Last Updated:
IPS Kamya Mishra : बिहार की पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से उनकी मुलाकात है. काम्या मिश्रा ने पटना में संजय झा से मुलाकात की और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं. इस मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में काम्या मिश्रा की एंट्री को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. क्या वह सियासत में नई पारी शुरू करने की तैयारी कर रही हैं या यह महज एक शिष्टाचार मुलाकात थी?
पूर्व आईपीएस काम्या मिश्रा की जेडीयू नेता संजय झा से मुलाकात. (तस्वीर क्रेडिटः एक्स @SanjayJhaBihar)
पटनाः कभी बिहार पुलिस में अपने सख्त तेवर और तेजतर्रार अंदाज से पहचान बनाने वाली पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई पुलिस एक्शन नहीं, बल्कि JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से उनकी मुलाकात है. पटना में हुई इस मुलाकात की तस्वीरें दोनों ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इसे दिवाली की शुभकामनाओं से जुड़ी मुलाकात बताया गया. हालांकि, इस मुलाकात के बाद काम्या मिश्रा के बिहार की राजनीति में आने की चर्चाएं भी तेज हो गईं.
संजय झा ने बताया दिवाली की शुभकामना भेंट
काम्या मिश्रा संजय झा के पटना स्थित सरकारी आवास पर पहुंचीं. मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए काम्या ने लिखा कि बिहार को राष्ट्रीय मुख्यधारा में मजबूत पहचान दिलाने के लिए संजय झा के प्रयास प्रेरणादायी हैं. वहीं, संजय झा ने भी इस मुलाकात को दिवाली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान से जुड़ी शिष्टाचार भेंट बताया. हालांकि, काम्या मिश्रा की राजनीतिक सोच और पहले दिए गए बयानों को देखते हुए इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं. फिलहाल उनकी ओर से राजनीति में आने को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है.
जेडीयू नेता संजय झा ने सोशल मीडिया हेंडल एक्स पर तस्वीर शेयर की.
जीतनराम सहनी हत्याकांड से मिली थी पहचान
काम्या मिश्रा 2019 बैच की IPS अधिकारी रही हैं. UPSC परीक्षा में उन्होंने 172वीं रैंक हासिल की थी. ट्रेनिंग के बाद उन्हें हिमाचल कैडर मिला था, लेकिन बाद में वे बिहार आ गईं. दरभंगा में ग्रामीण SP रहते हुए उन्होंने VIP प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतनराम सहनी हत्याकांड का खुलासा किया था. इस मामले की जांच और अपराधियों तक पहुंचने में उनकी भूमिका की काफी चर्चा हुई थी. इससे पहले वैशाली के लालगंज में SHO रहते हुए भी उनके सख्त अंदाज की पहचान बनी थी. इसी वजह से उन्हें ‘लेडी सिंघम’ कहा जाने लगा.
IPS की नौकरी छोड़ अब संभाल रहीं पारिवारिक कारोबार
काम्या मिश्रा ने अगस्त 2024 में दरभंगा ग्रामीण SP के पद से इस्तीफा दे दिया था. बाद में उनका इस्तीफा मंजूर हो गया. नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने अपने पारिवारिक कारोबार की जिम्मेदारी संभाली. फिलहाल वे GM आयरन एंड स्टील कंपनी में डायरेक्टर हैं. कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस कोलकाता में है और इसकी फैक्ट्रियां ओडिशा और झारखंड में हैं.
पति भोजपुर में IPS अधिकारी
काम्या मिश्रा की शादी 2019 बैच के IPS अधिकारी अवधेश कुमार दीक्षित से हुई है. अवधेश दीक्षित फिलहाल भोजपुर जिले में SP के पद पर तैनात हैं. पति की बिहार में पोस्टिंग के चलते काम्या का भी राज्य से जुड़ाव बना हुआ है. काम्या पहले भी कह चुकी हैं कि समाज में बदलाव और नीतिगत सुधार के लिए पढ़े-लिखे लोगों को राजनीति में आना चाहिए.