Last Updated:
Titan Share Target Price : सितंबर तिमाही में कंपनी के कोर ज्वेलरी कारोबार के बेहतरीन प्रदर्शन से निवेशकों और ब्रोकरेज का भरोसा टाइटन शेयर पर मजबूत हुआ है. नोमूरा, सिटी, यूबीएस सहित 30 ब्रोकरेज हाउसेज ने टाइटन शेयर को खरीदने की सलाह दी है.
सुशील केडिया ने कमाई वाले कुछ शेयरों के बारे में बताया है.
नई दिल्ली. टाटा समूह की दिग्गज ज्वेलरी और वॉचमेकर कंपनी टाइटन (Titan Company Ltd) के शेयरों में आज, 6 नवंबर को जोरदार तेजी. इंट्राडे में यह टाटा शेयर 3 फीसदी की तेजी के साथ 5003.90 रुपये पर पहुंच गया. दूसरी तिमाही के शानदार नतीजों के बाद आज निवेशक इस शेयर में जमकर पैसा लगा रहे हैं. इस साल अब तक यह शेयर 23 फीसदी से अधिक रिटर्न दे चुका है. ब्रोकरेज भी इस शेयर पर बुलिश हैं. टाइटन शेयर को ट्रैक करने वाले 37 विश्लेषकों में से 30 ने इस शेयर में पैसा लगाने की सलाह दी है. पांच ने ‘Hold’ और दो ने ‘सेल’ रेटिंग दी है.
सितंबर तिमाही में कंपनी के कोर ज्वेलरी कारोबार के बेहतरीन प्रदर्शन ने ग्लोबल ब्रोकरेज हाउसेज को टारगेट रिवाइज करने पर मजबूर कर दिया है. ब्रोकरेज फर्म नोमूरा ने टाइटन के लिए अपना टारगेट प्राइस ₹5,425 से सीधे बढ़ाकर ₹6,150 कर दिया है. मजबूत प्रदर्शन और ज्वेलरी वॉल्यूम ग्रोथ को देखते हुए नोमूरा टाइटन शेयर पर बुलिश है. जेफरीज ने भी टाइटन शेयर की रेटिंग को ‘होल्ड’ से अपग्रेड कर ‘बाय’ कर दिया है. ब्रोकरेज ने इसका टारगेट ₹5,000 से बढ़ाकर ₹6,000 कर दिया है.
यूबीएस को जोरदार तेजी की उम्मीद
ब्रोकरेज फर्म यूबीएस ने टाइटन शेयर को 6000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है और अपनी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है. यूबीएस का मानना है कि स्टडेड ज्वेलरी सेगमेंट में लगातार तीसरी तिमाही 30 फीसदी से अधिक की ग्रोथ दर्ज होना और असंगठित से संगठित बाजार की ओर शिफ्ट होना टाइटन को लंबी रेस का घोड़ा बनाता है.
सिटी ने भी दी खरीदने की सलाह
ब्रोकरेज फर्म सिटी ने भी निवेशकों को इस शेयर में पैसा लगाने की सलाह दी है. ब्रोकरेज ने इस शेयर का टारगेट प्राइस ₹5,875 दिया है. सिटी के मुताबिक, घरेलू ज्वेलरी रेवेन्यू में 20 फीसदी और ऑपरेटिंग मुनाफे में 26 फीसदी की बढ़त कंपनी की मजबूत वित्तीय सेहत का सबूत है.
जेपी मॉर्गन का रुख सतर्क
अमेरिकी ब्रोकरेज हाउस जेपी मॉर्गन (JPMorgan) ने टाइटन शेयर पर थोड़ा सर्तक रुख अपनाया है. ब्रोकरेज ने ‘न्यूट्रल’ रेटिंग के ₹5,540 का टारगेट प्राइस दिया है. ब्रोकरेज का तर्क है कि हाल के महीनों में सोने के भाव रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने से ग्राहकों के औसत बिल साइज में जो तेज उछाल दिखा था, उसका असर वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में सीमित हो सकता है.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)