Last Updated:
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मल्टी में रहने वाली एक महिला की हत्या कर दी गई है. बदमाशों ने उनके फ्लैट से गहनों की चोरी की. इसके अलावा महिला के मुंह से सोने का दांत भी उखाड़कर ले गए. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है. मामले को लेकर कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है और सीसीटीवी खंगाल रही है.
भोपाल में महिला के मुंह से उखाड़ा दांत (AI तस्वीर)
भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां वाजपेयी नगर मल्टी में रहने वाली 75 साल की बुजुर्ग महिला कलरी देवी की उनके ही फ्लैट में बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश महिला के सोने के गहने ही नहीं, बल्कि उनके मुंह से सोने का दांत तक उखाड़कर ले गए. शुरुआती तौर पर मामला लूट के बाद हत्या का माना जा रहा है.
फ्लैट में अकेली रहती थीं कलरी देवी
बताया जा रहा है कि कलरी देवी अपने फ्लैट में अकेली रहती थीं. आज सुबह करीब 4 बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उनके फ्लैट का दरवाजा खुला देखा. अनहोनी की आशंका होने पर जब वह अंदर पहुंची तो कलरी देवी मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं. बुजुर्ग महिला के गले पर चोट के निशान थे और उनके मुंह से खून निकल रहा था. यह देखकर इलाके में हड़कंप मच गया.
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात के दौरान महिला के सोने के गहने लूट लिए. हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने उनके मुंह से सोने का दांत तक उखाड़ लिया. वारदात की क्रूरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.
कलरी देवी की बेटियों की हो चुकी है शादी
परिवार की बात करें तो कलरी देवी की चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. वहीं उनका एक मूक-बधिर बेटा सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है. घटना की सूचना मिलते ही शाहजहानाबाद थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस कमिश्वर संजय कुमार के मुताबिक पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके. पुलिस ने महिला के शवन का पोस्टमार्टम करवाया है और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस हत्या और लूट के एंगल से मामले की जांच कर रही है. SIT का गठन किया गया है. सवाल यह है कि आखिर घर में अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला को किसने निशाना बनाया और इतनी बेरहमी से हत्या कर आरोपी फरार कैसे हो गए?
(रिपोर्ट-आचार्य शिवकांत)