Last Updated:
इंदौर के बाजारों में एक मिठाई सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच रही है. यह मिठाई 40 हजार रुपए किलो के हिसाब से बिक रही है. खास बात ये है कि इसे 24 कैरेट सोने और कश्मीरी केसर से तैयार किया जाता है. इसी वजह से यह लोगों को काफी पसंद आ रही है और इसे जमकर खरीदा भी जा रहा है. आइए जानते हैं, इस मिठाई के बारे में.
इंदौर में 40000 रुपए किलो बिक रही खास मिठाई
(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में इस बार दीपावली पर महंगी मिठाइयों की खूब डिमांड है. ड्राई फ्रूट्स से तैयार प्रीमियम मिठाइयां ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं. मिठाइयों की कीमतें भी हैरान करने वाली हैं. इंदौर में इस बार 40 हजार रुपए किलो तक की मिठाई बिक रही है. इस खास मिठाई को पिस्ता, कश्मीरी केसर और 24 कैरेट सोने की परत से तैयार किया गया है. इसे मध्य प्रदेश की सबसे महंगी मिठाई बताया जा रहा है. खास बात यह है कि लोग इस मिठाई को भगवान को भोग लगाने और खास लोगों को उपहार देने के लिए खरीद रहे हैं.
बाजारों की रौनक बढ़ा रही मिठाई
स्वाद की राजधानी इंदौर में ड्राई फ्रूट्स से बनी महंगी मिठाइयां इस बार बाजारों की रौनक बढ़ा रही हैं. कुछ ग्राहक हजारों रुपये खर्च कर इन्हें खरीद रहे हैं, तो कई लोग सिर्फ सोने की परत से सजी इस मिठाई को देखने के लिए दुकानों तक पहुंच रहे हैं. दीपावली पर मिठाइयों की इस खास रेंज ने बाजार में अलग ही आकर्षण पैदा कर दिया है. सोने से सजी मिठाई की कीमत और इसकी खास बनावट लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. इसे बनाने का प्रोसेस भी पूरा अलग है.
लोगों को आकर्षण का केंद्र बनी मिठाई
इस खास मिठाई का नाम ‘The Royal Opulence’ है, जिसे पिस्ता, कश्मीरी केसर और 24 कैरेट सोने की परत से बनाया जाता है. इसे बनाने में काफी मेहनत लगती है. इसकी कीमत 40 हजार रुपए प्रति किलो है. अब यह मिठाई ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.