अहंकार और जिज्ञासा के बीच के धागे को समझने के लिए क्यों जरूरी है ‘मैं नहीं जानता’ कहना? श्री श्री रविशंकर

अहंकार और जिज्ञासा के बीच के धागे को समझने के लिए क्यों जरूरी है ‘मैं नहीं जानता’ कहना? श्री श्री रविशंकर


‘मैं जानता हूं’ का भाव आत्मविश्वास देता है और ‘मैं नहीं जानता हूं’ का बोध सीखने के लिए प्रेरित करता है. जीवन में इन दोनों का संतुलन आवश्यक है. मनुष्य के व्यक्तित्व विकास में जितना महत्व आत्मविश्वास का है उतना ही महत्व विनम्रता का भी है. आत्मविश्वास हमें अपनी क्षमताओं पर भरोसा करना सिखाता है जबकि विनम्रता हमें अधिक ग्रहणशील बनाती है. जब व्यक्ति अपनी क्षमताओं पर दृढ़ विश्वास रखते हुए सीखने के लिए तत्पर रहता है तो उसके भीतर ज्ञान और विवेक का विकास होता है.

जब कोई व्यक्ति कहता है कि उसे कार चलाना या खाना बनाना आता है, वह किसी विशेष कार्य को करना जानता है, तो उसके भीतर का यह दृढ़ विश्वास उसे आत्मबल देता है. अपने कौशल और क्षमताओं के प्रति निश्चिंतता होने से वह चुनौतियों का सामना कर पाता है. यदि व्यक्ति को अपनी क्षमताओं पर भरोसा न हो, तो वह जीवन द्वारा दिए गए अनेक अवसरों को सफलता में परिवर्तित करने से वंचित रह जाता है. जीवन में यह स्पष्टता आवश्यक है कि हम क्या जानते हैं और क्या कर सकते हैं.

लगे कि सब कुछ जानता हूं तो अहंकार

लेकिन इस आत्मविश्वास का एक दूसरा पक्ष भी है. यदि व्यक्ति यह मानने लगे कि वह सब कुछ जानता है, तो उसके भीतर सीखने की इच्छा धीरे-धीरे समाप्त होने लगती है. वह नई बातों को जानने के लिए उत्सुक नहीं रहता और उसके विचारों और व्यक्तित्व में कठोरता आने लगती है. यही वह स्थिति है, जहां आत्मविश्वास अहंकार का रूप लेने लगता है. व्यक्ति अपनी धारणाओं को अंतिम सत्य मान बैठता है और नई संभावनाओं को स्वीकार करने में असमर्थ हो जाता है.

इसके विपरीत, ‘मैं नहीं जानता’ कहने का भाव व्यक्ति में विनम्रता और जिज्ञासा पैदा करता है. इसका अर्थ अपनी क्षमताओं पर संदेह करना नहीं बल्कि अपनी जानकारी की सीमाओं के प्रति जागरूक होना है. जब हम स्वीकार करते हैं कि हमें किसी विषय के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है, तभी उसे समझने और जानने की संभावना का आरंभ होता है.

बचपन को याद करें

बच्चों में एक सहज जिज्ञासा होती है. वे हर चीज को आश्चर्य और कौतूहल से देखते हैं, प्रश्न पूछते हैं और नई बातें जानने के लिए उत्सुक रहते हैं. उनके भीतर यह आग्रह नहीं होता कि उन्हें सब कुछ पहले से पता है. वे एक मासूमियत और सुंदरता से भरे होते हैं. यही उत्सुकता और ‘मैं नहीं जानता’ का भाव उन्हें निरंतर सीखने और विकसित होने में मदद करता है. ज्ञान की इस यात्रा में भी बालसुलभ जिज्ञासा को बनाए रखना आवश्यक है. जब हम ज्ञान शब्द को सुनते हैं तो साधारणतया जो बात हमारे विचार में आती है, वह जानकारी है. ज्ञान केवल जानकारी नहीं है. किताबें पढ़ना, चीजों के बारे में जानना, सैद्धांतिक और व्यावहारिक ज्ञान, इसे ही हम ज्ञान मान लेते हैं. वस्तुतः यह ज्ञान का केवल छोटा सा भाग है. कंप्यूटर और एआई भी अनेक जानकारियों से परिपूर्ण हैं, किंतु क्या वे जागरूक हैं? इनमें वह जागरूकता नहीं है जो मनुष्य के भीतर है. ज्ञान केवल जानकारी नहीं है, यह हमारी जागरूकता का स्तर है, चेतना की गुणवत्ता है.

