नई दिल्ली. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित न्यूज18 राइजिंग भारत समिट-वेस्ट एडिशन (News18 Rising Bharat Summit – West Edition) में नीति-निर्माताओं, उद्योगपतियों और एंटरप्रेन्योर ने एक मंच पर आकर देश की भावी आर्थिक दिशा पर मंथन किया. भारतीय उद्यमों का अगला चरण (The Next Phase of Indian Enterprise) थीम पर आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य केंद्र योजनाओं को कागजों से निकालकर धरातल पर उतारने रहा. इस दौरान फाइनेशियल मार्केट्स, औद्योगिक गलियारों और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को गति देने के साथ-साथ निवेश को वास्तविक परियोजनाओं में तब्दील करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई.
न्यूज18 राइजिंग भारत समिट-वेस्ट एडिशन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की आर्थिक प्रगति का खाका पेश किया. उन्होंने बताया कि साल 2015 में राज्य ने 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा था और तब से अब तक महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था बढ़कर 660 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी है. फडणवीस ने विश्वास जताया कि राज्य 2030 तक अपने इस लक्ष्य को हासिल कर लेगा. उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में हुए निवेश एमओयू (MoUs) में से लगभग 60 फीसदी पर काम शुरू हो चुका है, जबकि इसका राष्ट्रीय औसत 35 से 40 फीसदी ही है.
मुंबई 3.0 का विजन: विदेशी यूनिवर्सिटी और AI हब
मुख्यमंत्री ने अटल सेतु और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास विकसित होने वाली सुनियोजित ‘मुंबई 3.0’ का विजन भी सामने रखा. इस शहर में लगभग 1 लाख छात्रों की क्षमता वाली एजुसिटीकी योजना है, जिसमें 12 से 15 विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपस आने की उम्मीद है. इसके साथ ही यहां एक आधुनिक मेडिसिटी, डीप टेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इनोवेशन हब और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) के लिए एक समर्पित केंद्र स्थापित किया जाएगा.
शेयर बाजार और अर्थव्यवस्था: तेल की मार से बेअसर रहने का भरोसा
बाजार से जुड़े सत्र में विशेषज्ञों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बाहरी जोखिमों से सुरक्षित बताया. मॉर्गन स्टेनली इंडिया के रिधम देसाई ने कहा कि यदि कच्चे तेल के दाम 120 डॉलर प्रति बैरल तक भी पहुंच जाते हैं, तब भी भारत का तेल आयात बिल जीडीपी के 4 प्रतिशत से नीचे रहेगा, जबकि 2008 में यह 13 फीसदी तक पहुंच गया था. वहीं 3P इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स के प्रशांत जैन ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था आम धारणा से कहीं अधिक मजबूत है और उन्होंने अगले तीन वर्षों में शेयर बाजार से कम से मध्यम स्तर के डबल डिजिट रिटर्न की उम्मीद जताई.
AI और GCCs: रोजगार और इनकम का नया मॉडल
प्रशांत जैन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रमुख आईटी कंपनियों के नतीजे यह संकेत नहीं देते कि एआई के कारण उनके राजस्व में कोई कमी आ रही है. इस समय सबसे बड़ा सकारात्मक बदलाव ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) के विस्तार से आ रहा है. इन केंद्रों में करीब 20 लाख लोग कार्यरत हैं और उन्हें पारंपरिक आईटी सेवाओं की तुलना में तीन से पांच गुना अधिक वेतन मिलता है. जैन के मुताबिक, इससे जुड़ी किसी भी तकनीकी रुकावट का असर पूरी अर्थव्यवस्था को हिलाने के बजाय संबंधित परिवारों और स्थानीय समुदायों तक सीमित रहने की संभावना है.
खपत में तेजी: मिडिल क्लास कर रहा प्रीमियम प्रोडक्ट्स की ओर रुख
कंज्यूमर और स्टार्टअप सेक्टर के संस्थापकों ने घरेलू खपत में जोरदार बढ़ोतरी के संकेत दिए. V3 वेंचर्स के अर्जुन वैद्य ने कहा कि देश के मध्यम वर्ग के पास अब खर्च करने योग्य पूंजी है और वह स्मार्टफोन से लेकर घड़ियों तक में प्रीमियम विकल्प चुन रहा है.
