Last Updated:
Link Expressway in UP : यूपीडा ने प्रदेश में बनाए जाने वाले 5 लिंक एक्सप्रेसवे के ठेकेदारों का नाम फाइनल कर दिया है. इन लिंक एक्सप्रेसवे के बनाए जाने के बाद यूपी के हर कोने से आवाजाही आसान हो जाएगी. यूपी में पहले से ही देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे बनाए जा चुके हैं और अब इन सभी ई-वे को आपस में जोड़ने की तैयारी है. इससे पूरब से लेकर पश्चिम यूपी तक आराम से पहुंचा जा सकेगा. यह पांचों लिंक एक्सप्रेसवे कहां बनाए जा रहे हैं, इसकी लोकेशन से आपको भी अपनी आवाजाही का अंदाजा हो जाएगा.
यूपी में सड़क निर्माण की देखरेख करने वाली एजेंसी यूपीडा (UPEIDA) ही इन सभी 5 लिंक एक्सप्रेसवे की भी निगरानी करेगी. इसके लिए यूपीडा ने 8 पैकेज निर्धारित किए थे और सभी पैकेज के लिए ठेकेदारों से निविदा मंगाई थी. अब यूपीडा ने इसे बनाने के लिए सभी 8 ठेकेदारों के नाम फाइनल कर दिए हैं. इस प्रोजेक्ट पर करीब 17,104 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा और इसे तीन साल के भीतर पूरा करने का अनुमान है.
इन 5 लिंक एक्सप्रेसवे में सबसे पहला नंबर आता है लखनऊ-आगरा से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने का. दोनों एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए 51 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है. यह ई-वे 6 लेन का बनाया जाएगा, जिसे बाद में 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है. इसकी कुल लागत करीब 3,008 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसके तैयार होने के बाद दोनों एक्सप्रेसवे के बीच महज 25 मिनट में पहुंचा जा सकेगा. इस ई-वे को 120 किलोमीटर की स्पीड से चलने के लिए डिजाइन किया गया है.
यूपीडा ने गंगा एक्सप्रेसवे को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए भी एक लिंक ई-वे बनाने का ठेका दिया है. यह लिंक ई-वे करीब 91 किलोमीटर लंबा होगा. यह ई-वे फर्रुखाबाद के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे को आगरा-लखनऊ और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. शुरुआत में इसे 6 लेन का बनाया जा रहा है, जो बाद में 8 लेन तक बढ़ाया जा सकेगा. इसकी लागत करीब 7,488.74 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है. इसके तैयार होने के बाद इटावा, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, शाहजहांपुर और हरदोई जिलों में आवाजाही आसान हो जाएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
यूपी सरकार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को झांसी से जोड़ने के लिए 106 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे बनाने का ठेका दिया है. इसे भी पहले 6 लेन का बनाया जाएगा और बाद में 8 लेन तक बढ़ा दिया जाएगा. इस ई-वे से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को सीधे झांसी से जोड़ा जा सकेगा. यह लिंक ई-वे जालौन जिले से शुरू होगा ओर झांसी के अंबाबाई में जाकर खत्म होगा. इसे बनाने पर करीब 7,968 करोड़ का खर्चा आने का अनुमान है. इस ई-वे पर भी वाहनों की अधिकतम स्पीड 120 किलोमीटर रहेगी.
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ही एक और लिंक ई-वे बनाया जाएगा. यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड ई-वे को सीधे चित्रकूट धाम से जोड़ेगा. इसकी कुल लंबाई करीब 15 किलोमीटर है और शुरुआत में इसे 4 लेन का बनाया जाएगा. इस ई-वे को बनाने पर करीब 1,008 करोड़ रुपये का खर्चा आने का अनुमान है, जिसकी पूरी फंडिंग यूपी सरकार करेगी. ई-वे पर वाहनों की अधिकतम स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी और इस पर 1 बड़ा पुल बनाने के साथ ही 4 छोटे पुल भी बनाए जाएंगे. साथ ही 17 अंडरपास भी बनेगा.
यूपी के 2 सबसे बड़े एक्सप्रेसवे गंगा ई-वे और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए जेवर एयरपोर्ट के पास से एक लिंक ई-वे बनाया जाएगा. जेवर एयरपोर्ट के पास से 74.5 किलोमीटर का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट यूपीडा की देखरेख में शुरू किया जा रहा है. यह लिंक ई-वे जेवर एयरपोर्ट के पास भाईपुर गांव से शुरू होगा और यमुना एक्सप्रेसवे से आकर मिलेगा. दूसरी ओर बुलंदरशहर में जाकर गंगा एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा. इस ई-वे को शुरुआत में 4 लेन का बनाया जाएगा और बाद में इसे बढ़ाकर 6 लेन किया जा सकता है.
यूपीडा के इन पांचों लिंक ई-वे के तैयार होने के बाद यूपी में हर दिशा में कनेक्टिवटी बढ़ जाएगी. गंगा और यमुना ई-वे के जुड़ने से पूरब से पश्चिम तक आने-जाने वालों को एक से दूसरे एक्सप्रेसवे पर जाने में भी आसानी होगी. साथ ही झांसी और चित्रकूट जाना भी आसान हो जाएगा. बुंदेलखंड ई-वे पर लिंक एक्सप्रेसवे बनाए जाने के बाद नीम करौरी तक जाना भी आसान हो जाएगा, क्योंकि यह हरदोई के पास जुड़ेगा और वहां से बरेली के रास्ते नीम करौरी पहुंचा जा सकेगा.