‘पब्लिक सेंटिमेंट से तय नहीं होती जमानत’, कोच्ची में कुचलने वाले को HC से राहत
Last Updated:
केरल हाईकोर्ट ने कोच्चि के मिनी कूपर हादसे में चारों आरोपियों को जमानत दे दी है. हालांकि 162 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार चलाने के आरोपी मुख्य ड्राइवर सुहैल सजीव को अभी 10 दिन और जेल में रहना होगा. हादसे में तीन युवाओं की मौत हुई थी. कोर्ट ने अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि जमानत का फैसला पब्लिक सेंटिमेंट यानी जनता की भावनाओं से तय नहीं होता. कोर्ट को कानून और तय प्रक्रिया के आधार पर फैसला करना होता है. BMW की तकनीकी जांच में टक्कर से पांच सेकंड पहले कार की रफ्तार 162 किलोमीटर प्रति घंटा मिली थी.
कोच्चि मिनी कूपर हादसे में केरल हाईकोर्ट ने चार आरोपियों को जमानत दी. मुख्य आरोपी सुहैल सजीव 10 दिन और जेल में रहेगा.
केरल हाईकोर्ट ने कोच्चि के चर्चित मिनी कूपर हादसे में बड़ा फैसला सुनाया है. इस दुर्घटना में तीन युवाओं की जान चली गई थी. अब मामले के चारों आरोपियों को जमानत दे दी गई है. हालांकि मुख्य आरोपी सुहैल सजीव को फिलहाल जेल में ही रहना होगा. कोर्ट ने उसकी रिहाई पर 10 दिन की रोक लगाई है. इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा कोर्ट की उस टिप्पणी की हो रही है जिसमें उसने कहा कि जमानत का फैसला जनता की भावनाओं के आधार पर नहीं किया जा सकता. यानी किसी मामले को लेकर लोगों में कितना गुस्सा है या कितनी नाराजगी है, यह न्यायिक फैसले का आधार नहीं हो सकता. हादसे के बाद से ही आरोपी को लेकर काफी आक्रोश था. अब हाईकोर्ट के इस फैसले ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है.
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार जस्टिस कौसर एडप्पागथ ने सुहैल सजीव और तीन अन्य आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. अन्य आरोपियों की पहचान निनव, जोयल एंटो और अमीन शाह के रूप में हुई है. कोर्ट ने इन तीनों को तत्काल रिहा करने का निर्देश दिया है. वहीं 19 साल का मुख्य आरोपी सुहैल को 10 दिन और हिरासत में रहना होगा. अभियोजन पक्ष ने कोर्ट को बताया कि जांच अभी जारी है और इसे दो सप्ताह के भीतर पूरा किया जा सकता है. आरोपियों के वकीलों ने दलील दी कि सभी 19 साल के छात्र हैं और न्यायिक हिरासत में रहने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई है. हालांकि अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध किया.
‘जनता की भावना से नहीं होगा न्यायिक फैसला’
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि हादसा दुर्भाग्यपूर्ण था और इसमें तीन लोगों की जान गई. लेकिन अदालत को फैसला कानून और तय कानूनी प्रक्रिया के आधार पर करना होता है. किसी मामले को लेकर लोगों की भावनाएं कितनी भी तीव्र क्यों न हों. वे जमानत का आधार तय नहीं कर सकतीं. कोर्ट ने जांच में अब तक जुटाए गए सबूतों की जानकारी भी मांगी.
11 अक्टूबर को हुआ था दर्दनाक हादसा
यह दुर्घटना 11 अक्टूबर की सुबह नेडुंबस्सेरी के पास हुई थी. आरोप है कि सुहैल शराब के नशे में तेज रफ्तार मिनी कूपर चला रहा था. कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी. हादसे में करीब 21 साल की दो महिलाओं और एक युवक की मौत हो गई थी. घटना के बाद सुहैल की कथित टिप्पणियों को लेकर भी काफी विवाद हुआ था. रिपोर्टों के मुताबिक उसने कहा था कि सड़कें गाड़ी चलाने के लिए ही होती हैं और उसके पिता मामला संभाल लेंगे.
BMW की जांच में 162 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार
- इस मामले में कार की तकनीकी जांच भी अहम सबूत बनी है. पुलिस के मुताबिक मिनी कूपर बनाने वाली कंपनी BMW ने गाड़ी के क्रैश डेटा की जांच की थी. रिपोर्ट में टक्कर से पांच सेकंड पहले कार की रफ्तार करीब 162 किलोमीटर प्रति घंटा मिली. टक्कर से लगभग एक सेकंड पहले ब्रेक लगाए गए थे. उस समय कार 144 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी.
- पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में भी कार की तेज रफ्तार सामने आई थी. फुटेज के मुताबिक गाड़ी ने 500 मीटर की दूरी महज 11 सेकंड में तय की थी. कार के एडवांस्ड क्रैश सेफ्टी मॉड्यूल से मिले डेटा ने भी जांच को तकनीकी आधार दिया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.