Last Updated:
Kashi Annapurna Temple Dhanteras 2026: धनतेरस के मौके पर काशी में माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. मंदिर के कपाट 6 नवंबर से पांच दिनों के लिए खोल दिए गए हैं. मान्यता है कि माता के दर्शन करने और उनका खजाना घर ले जाने से पूरे साल अन्न-धन की कमी नहीं होती है. इस बार भक्तों को 21 किलो चांदी के सिक्कों वाला खजाना भी दिया जा रहा है. दर्शन के लिए 2 किलोमीटर से ज्यादा लंबी कतार लगी है और करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है.
Kashi Annapurna Temple: धनतेरस के महापर्व पर धन की देवी माता लक्ष्मी के साथ भगवान धन्वंतरि की पूजा का विधान है. इस दिन से ही काशी में खजाने वाली देवी यानी मां अन्नपूर्णा की स्वर्णमयी प्रतिमा के दर्शन भी होते हैं. मंगल बेला में खजाने की पूजा और आरती के बाद देवी के कपाट आज से पांच दिनों के लिए खोल दिए गए. देवी के कपाट खुलने से 24 घंटे पहले से ही भक्त माता के दर्शन करने और उनका खजाना पाने के लिए कतार में लगे दिखाई दिए. खजाने वाली देवी का सीधा संबंध बाबा विश्वनाथ से भी है.
धार्मिक कथाओं के अनुसार, काशी में कोई भूखा न सोए, इसके लिए भगवान शिव ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगी थी. माता अन्नपूर्णा ने ही यह आशीर्वाद दिया था कि उनकी नगरी में कोई भूखा नहीं रहेगा और न ही कोई भूखा सोएगा. मान्यता है कि जो भी भक्त धनतेरस के दिन माता अन्नपूर्णा की स्वर्णमयी प्रतिमा के दर्शन करता है और देवी के खजाने को अपने भंडार या तिजोरी में रखता है, उसके घर में माता अन्नपूर्णा के आशीर्वाद से पूरे साल अन्न और धन की कमी नहीं होती है.
5 दिन होंगे माता के दर्शन
मंदिर के महंत शंकर पुरी ने बताया कि 6 नवंबर की भोर 5 बजे से देवी के कपाट खोल दिए गए हैं. 10 नवंबर की रात 11 बजे तक देवी अपने भक्तों को दर्शन देंगी और उन पर अपना खजाना भी लुटाएंगी. इस बार आम खजाने के साथ ही 21 किलो चांदी के सिक्कों वाला खजाना भी भक्तों में वितरित किया जाएगा. चांदी के खजाने वाले सिक्कों पर माता अन्नपूर्णा की तस्वीर भी अंकित है.
दर्शन के लिए लगी 2 किलोमीटर लंबी कतार
माता अन्नपूर्णा की स्वर्णमयी प्रतिमा के दर्शन के लिए 2 किलोमीटर से ज्यादा लंबी कतार लगी हुई है. दर्शन का यह क्रम आज देर रात तक चलता रहेगा. इसके लिए सड़कों पर बैरिकेडिंग भी की गई है. सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के आला अधिकारी भी लगातार तैनात हैं. बता दें कि देवी के दर्शन करने और उनका खजाना पाने के लिए देशभर से श्रद्धालु काशी आते हैं. अनुमान है कि आज करीब 5 लाख भक्त देवी के दर्शन कर सकते हैं.
अन्नकूट पर सजेगा दरबार
इस बार अन्नकूट पर बीते साल की तरह ही 108 तरह के कच्चे-पक्के पकवानों से देवी के दरबार को सजाया जाएगा. करीब 501 क्विंटल प्रसाद इस दिन देवी को अर्पित किया जाएगा. इसकी तैयारियां भी जारी हैं. बाद में इसी प्रसाद को भक्तों में वितरित किया जाएगा.