गोबर से गौरी-गणेश की मूर्तियां बनाकर खड़ा की कारोबार, प्रयागराज की महिलाओं ने बनाया रोजगार का नया मॉडल

गोबर से गौरी-गणेश की मूर्तियां बनाकर खड़ा की कारोबार, प्रयागराज की महिलाओं ने बनाया रोजगार का नया मॉडल


प्रयागराज: घर पर रहकर अगर काम का हुनर देखना है तो इन महिलाओं का देखें जिन्‍होंने घर से ही गोबर से दीये और मूर्तियां बनाकर आज अच्‍छे रूपये कमा रही है. प्रयागराज की रहने वाली ये मह‍िलाएं इस काम को रोजगार का जरिया बना लिया है. कभी इस काम को लेकर लोगों के ताने सुनने पड़ते थे, आज उनके बनाए दीये और मूर्तियों की मांग दूसरे जिलों और राज्यों तक पहुंच रही है. महिलाएं घरों में रहकर हाथों से दीये और मूर्तियां तैयार करती हैं. दिवाली के मौके पर इनकी मांग बढ़ जाती है. वर्तिका स्वयं सहायता समूह के जरिए महिलाएं इस काम से जुड़कर अपनी पहचान बना रही हैं.

वर्तिका द्विवेदी ने लोकल 18 को बताया क‍ि उन्‍होंने इस समूह की शुरुआत करीब छह साल पहले ने थी. गणेश चतुर्थी के दौरान कुछ महिलाएं एक साथ बैठी थी. सभी ने मिलकर गौरी-गणेश की मूर्तियां बनाई थी. यहीं से गोबर से पर्यावरण के अनुकूल सामान बनाने का विचार आया. इसके बाद महिलाओं का समूह बनाकर काम शुरू किया गया. शुरुआत आसान नहीं थी. लोग गोबर से सामान बनाने की बात सुनकर हंसते थे. कई लोग कहते थे कि गोबर बेचकर कितना आगे बढ़ पाएंगी.

दस हजार दीये और मूर्तियां तैयार करने का लक्ष्य

वे हर साल करीब पांच से दस हजार दीये और मूर्तियां तैयार करने का लक्ष्य रहता था. इस बार मूर्तियों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है. बारिश के कारण इस बार मूर्तियों को सुखाने में परेशानी हुई. कई मूर्तियों को ड्रायर की मदद से सुखाना पड़ा. इसके बावजूद समूह ने काम पूरा किया और ज्यादातर मूर्तियां बिकने के लिए भेज दी गई हैं. उनका कहना है कि इस बार कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए जीएसटी के लिए भी आवेदन किया गया है.

400 से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी

इस काम से अब 400 से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी हैं. प्रयागराज के अलावा कौशांबी, ललितपुर, फिरोजाबाद, कासगंज, बांदा, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर और राजस्थान के जैसलमेर तक महिलाएं इस काम से जुड़ी हैं. वर्तिका अलग-अलग जिलों में जाकर महिलाओं को प्रशिक्षण भी देती हैं. उन्होंने बताया कि जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) से जुड़े स्वयं सहायता समूह के माध्यम से उन्हें काम शुरू करने का मौका मिला. इसके बाद बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान से प्रशिक्षण लिया. अब वह इसी संस्थान के माध्यम से दूसरे जिलों में जाकर महिलाओं को प्रशिक्षण दे रही हैं.

गोबर और गंगा की मिट्टी से मूर्तियां बनाने का मिला काम 

शालिनी श्रीवास्तव वर्ष 2022 से समूह के साथ काम कर रही हैं. वह बताती हैं कि पहले उनके पास कोई रोजगार नहीं था. कुछ अपना काम करने की इच्छा थी. समूह से जुड़ने के बाद दिवाली पर गोबर और गंगा की मिट्टी से मूर्तियां बनाने का काम मिला. शुरुआत में आसपास के लोग तरह-तरह की बातें करते थे, लेकिन उन्होंने किसी की बातों पर ध्यान नहीं दिया. अब वही लोग उनसे दीये और मूर्तियां खरीदने के लिए संपर्क करते हैं.

50 हजार मूर्तियां तैयार करने का लक्ष्य

समूह की सदस्य रमा मलिक बताती हैं कि बहराना में समूह की महिलाओं की स्टॉल भी लगी है, जहां करीब पांच हजार दीये और मूर्तियां बिक्री के लिए रखी गई हैं. वे सब इस से अपने परिवार की आमदनी में भी मदद कर रही है. वर्तिका का लक्ष्य अगले साल 25 से 50 हजार मूर्तियां तैयार करने का है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इस काम से जोड़ा जा सके.



Source link