Last Updated:
E20 Petrol : सरकार ने पेट्रोल में सिर्फ 20 फीसदी एथनॉल मिलाने की छूट दी थी, लेकिन कर्नाटक में कई कंपनियों के सैंपल जांच में 31 फीसदी तक एथनॉल की मिलावट देखी गई है. इस पर कर्नाटक के उपभोक्ता मामलात मंत्री ने कंपनियों की आलोचना करते हुए इसके नुकसान की भरपाई करने को कहा है. उन्होंने कयास लगाया कि इस तरह की मिलावट से सालाना करीब 1 लाख करोड़ का नुकसान उपभोक्ताओं को हो सकता है.
पेट्रोल में अभी सिर्फ 20 फीसदी तक एथनॉल मिलाने की ही अनुमति है.
नई दिल्ली. पिछले दिनों पेट्रोल में एथनॉल मिलाए जाने को लेकर काफी कोहराम मचा था. उपभोक्ताओं के एथनॉल वाले पेट्रोल से वाहन को नुकसान होने के दावों को सरकार ने पूरी तरह नकार दिया था. साथ ही कहा था कि फिलहाल पेट्रोल 20 फीसदी से ज्यादा एथनॉल नहीं मिलाया जाएगा, लेकिन कर्नाटक के 7 जिलों में 31 फीसदी भी ज्यादा एथनॉल मिलाकर बेचा जा रहा था. सरकार ने तमाम जिलों के पेट्रोल पंप से सैंपल की जांच की और अब सख्त कार्रवाई की तैयारी चल रही है. सरकार ने कहा है कि उपभोक्ताओं को मुआवजा देने पर भी विचार किया जाएगा.
सरकारी लैब में जांच के बाद रिपोर्ट का खुलासा करते हुए कर्नाटक के खाद्य एवं उपभोक्ता मामलात मंत्री रिजवान अरशद ने कहा कि टेस्ट में 31.2 फीसदी तक एथनॉल की मिलावट देखी गई है. यह सैंपल इंडियन ऑयल के आउटलेट से उठाए गए थे. इसके अलावा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सैंपल में भी 30.5 फीसदी एथनॉल की मिलावट सामने आई है.
बैंगलुरु में भी बिक रहा मिलावटी पेट्रोल
राज्य सरकार ने यह सभी सैंपल बैंगलुरु, कोलार, चिक्काबलपुरा, बैंगलुरु ग्रामीण, रामनगर, मैंगलुरु और तुमाकुरु से उठाए गए थे. सरकार ने इंडियन ऑयल, एचपीसीएल, भारत पेट्रोलियम, नायरा एनर्जी, शेल और मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स के आउटलेट से कुल 14 सैंपल उठाए थे. इन सभी सैंपल की जांच आईएसओ सर्टिफाइड लैब में की गई और इसमें तय मानक से तीन गुना तक एथनॉल की मिलावट रही है.
किस सैंपल में सबसे ज्यादा मिलावट
इन सभी टेस्ट में सबसे ज्यादा मिलावट एचपीसीएल के सैंपल में मिली है जो 27 फीसदी है. बीपीसीएल के सैंपल में भी 26.5 फीसदी मिलावट रही तो नायरा एनर्जी में 26.1 फीसदी की मिलावट दिखी है. शेल के पेट्रोल में भी 25.5 फीसदी एथनॉल की मिलावट रही. 14 में से सिर्फ 2 ही ऐसे सैंपल थे, जिसमें 20 फीसदी से कम की एथनॉल मिलावट रही है. बाकी सभी सैंपल में 20 फीसदी से ज्यादा की मिलावट दिखी.
वाहनों को नुकसान होने की आशंका
कर्नाटक के मंत्री ने कहा कि पेट्रोल में ज्यादा एथनॉल मिलाने से वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है और इसकी परफॉर्मेंस पर भी असर पड़ा है. इससे एवरेज तो कम हुआ ही है, मेंटेनेंस कॉस्ट भी बढ़ने की आशंका है. सरकार ने खुद कहा है कि देश में चल रहे 35 करोड़ वाहनों में से 99 फीसदी को ई-20 से ज्यादा एथनॉल की मिलावट पर चलने के लिए नहीं बनाया गया है. ऐसे वाहन जो अप्रैल, 2023 के बाद बेचे गए हैं, उन्हें 20 फीसदी एथनॉल ब्लेंडिंग के साथ चलाने के लिए बनाया गया है.
उपभोक्ताओं को कितना नुकसान
मंत्री ने अनुमान लगाया कि एथनॉल की ज्यादा मिलावट से वाहनों का माइलेज कम हुआ है, जिससे सालाना बोझ करीब 1.01 लाख करोड़ रुपये होने नुकसान हो सकता है. उन्होंने कहा कि अगर माइलेज में 10 फीसदी की भी गिरावट आई तो सालना करीब 62 हजार करोड़ की चपत लग सकती है. इसके अलावा 39 हजार करोड़ रुपये वाहनों की रिपेयरिंग आदि में खर्च हो जाएंगे. हालांकि, यह सिर्फ एक कयास है और वास्तविक आंकड़ा इससे अलग भी हो सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को इस मिलावट से नुकसान हो रहा है, जबकि कंपनियां एथनॉल मिलाकर मुनाफा कमा रही हैं.