Last Updated:
PCS Officer Anupama Saroj Singh: उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक गलियारों में इस्तीफों और वीआरएस का एक अलग ही दौर चल रहा है. आईएएस दिव्या मित्तल के बाद अब जीएसटी विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात पीसीएस अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने भी अपनी सरकारी नौकरी को अलविदा कह दिया है. अनुपमा का राजनीतिक और प्रशासनिक घराने से गहरा नाता है, जहां उनके पिता आईपीएस और पति समाजवादी पार्टी के नेता हैं. उनके इस स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) को आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में राजनीतिक पारी शुरू करने से जोड़ा जा रहा है. (सभी फोटो एक्स हैंडल- @anupamaraag1 से ली गईं हैं.)
उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में इन दिनों महिला अधिकारियों के इस्तीफे और वीआरएस लेने का सिलसिला सियासी गलियारों में सबसे बड़ा चर्चा का विषय बन गया है. कुछ समय पहले ही चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के प्रशासनिक सेवा छोड़ने के बाद अब पीसीएस अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. राज्य कर विभाग में डिप्टी कमिश्नर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहीं अनुपमा के इस कदम ने राजनीतिक सरगर्मी को अचानक से काफी तेज कर दिया है.
दिव्या मित्तल के बाद अनुपमा सरोज सिंह का प्रशासनिक नौकरी छोड़ना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उच्च पदों पर बैठी महिला अधिकारी अब जनता के बीच सीधे तौर पर काम करने के लिए राजनीति का रुख कर रही हैं. जिस तरह से दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद उनके राजनीतिक मैदान में उतरने के कयास लगाए गए थे, ठीक उसी तरह अनुपमा सरोज के वीआरएस को भी आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है.
अनुपमा सरोज सिंह का परिवार किसी परिचय का मोहताज नहीं है और उनका बैकग्राउंड पूरी तरह से प्रशासनिक तथा राजनीतिक दिग्गजों से भरा पड़ा है. उनके पिता आरपी सरोज 1964 बैच के एक बेहद प्रतिष्ठित आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं और पुलिस प्रशासन में एडीजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. परिवार में कानून और व्यवस्था की लंबी विरासत रही है, जिसने अनुपमा के शुरुआती जीवन और करियर को एक मजबूत दिशा प्रदान की थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
राजनीतिक लिहाज से भी अनुपमा का परिवार बेहद प्रभावशाली माना जाता है. उनकी मां सुशीला सरोज समाजवादी पार्टी की दिग्गज नेत्री रही हैं, जो 2004 में लखनऊ की मोहनलालगंज सीट से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और मुलायम सिंह यादव की सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद भी संभाल चुकी हैं. इसके अलावा, अनुपमा के पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं और लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं.
केवल माता-पिता और पति ही नहीं, बल्कि अनुपमा के पूरे परिवार में सिविल सेवा अधिकारियों की एक लंबी फेहरिस्त मौजूद है. उनकी बड़ी बहन एक प्रतिष्ठित पीसीएस अधिकारी रह चुकी हैं, जबकि छोटी बहन वर्तमान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के पद पर तैनात हैं. इसके अलावा उनके बहनोई उत्तर प्रदेश के डीजीपी पद से रिटायर हुए एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं, और दूसरे बहनोई एक जाने-माने आईएफएस (IFS) अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
अनुपमा सरोज सिंह ने इसी साल जून के महीने में अपने वीआरएस के लिए आवेदन किया था, जिसे प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अक्तूबर में आधिकारिक तौर पर मंजूर कर लिया गया. नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश जारी किया.
मूल रूप से प्रशासनिक सेवा में अपनी धाक जमाने वाली अनुपमा सरोज की एक अन्य पहचान एक प्रतिभावान पार्श्व गायिका के तौर पर भी है. प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ कला और संगीत से उनका पुराना लगाव रहा है. नौकरी छोड़ने के बाद अब वे पूरी तरह से सार्वजनिक जीवन और सामाजिक कार्यों में सक्रिय होने जा रही हैं.
राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा बहुत जोर पकड़ चुकी है कि अनुपमा सरोज सिंह आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा सकती हैं. उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सिधौली क्षेत्र में उनके समर्थकों द्वारा दीपावली की बधाई देती हुई होर्डिंग्स भी लगाई गई हैं, जिनमें उन्हें एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में प्रस्तुत किया गया है.