Last Updated:
Azamgarh Triple Murder Case Inside Story: आजमगढ़ के अहरौला में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया. इसी दौरान पूजा करा रहे एक पंडित का बेटा अनिल भी अंदर मौजूद था. गोली चलते ही वह वहां से भाग निकला. अनिल ने बताया कि घर के अंदर उस वक्त क्या हुआ था.
आजमगढ़ ट्रिपल मर्डर केस
आजमगढ़: यूपी में आजमगढ़ के अहरौला में मंगलवार शाम एक घर के अंदर चल रही पूजा अचानक चीख-पुकार में बदल गई. आरोप है कि बाजार से घर लौटे अरविंद सिंह ने पूजा करा रहे पंडितों से आधार कार्ड मांगा. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और फिर फायरिंग की घटना सामने आई. इसमें अरविंद की पत्नी बबीता और दो पंडितों की मौत की सूचना है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस पंडित की हत्या हुई, उसका बेटा भी उसी समय घर के अंदर पूजा करा रहा था. उसने भागकर अपनी जान बचाई. अब उसने घर के अंदर उस वक्त क्या-क्या हुआ, यह बताया है.
पंडित के बेटे अनिल के मुताबिक, अरविंद घर पहुंचा तो उसने अंदर पूजा देखी. उसने पंडितों से पूछा कि यहां कौन लोग आए हैं और पूजा क्यों हो रही है. इसके बाद उसने पंडितों से आधार कार्ड दिखाने की बात कही. यहीं से माहौल बिगड़ने लगा. अनिल के मुताबिक, आधार कार्ड को लेकर अरविंद और पंडितों के बीच बहस होने लगी. बात बढ़ी तो अरविंद ने फायरिंग कर दी. उस समय अनिल भी अपने पिता के साथ पूजा करा रहा था.
पिता को सामने देखा, फिर जान बचाकर भागा बेटा
अनिल के लिए वह कुछ सेकंड शायद जिंदगी भर नहीं भूलने वाला पल बन गया. उसके पिता पूजा कराने के लिए घर के अंदर मौजूद थे और अचानक वहां फायरिंग शुरू हो गई. अनिल के मुताबिक, जैसे ही अरविंद ने फायरिंग शुरू की, वह वहां से भाग निकला. उसने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसके पिता अंदर ही रह गए. इसी घटना में उसके पिता समेत दो पंडितों और अरविंद की पत्नी की मौत की सूचना है.
गोलियां चलने के बाद घर में मची अफरा-तफरी
फायरिंग होते ही पूजा कराने आए दूसरे लोग वहां से भाग निकले. कुछ ही देर में गांव में खबर फैल गई कि घर के अंदर कई लोगों को गोली मार दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. घटना के बाद अरविंद अपने बच्चों के साथ घर के अंदर ही बंद हो गया. पुलिस ने चारों तरफ से घर को घेर रखा है. मौके पर डीआईजी, एसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है.
पुलिस अधिकारी आरोपी से बातचीत कर रहे हैं, ताकि उसे बाहर ला सके. एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी और दो अन्य लोगों की हत्या की है और इसके बाद बच्चों के साथ घर के अंदर बंद है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
भाई की हत्या के बाद शुरू हुई थी पूजा की बात
इस घटना के पीछे की कहानी करीब दो साल पुरानी बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि अरविंद के भाई गुड्डू सिंह की करीब दो साल पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद परिवार में भाई की आत्मा की शांति के लिए नारायणी बली पूजा कराने की बात चली. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, अरविंद इस पूजा के खिलाफ था. उसका पत्नी और मां से इसे लेकर विरोध भी हुआ था. इसके बावजूद परिवार ने पूजा रखी. दो दिन से घर में पूजा चल रही थी. मंगलवार शाम अरविंद के घर लौटने के बाद विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला तीन लोगों की मौत तक पहुंच गया. घटना अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव की है.