Agri: भूसा फेंकिए मत, कमाई कीजिए! धान-गेहूं के भूसे से घर के कमरे में उगाएं ऑयस्टर मशरूम

Agri: भूसा फेंकिए मत, कमाई कीजिए! धान-गेहूं के भूसे से घर के कमरे में उगाएं ऑयस्टर मशरूम


Winter Mushroom Farming: सर्दियों का मौसम किसानों के लिए कमाई का नया मौका लेकर आता है. नवंबर का महीना ऑयस्टर मशरूम की खेती शुरू करने के लिए अच्छा माना जाता है. इसकी खास बात यह है कि इसे उगाने के लिए न तो बड़े खेत की जरूरत होती है और न ही ज्यादा जगह की. किसान धान और गेहूं के भूसे का इस्तेमाल करके घर के खाली कमरे में भी इसकी खेती कर सकते हैं. सही तापमान और नमी का ध्यान रखकर कम समय में फसल तैयार की जा सकती है. इतना ही नहीं, ताजा मशरूम की बिक्री नहीं होने पर इसे सुखाकर पाउडर बनाकर भी बेचा जा सकता है. इसकी खेती की पूरी तकनीक जानने के लिए लोकल 18 की  टीम उद्यानिकी विभाग पहुंची, जहां कृषि वैज्ञानिक सुधा पटेल ने इसकी बुवाई से लेकर कटाई तक की जानकारी साझा की.

धान या गेहूं के भूसे से करें शुरुआत
कृषि वैज्ञानिक ने बताया कि ऑयस्टर मशरूम की खेती के लिए सबसे पहले अच्छी गुणवत्ता वाला धान या गेहूं का सूखा भूसा लेना चाहिए. इसी भूसे में मशरूम के बीजों का विकास होता है. खेती शुरू करने से पहले भूसे को साफ पानी में अच्छी तरह भिगोना जरूरी है. इसके बाद भूसे को बैक्टीरिया मुक्त करने के लिए फार्मेलिन का इस्तेमाल करना चाहिए. यह सैनिटाइजर की तरह काम करता है और भूसे में मौजूद हानिकारक जीवाणुओं और दूसरी फफूंद को नियंत्रित करने में मदद करता है. इससे मशरूम के बीजों को बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण मिलता है.

इसके बाद भूसे को पानी से बाहर निकालकर किसी साफ और छायादार जगह पर फैला देना चाहिए ताकि उसका एकस्ट्रा पानी निकल जाए. इस दौरान नमी का खास ध्यान रखना जरूरी है. भूसे को मुट्ठी में कसकर दबाने पर पानी की बूंदें नहीं टपकनी चाहिए, लेकिन हाथों में हल्की सीलन महसूस होनी चाहिए. इसके बाद ही भूसा बुवाई के लिए तैयार माना जाता है.

ऐसे तैयार करें मशरूम के बीज वाले बैग
भूसा तैयार होने के बाद अच्छी गुणवत्ता वाले मशरूम के बीज यानी स्पॉन की जरूरत होती है. इसके लिए एक साफ पॉलीथिन बैग या शीट लेकर उसमें भूसे की एक परत बिछाएं. इसके ऊपर मशरूम के बीजों का छिड़काव करें. इसी तरह भूसे और बीज की परतें एक के बाद एक लगाते जाएं. एक बैग में इस तरह 5 से 6 परतें तैयार की जा सकती हैं.

जब बैग पूरी तरह भर जाए तो उसके मुंह को रस्सी से अच्छी तरह बांध दें. इसके बाद सुई की मदद से पॉलीथिन में छोटे-छोटे छेद कर दें ताकि अंदर हवा का आवागमन बना रहे. अब इन बैग्स को अंधेरे, हवादार और नमी वाले कमरे में रखना होता है.

15 दिन में पूरे बैग में फैल जाएगा सफेद जाल
बैग तैयार होने के बाद इसे करीब 15 दिनों तक ऐसे कमरे में रखें जहां तापमान ठंडा हो. इस शुरुआती प्रक्रिया को माइसेलियम रन कहा जाता है. इस दौरान मशरूम के बीजों से सफेद रंग का कवकजाल निकलता है जो धीरे-धीरे पूरे भूसे में फैलने लगता है.

करीब 15 दिन बाद जब बैग के अंदर सफेद रंग का जाल पूरे भूसे को ढक ले तो इन बैग्स को ऐसे कमरे में रख दें, जहां हल्की रोशनी और ताजी हवा आती हो. यहां किसान बांस, लोहे की रॉड या लकड़ी के रैक की मदद से बैग्स को लटका सकते हैं. इससे कम जगह में भी कई बैग रखे जा सकते हैं.

पॉलीथिन हटाकर दिन में 2 से 3 बार करें पानी का छिड़काव
बैग्स को लटकाने के बाद पॉलीथिन हटाने की प्रक्रिया शुरू होती है. इसके लिए दो लोगों की मदद से पॉलीथिन को चारों तरफ से सावधानीपूर्वक काटकर निकालना चाहिए. ध्यान रखें कि अंदर बना भूसे का सफेद पिंड टूटने न पाए क्योंकि इसी से मशरूम निकलेंगे. पॉलीथिन हटाने के बाद इस पिंड पर दिन में दो से तीन बार पानी का हल्का छिड़काव करना जरूरी है. इसके लिए फॉगर या सामान्य स्प्रेयर का इस्तेमाल किया जाता है.

3 से 4 दिन में तैयार हो जाते हैं मशरूम
एक्सपर्ट के मुताबिक अनुकूल वातावरण मिलने पर सफेद पिंड से छोटे-छोटे पिनहेड्स निकलने शुरू हो जाते हैं. ये धीरे-धीरे बढ़कर ऑयस्टर मशरूम का आकार ले लेते हैं. करीब 3 से 4 दिनों में मशरूम खाने और बाजार में बेचने के लिए तैयार हो सकते हैं. जब इनके किनारे ऊपर की तरफ मुड़ने लगें तब इन्हें नीचे से हल्का घुमाकर सावधानी से तोड़ लेना चाहिए.

इस खेती की खास बात यह है कि एक बार बुवाई करने के बाद केवल एक ही बार फसल नहीं मिलती. करीब एक से डेढ़ महीने के दौरान 7 से 10 दिनों के अंतराल पर तीन से चार बार तक मशरूम की तुड़ाई की जाती है. यानी एक बार तैयार किए गए बैग से कई बार उत्पादन लिया जा सकता है.

ताजा मशरूम नहीं बिके तो बनाएं पाउडर
ऑयस्टर मशरूम की खेती में कमाई बढ़ाने के लिए किसान केवल ताजा मशरूम बेचने तक सीमित न रहें. अगर किसी वजह से बाजार में इसकी बिक्री नहीं हो पाती तो इसे अच्छी तरह सुखाकर पाउडर बनाया जा सकता है. इस पाउडर का इस्तेमाल सूप मिक्स और दूसरे खाद्य उत्पादों में किया जाता है. किसान इसकी पैकिंग करके स्थानीय बाजार के साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बिक्री की संभावनाएं तलाश सकते हैं.



Source link