थैंक यू लाला… शमी के संन्यास के बाद फैंस बोले- लोगों को चैन मिल गया होगा
Last Updated:
shami test retirement fans reaction: मोहम्मद शमी ने 13 साल के अपने टेस्ट करियर को विराम दे दिया है. शमी ने 2013 में 6 नवंबर को टेस्ट में डेब्यू किया था और उसके ठीक तेरह साल बाद उसी दिन को इस फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया. शमी के टेस्ट और फर्स्ट क्लास रेड बॉल क्रिकेट को छोड़ने से उनके फैंस निराश हैं. लोगों को जैसे ही यह पता चला कि शमी ने टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है, उसके बाद लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी.
शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए शुक्रवार का दिन एक भावुक कर देने वाला पल लेकर आया. तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के संन्यास की खबर से सोशल मीडिया पर निराशा और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. 13 सालों तक लाल गेंद से विपक्षी बल्लेबाजों के दिलों में खौफ पैदा करने वाले ‘लाला’ यानी मोहम्मद शमी ने जब टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा तो फैंस अपने पसंदीदा गेंदबाज को विदा करते हुए काफी भावुक नजर आए. एक यूजर ने अपना दर्द साझा करते हुए लिखा, ‘लाला, आज कुछ लोगों को चैन मिल गया होगा,’ तो वहीं दूसरे यूजर ने उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए लिखा,’आपके योगदान को भारत और क्रिकेट प्रेमी कभी नहीं भूलेंगे.’ सोशल मीडिया पर हर तरफ ‘हैप्पी रिटायरमेंट लाला’ के मैसेज छा गए. जो इस बात का गवाह हैं कि टेस्ट जर्सी में शमी का यह सफर भारतीय फैंस के दिलों में कितनी खास जगह रखता है.
छत्तीस वर्षीय मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) लंबे समय से भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे थे और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारतीय टीम में जगह नहीं बना पा रहे थे. आखिरकार उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने संन्यास का ऐलान किया. शमी ने सफेद जर्सी को अलविदा कहते हुए स्पष्ट किया कि वह वनडे और टी-20 जैसे सीमित ओवरों के प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि जब उन्होंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी. तब उनका सिर्फ एक ही सपना था- देश के लिए कुछ कर दिखाना. इसके बाद हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया. टेस्ट क्रिकेट को अपनी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा बताते हुए उन्होंने भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ संन्यास लेने की घोषणा की.
शानदार आंकड़े और करियर का सफर
मोहम्मद शमी के टेस्ट करियर का सफर आंकड़ों और शानदार स्पेल की एक अनूठी दास्तान रहा है. 6 नवंबर 2013 को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज करने वाले शमी ने 13 साल के लंबे सफर में भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 27.71 की बेहतरीन गेंदबाजी औसत से कुल 229 विकेट अपने नाम किए. अपने इस सफल टेस्ट करियर के दौरान उन्होंने छह बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट हासिल करने का कारनामा अंजाम दिया.
नई और पुरानी गेंद से सीम और स्विंग का जादू
शमी की सबसे बड़ी ताकत नयी और पुरानी दोनों गेंदों से सीम और स्विंग हासिल करने की अद्भुत क्षमता थी. इसी हुनर के दम पर वे भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के सबसे मजबूत स्तंभ बने और विदेशी पिचों पर भी अपनी एक अलग और खास पहचान बनाई. खासतौर पर दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और खुद भारत की धरती पर शमी का प्रदर्शन बेमिसाल रहा. इन तीनों देशों में खेले गए 35 टेस्ट मैचों में उन्होंने 25 से भी कम की शानदार औसत से 131 विकेट झटके. जो उनके दबदबे को साफ बयां करता है.
दक्षिण अफ्रीका में यादगार प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका की उछालभरी और तेज पिचों पर शमी का प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जोहानिसबर्ग टेस्ट की दूसरी पारी में शमी ने सिर्फ 28 रन देकर 5 विकेट झटके थे. जिसके दम पर भारत को उस कठिन सीरीज में एक सांत्वना जीत नसीब हुई थी. इसके बाद जब भारतीय टीम अगले दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पहुंची. तो सेंचुरियन के मैदान पर शमी ने एक बार फिर अपनी आग उगलती गेंदों से कहर बरपाया और पूरे मैच में 8 विकेट लेकर भारत की ऐतिहासिक जीत की नींव रखी.
आखिरी मुकाबला और सीमित ओवरों में सफर जारी
शमी ने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लंदन के द ओवल मैदान पर आयोजित विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में खेला था. इसके बाद लगातार चोटों और फिटनेस समस्याओं के कारण उनका टेस्ट करियर प्रभावित रहा और वे टीम से दूर होते चले गए. हालांकि, टेस्ट प्रारूप से दूर रहने के बावजूद वह सीमित ओवरों की क्रिकेट में भारतीय टीम का अनिवार्य और अहम हिस्सा बने रहे. भले ही अब लाल गेंद से शमी की सीम बॉलिंग देखने को न मिलें. लेकिन 13 सालों के इस सुनहरे सफर में उन्होंने जो यादें छोड़ी हैं, वे भारतीय क्रिकेट के स्वर्णिम इतिहास में हमेशा दर्ज रहेंगी.