Last Updated:
Udaipur Crime: उदयपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के महुवाड़ा गांव में चुनाव में दोस्त को वोट न देने से नाराज छोटे बेटे राहुल परमार ने मां की लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने आए पिता और बड़े भाई पर भी आरोपी ने हमला किया. डूंगरपुर अस्पताल ले जाते समय मां पुष्पा ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि घायल पिता लालचंद का इलाज जारी है. वारदात के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Udaipur Crime News: चुनाव में दोस्त को वोट न मिलने पर बेटे ने की मां की हत्या
उदयपुर. जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के महुवाड़ा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चुनाव में अपने दोस्त को वोट नहीं मिलने से नाराज छोटे बेटे ने अपनी ही मां के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी. बीच-बचाव करने आए पिता और बड़े भाई पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल पिता का डूंगरपुर जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि मां के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है.
मामले के अनुसार महुवाड़ा निवासी पुष्पा पत्नी लालचंद परमार अपने पति लालचंद, बड़े बेटे गणेश और बहू के साथ घर में सो रही थी. रात करीब 3 बजे छोटा बेटा राहुल परमार घर पहुंचा. चुनाव में उसके दोस्त को वोट नहीं देने की बात को लेकर उसने घर में विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राहुल अपना आपा खो बैठा.
लोहे की रॉड से सिर पर किया वार, बचाने आए पिता भी घायल
विवाद बढ़ने पर राहुल ने अपनी मां पुष्पा के साथ मारपीट करते हुए लोहे की रॉड से उनके सिर पर तगड़ा वार कर दिया. मां को बचाने के लिए जब पिता लालचंद बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस दौरान बड़े भाई गणेश परमार और उसकी पत्नी ने भी बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन राहुल ने उन पर भी हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया.
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद बड़ा बेटा गणेश निजी वाहन से गंभीर रूप से घायल माता-पिता को डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाने लगा. हालांकि, रास्ते में ही अत्यधिक खून बह जाने के कारण पुष्पा ने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद पुष्पा को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल पिता लालचंद का डूंगरपुर जिला अस्पताल में उपचार जारी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश और जांच शुरू कर दी है.