पहले मनीष कश्यप पटना यूनिवर्सिटी में रिपोर्टिंग करने गए थे. उस दौरान अनुष्का शर्मा छात्र संघ का चुनाव लड़ रही थीं. मनीष ने उनका एक इंटरव्यू लिया था. बस, यहीं से दोनों की बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गया.
अनुष्का छात्र राजनीति में सक्रिय
अनुष्का शर्मा मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर की रहने वाली हैं. वह पटना वीमेंस कॉलेज से मास कम्युनिकेशन की छात्रा रह चुकी हैं. पढ़ाई के साथ-साथ वह छात्र राजनीति में भी काफी सक्रिय रहीं. अनुष्का ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की तरफ से पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ (PUSU) में अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ा था.
मनीष कश्यप ने हाल ही में ‘राइज एंड फॉल’ नामक रियलिटी शो में हिस्सा लिया था. इसी शो के दौरान उन्होंने पहली बार दुनिया के सामने यह कबूला था कि उनकी एक गर्लफ्रेंड है. शो खत्म होने के बाद मुंबई में उन्होंने अनुष्का के साथ अपनी तस्वीरें साझा कीं. दोनों ने सोशल मीडिया पर प्यार भरा ऐलान किया.
अनुष्का ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि जिस खूबसूरत एहसास को उन्होंने ख्वाबों में देखा था, आज वह हमसफर उनके साथ है. वहीं, मनीष कश्यप ने लिखा कि हमसफर का साथ मिलने से अब जिंदगी का हर सफर खूबसूरत होगा. दोनों ने अपनी इस नई शुरुआत पर खुशी जताई है. तस्वीर में दोनों ब्लैक शर्ट और ब्लू जींस में नजर आ रहे हैं. उनके मैचिंग अंदाज और जूतों ने भी लोगों का खूब ध्यान खींचा है.
दोनों का राजनीतिक संयोग
इस रिश्ते में एक मजेदार राजनीतिक संयोग भी देखने को मिलता है. जैसे शादियों में गुण मिलाए जाते हैं, वैसे ही इन दोनों के चुनावी नतीजे भी आपस में मेल खाते हैं. मनीष कश्यप ने पश्चिम चंपारण की चनपटिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और दोनों बार वह तीसरे स्थान पर रहे थे. वहीं, अनुष्का शर्मा भी पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी की तरफ से अध्यक्ष पद की रेस में थीं और वह भी चुनाव हारकर तीसरे नंबर पर ही रहीं. दोनों को भले ही राजनीति में जीत नहीं मिली, लेकिन उनके संघर्ष की कहानी एक जैसी रही है.
सोशल मीडिया पर इस जोड़े को लगातार बधाइयां मिल रही हैं. एक पत्रकार का अपनी ही इंटरव्यूई के साथ इस तरह रिश्ते में आना लोगों के बीच काफी चर्चा का विषय बना हुआ है. फैंस और समर्थक दोनों की शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.