The Souled Store के वेदांग पटेल ने बताया कि बाजार परिपक्व हो चुका है और कंपनियों की ग्रोथ में रिपीट ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है. रेबेल फूड्स (Rebel Foods) के अंकुश ग्रोवर के अनुसार, अब लोग सिर्फ त्योहारों या जश्न पर ही नहीं बल्कि रोजमर्रा की सुविधा के लिए भी ऑनलाइन खाना मंगा रहे हैं. वहीं डेलॉयट के आनंद रमनाथन ने कहा कि D2C ब्रांड्स की लोकप्रियता के कारण पुरानी एफएमसीजी कंपनियों को अपनी रणनीतियां बदलनी पड़ रही हैं.
कारोबार के विस्तार पर स्टार्टअप्स का व्यावहारिक नजरिया
उद्यमियों के पैनल में कंपनियों को बड़े स्तर पर ले जाने के तौर-तरीकों पर चर्चा हुई. नजारा टेक्नोलॉजीज के नितीश मित्तरसैन ने कहा कि उन्होंने शुरुआत से ऐसा ढांचा तैयार किया जो बदलावों का मुकाबला भी कर सके और उसका फायदा भी उठा सके. भौगोलिक और उत्पाद विविधीकरण से जोखिम घटता है. स्पिन्नी के नीरज सिंह ने स्पष्ट किया कि बड़े मूल्य वाले उत्पादों के कारोबार को सिर्फ मार्केटिंग के सहारे नहीं बढ़ाया जा सकता, उनकी कंपनी ने शुरुआती छह-सात साल केवल ग्राहकों के भरोसे (वर्ड ऑफ माउथ) पर काम किया और पहला ब्रांड कैंपेन 2022 में शुरू किया. स्किलमैटिक्स के ध्वनिल शेठ ने कहा कि जब ग्राहकों की जरूरतें वैश्विक हों तो भारतीय कंपनियां दुनिया के 30 से अधिक देशों में काम कर सकती हैं. वहीं ईडीटी( EDT) की नैय्या सग्गी ने बताया कि उनके 70 फसीददी प्रीमियम उपकरण ईएमआई (EMI) पर खरीदे जाते हैं.
हाउसिंग सेक्टर: 32 साल की उम्र में घर खरीद रहे हैं युवा
रियल एस्टेट और फाइनेंस सत्र में घर खरीदारों की प्राथमिकताओं में आए बदलावों पर बात हुई. एचडीएफसी बैंक के मॉर्गेज बिजनेस हेड सुमंत रामपाल ने बताया कि बैंकों में औसत होम लोन का आकार करीब ₹40 लाख है. एक दशक पहले घर खरीदने वालों की औसत आयु 40 वर्ष थी, जो अब घटकर 32 से 33 वर्ष रह गई है. इससे पता चलता है कि लोग करियर के शुरुआती दौर में ही घर लेना चाहते हैं. हीरानंदानी ग्रुप के डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने कहा कि रिहायशी और कमर्शियल विकास के साथ कनेक्टिविटी की मजबूत योजना जरूरी है. वहीं ब्रुकफील्ड इंडिया रीट के सीईओ शशांक जैन ने निवेशकों को किसी भी क्षेत्र का मूल्यांकन 15-20 साल के दीर्घकालिक नजरिए और माइक्रो-मार्केट के आधार पर करने की सलाह दी.
तेजी से क्रियान्वयन ही सफलता की कुंजी
समिट में शामिल सभी विशेषज्ञों और नेताओं का साझा निष्कर्ष यह रहा कि भारत अब तेजी से जुड़ रहा है और लंबी अवधि के निवेश के लिए एक प्रमुख केंद्र बन चुका है. देश के विकास का अगला चरण इस बात पर टिका होगा कि सरकार और उद्योग कितनी तेजी से बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा करते हैं, पूंजी का बेहतर इस्तेमाल करते हैं और भविष्य की बढ़ती आकांक्षाओं के अनुरूप मजबूत उद्यमों का निर्माण करते हैं.
(डिस्क्लेमर – नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)