अज्ञान को पहचानना भी ज्ञान

अपने अज्ञान को पहचानना भी ज्ञान का ही एक रूप है. जब कोई व्यक्ति यह समझता है कि उसकी जानकारी सीमित है और उससे परे भी बहुत कुछ है, तो उसकी चेतना में विनम्रता आती है. बड़े वैज्ञानिकों और अपने क्षेत्र में ऊंचाइयां प्राप्त करने वाले लोगों में भी यह भाव दिखाई देता है कि अभी बहुत कुछ जानना शेष है. यह स्वीकारोक्ति उनकी परिपक्वता और समझ की व्यापकता का परिचय देती है. ज्ञान का उद्देश्य दूसरों को प्रभावित करना नहीं है. हर समय अपनी विद्वत्ता का प्रदर्शन करना या दूसरों को उपदेश देते रहना वास्तविक ज्ञान की पहचान नहीं है. वास्तविक ज्ञान व्यक्ति में सहजता और विनम्रता लाता है.

शांत मन में विचार स्पष्ट होता है

इसके साथ ही, दूसरों के प्रति निर्णयात्मक दृष्टिकोण से बचना भी आवश्यक है. किसी व्यक्ति को तुरंत अच्छा या बुरा घोषित कर देना हमारी दृष्टि और समझ को सीमित करता है. जब हम पहले से बनी धारणाओं के आधार पर लोगों और परिस्थितियों को देखने लगते हैं, तो नई बातों को समझने की संभावना कम हो जाती है. खुले मन से देखने और समझने की प्रवृत्ति ही विवेक को विकसित करती है. इस दिशा में ध्यान भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ध्यान मन को स्थिर करता है और जागरूकता बढ़ाता है. जब मन शांत होता है, तब व्यक्ति अपने विचारों और धारणाओं को अधिक स्पष्टता से देख पाता है. वह अपनी क्षमताओं को पहचानने के साथ-साथ अपनी सीमाओं को भी सहजता से स्वीकार कर सकता है.

सफलता की कुंजी सीखना है

इस संतुलन को समझने के लिए एक सरल अभ्यास किया जा सकता है. आप जिन विषयों या बातों के बारे में जानते हैं, उन सभी बातों की एक सूची बनाएं और दूसरी सूची उन बातों की बनाएं, जिनके बारे में आप नहीं जानते. पहली सूची आपको अपनी क्षमताओं और उपलब्धियों का बोध कराएगी, जबकि दूसरी आपके सामने सीखने और जानने की नई संभावनाएं खोलेगी. इस अभ्यास से आत्मविश्वास और विनम्रता, दोनों को एक साथ विकसित करने में सहायता मिल सकती है. सफलता केवल इस बात पर निर्भर नहीं करती कि हम कितना जानते हैं, बल्कि इस पर भी निर्भर करती है कि हम कितना सीखने के लिए तैयार हैं. अपनी क्षमताओं पर विश्वास हमें आगे बढ़ने की शक्ति देता है और अपनी सीमाओं के प्रति जागरूकता हमें निरंतर विकसित होने का अवसर देती है. जब ‘मैं जानता हूं’ का आत्मविश्वास और ‘मैं नहीं जानता हूं’ की विनम्रता एक साथ हमारे भीतर उपस्थित होते हैं, तब ज्ञान की शक्ति का उदय होता है. यही संतुलन व्यक्ति को दृढ़ होने के साथ-साथ सहज, जागरूक और सीखने के लिए सदैव तत्पर बनाए रखता है.



Source link